Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मानव अधिकारों के संरक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – प्रियंक कानूनगो राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य ने मंडला में की विभागवार समीक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय कल्याण और सामाजिक न्याय योजनाओं की प्रगति परखी

मंडला, 29 मई 2026

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो ने शुक्रवार को जिला योजना भवन, मंडला में विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर मानव अधिकारों से जुड़ी योजनाओं एवं कानूनों के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानव अधिकारों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

श्री कानूनगो ने कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा शासन-प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आयोग द्वारा मांगी गई जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय एवं राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं और दिव्यांग कल्याण की समीक्षा

 

बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोग सदस्य ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विभिन्न विषयवार बिंदुओं पर जिले से अद्यतन जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही नवजात शिशुओं के उपचार हेतु संचालित एनआरसी एवं न्यूबॉर्न केयर यूनिट की बेड ऑक्युपेंसी की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

पॉक्सो प्रकरणों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 

महिला एवं बाल विकास तथा बाल संरक्षण से जुड़े विषयों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में पॉक्सो एक्ट के 68 प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं। पीड़ित बच्चों को कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए 43 सपोर्ट पर्सन इम्पैनल किए गए हैं।श्री कानूनगो ने पॉक्सो तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े प्रकरणों की पृथक समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

शिक्षा में बढ़े नामांकन, सभी पात्र बच्चों को मिले छात्रवृत्ति

 

शिक्षा विभाग की समीक्षा में समग्र शिक्षा के अंतर्गत सत्र 2026-27 के विद्यालयी नामांकन की जानकारी प्रस्तुत की गई। आयोग सदस्य ने आठवीं से नौवीं, नौवीं से दसवीं तथा दसवीं से उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं में संक्रमण दर बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।उन्होंने निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सभी पात्र विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाए। आधार कार्ड संबंधी लंबित मामलों को नियमानुसार यूआईडीएआई को भेजने तथा आश्रम शालाओं एवं विद्यालयों को दिए जाने वाले अनुदानों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

जनजातीय कल्याण और सामाजिक न्याय योजनाओं की समीक्षा

 

बैठक में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा आदिवासी कल्याण योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत की गई। वहीं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूहों एवं आजीविका गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत राहत प्रकरणों की स्थिति पर चर्चा करते हुए श्री कानूनगो ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राहत और सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

स्थानीय युवाओं को मिले अधिक अप्रेन्टिसशिप अवसर

 

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की समीक्षा के दौरान श्री कानूनगो ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप के अधिक अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का सर्वे कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही अधिक अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत मछली पालन, राजमिस्त्री, बढ़ई सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनजातीय क्षेत्रों में चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी

 

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान आयोग सदस्य ने कहा कि जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इन क्षेत्रों की बड़ी आबादी शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर रहती है। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि पिछले दो वर्षों में बॉन्ड अवधि के दौरान सेवा छोड़ने वाले एमबीबीएस एवं एमडी चिकित्सकों की जानकारी शासन को भेजी जाए ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। आरबीएसके कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने जुवेनाइल डायबिटीज की स्क्रीनिंग को भी प्राथमिकता से शामिल करने के निर्देश दिए।

विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

 

बैठक में यूडीआईडी कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, दिव्यांग पुनर्वास योजना, दिव्यांग कौशल विकास योजना, वायुश्री योजना, आदर्श बालगृह, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन, मुख्यमंत्री कोविड-19 योजना, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, खेलो इंडिया तथा मानव दुर्व्यापार रोकथाम से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। निरामय योजना की समीक्षा के दौरान श्री कानूनगो ने सामाजिक न्याय विभाग को इसमें तेजी लाने और अधिक प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

उपार्जन केन्द्रों से प्रदाय धान के सत्यापन हेतु जाँच दल गठित

Reva India News

बायपास निर्माण संबंधी जनसुनवाई 24 एवं 25 को  

Reva India News

नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न गांधी जी के पुण्य तिथि पर गांधी जी के सपनों को साकार करने का लिया संकल्प

Reva India News

Leave a Comment