Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मंडला पुलिस ने शुरू किया ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान साइबर ठगी से बचाव के लिए जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान, रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर हुआ शुभारंभ

मंडला, 24 जून 2026

बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडला पुलिस ने “सेफ क्लिक साइबर जागरूकता अभियान-2026” का शुभारंभ किया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ महारानी वीरांगना रानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर रपटा घाट स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके द्वारा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त टैबलेट विभिन्न थानों में पदस्थ विवेचकों को वितरित किए गए। इसके पश्चात मंत्री, सांसद, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से ‘सेफ क्लिक’ साइबर जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के संबंध में जागरूक किया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य रुको, सोचो, फिर कार्रवाई करो रखा गया है। इसके माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों जैसे फर्जी केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं लोन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर कॉल, यूपीआई कलेक्ट रिक्वेस्ट, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया फ्रॉड और संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेशों को माइक्रोबीट स्तर तक पहुंचाया जाए तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे साइबर अपराधों के तरीकों के बारे में लोगों को विशेष रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने बिछिया एवं निवास क्षेत्र में सरकारी योजनाओं, डिलीवरी भुगतान और फर्जी क्रेडिट मैसेज के नाम पर हो रही ठगी के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के अंतर्गत नैनपुर, मोहगांव, घुघरी, पिंडरई, हिरदेनगर, अंजनिया सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों, महिलाओं, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के उपायों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

मंडला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के माध्यम से मंडला पुलिस डिजिटल सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने और प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सुरक्षित बनाने का प्रयास कर रही है।

Related posts

मोचा के सेलिब्रेशन होटल से शराब जप्त

Reva India News

मनरेगा एवं पंचायती राज से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए लगाएं विशेष शिविर सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दिए निर्देश

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़

Reva India News

Leave a Comment