Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सांदीपनि विद्यालय में गरिमामय गुरुपूर्णिमा पखवाड़ा: मेधावी विधार्थियों और शिक्षकों का सम्मान शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी: प्रभारी मंत्री जायसवाल ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र सांदीपनि विद्यालय में नृत्य प्रस्तुति पर मंत्रियों ने 11-11 हजार का पुरस्कार किया घोषित

मंडला, 17 जुलाई 2026

मण्डला के सांदीपनि विद्यालय, ग्राम सागर में गुरुपूर्णिमा पखवाड़ा के अवसर पर गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल थे। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके एवं क्षेत्रीय सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया।

शिक्षा के साथ संस्कार भी हैं जरूरी: प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल

 

प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और डॉक्टर, कलेक्टर, एसपी जैसे उच्च पदों पर पहुँचकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनना भी बेहद जरूरी है। हमें सदैव माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक ही बच्चों के सुनहरे भविष्य का निर्माण करते हैं। साथ ही उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से आगामी परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम लाने का आह्वान किया।

सरकारी योजनाओं का मिल रहा सीधा लाभ

 

श्री जायसवाल ने बताया कि शासन द्वारा छात्र हित में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जुलाई माह के भीतर ही कक्षा पहली से 12वीं तक के सभी बच्चों को पुस्तकों का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित किया गया है। कक्षा पहली से 8वीं तक के बच्चों को मध्यान्ह भोजन, साइकिल और यूनिफॉर्म जैसी आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में आया है क्रांतिकारी बदलाव: सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते

 

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। जिले के एकलव्य और केंद्रीय विद्यालयों में अब सीबीएसई पाठ्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। बच्चों के कौशल विकास के लिए विद्यालयों में व्यावसायिक कोर्स भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम और निवास विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में समस्त उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

 

बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों में हिंदी के श्री सुरेंद्र दुबे, सामाजिक विज्ञान की श्रीमती श्वेता तिवारी, गणित के श्री संजय तिवारी, हिंदी के श्री बेनी प्रसाद मरावी, फसल उत्पादन व पशुपालन की श्रीमती माया डेहरिया एवं जीव विज्ञान की श्रीमती पूर्णिमा पटेल शामिल रहे।

मेधावी विद्यार्थियों में 10वीं के धर्मेंद्र कछवाहा, देवांशु साहू, संध्या मरावी तथा 12वीं के अमित मर्सकोले, जागृति परवार और रूपाली राजपूत सम्मानित हुए।

बच्चों के लिए पुरस्कार की घोषणा

 

छात्राओं की सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके और प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने 11-11 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा में स्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थी को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इनकी रही उपस्थिति

 

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश टेकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेश मिश्रा, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related posts

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अभिसरण समिति की बैठक 9 को

Reva India News

आर्थिक सहायता स्वीकृत  

Reva India News

हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास एवं जुर्माना

Reva India News

Leave a Comment