Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

महान वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान राष्ट्र गौरव और नारी शक्ति का अमर प्रतीक: मंत्री श्रीमती संपतिया उइके बलिदान दिवस पर रेवांचल पार्क में मंत्री एवं सांसद ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

मंडला, 24 जून 2026

महान वीरांगना एवं गोंडवाना साम्राज्य की गौरवशाली शासिका रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर बुधवार को मंडला स्थित रेवांचल पार्क में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अद्वितीय शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और संघर्षशीलता की अद्वितीय मिसाल है। उन्होंने मातृभूमि, संस्कृति और गोंडवाना की अस्मिता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देकर इतिहास में अमर स्थान प्राप्त किया। उनका जीवन आज भी महिलाओं को आत्मसम्मान, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। 24 जून 1564 का वह दिन इतिहास में दर्ज है जब वीरांगना रानी दुर्गावती ने भारतीय नारी के स्वाभिमान को बचाने और मुगल आक्रांताओं के सामने आत्म समर्पण के स्थान पर वीरगति को चुना। भारत माँ की यह पुण्य भूमि ऐसी वीरांगनाओं की वीर गाथा की साक्षी है। आज हमें उनके बलिदान से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

श्रीमती उइके ने कहा कि रानी दुर्गावती केवल एक वीर योद्धा ही नहीं थीं, बल्कि दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी शासक भी थीं। उनका त्याग, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित रहने का संदेश देती रहेगी।

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने उद्बोधन में कहा कि रानी दुर्गावती का बलिदान भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने अपने अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता से न केवल अपने राज्य की रक्षा की, बल्कि सुशासन, जनकल्याण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी अनुकरणीय कार्य किए। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने भी वीरांगना रानी दुर्गावती के अदम्य साहस एवं शौर्य की गाथा का उल्लेख किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा, सरपंच टिकरवारा श्रीमती श्रद्धा कवरेती, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय एवं आभार प्रदर्शन सीएमओ श्री गजानन नाफड़े द्वारा किया गया।

 

 

 

 

Related posts

कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की अन्तिम सूची जारी

Reva India News

मण्डला गॉट टैलेंट के ऑडिशन सम्पन्न सिंगिंग में 26 व डांसिंग में 15 प्रतिभागी अगले राउंड के लिए चयनित

Reva India News

समर्थन मूल्य पर गेहूं का विक्रय करने के लिये किसान पंजीयन 7 मार्च तक

Reva India News

Leave a Comment