Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 19 जुलाई 2026

छात्राओं ने रंगोली, चित्रकला और ड्राइंग प्रतियोगिता के माध्यम से दिया नशे के खिलाफ संदेश

 

मंडला, 19 जुलाई 2026

नशा से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति भारत अभियान 2.0 के तहत शनिवार को जनपद पंचायत मोहगांव की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में एक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा रंगोली, चित्रकला एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शाला की प्राचार्या, शिक्षकगण, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री सतीश बैगा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि नशा मुक्ति भारत अभियान 2.0 के तहत जिले में निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

 

 

 

 

 

19 जुलाई को जिले में 15.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज

 

मंडला, 19 जुलाई 2026

जिले में 19 जुलाई को 15.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष 1 जून से 19 जुलाई 2026 तक जिले में कुल 308.9 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 958.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी।

तहसीलवार वर्षा की बात करें तो निवास में सर्वाधिक 26.2 मिमी, घुघरी में 25.1 मिमी, बिछिया में 21.5 मिमी, मंडला में 12.0 मिमी, नारायणगंज में 8.2 मिमी तथा नैनपुर में 2.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

प्रगतिशील वर्षा के अनुसार मंडला तहसील में 418.4 मिमी, घुघरी में 364.6 मिमी, बिछिया में 351.6 मिमी, नैनपुर में 323.6 मिमी, निवास में 220.8 मिमी तथा नारायणगंज में 141.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 1326.2 मिमी तथा मंडला मुख्यालय तहसील की सामान्य औसत वर्षा 1442.6 मिमी निर्धारित है।

 

 

 

 

 

 

 

बरसात में रहें सतर्क, संक्रामक और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव जरूरी

 

मंडला, 19 जुलाई 2026

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने जिलेवासियों के लिए बरसात के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में जलजनित एवं मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी अपनाकर दस्त, उल्टी, डायरिया, पेचिश, पीलिया, टायफाइड, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और फायलेरिया जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है।

सीएमएचओ ने लोगों से केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, ताजा भोजन खाने तथा बासी भोजन, सड़ी-गली सब्जियां और फल खाने से बचने की अपील की है। भोजन बनाने और खाने से पहले तथा शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि उल्टी-दस्त जैसी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें। गांवों में आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से ओआरएस, जिंक सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध हैं।

मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए घर और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और पानी की टंकियों को सप्ताह में एक बार खाली करें, पुराने टायर एवं कबाड़ को ढंक्कर रखें तथा मच्छरदानी, रिपेलेंट और पूरी बांह के कपड़ों का उपयोग करें। तेज बुखार आने पर तुरंत रक्त जांच कराकर उपचार शुरू कराएं।

सीएमएचओ ने कहा कि बरसात के दौरान शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। पानी और गंदगी के कारण दस्त, कृमि संक्रमण, त्वचा एवं आंखों के रोग तथा मच्छरों और मक्खियों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए सभी नागरिक स्वच्छता अपनाएं और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

मक्के हाई स्कूल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

मंडला, 19 जुलाई 2026

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर द्वारा एकीकृत शासकीय हाई स्कूल मक्के, तहसील नैनपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्र-छात्राओं को जेंडर संवेदीकरण की जानकारी देते हुए लड़का-लड़की में भेदभाव न करने का संदेश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य प्रबंधन, बाल विवाह की रोकथाम, बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं दंड की जानकारी भी साझा की। साथ ही वन स्टॉप सेंटर और हब के माध्यम से उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 तथा पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा सहित अन्य उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

विशेष लोक अदालत में 22 प्रकरणों का हुआ समझौते से निराकरण

 

मंडला, 19 जुलाई 2026

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के मार्गदर्शन में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला श्री कमल जोशी के निर्देशन में शनिवार को जिला न्यायालय मंडला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास तथा बिछिया में धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 के प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया।

विशेष लोक अदालत में कुल 22 प्रकरणों का आपसी सहमति से समझौते के माध्यम से निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में 52 लाख 3 हजार 48 रुपये की समझौता राशि पर आदेश पारित किए गए। प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए जिला न्यायालय मंडला सहित तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास एवं बिछिया में सत्र एवं मजिस्ट्रेट न्यायालयों की अलग-अलग खंडपीठों का गठन किया गया।

Related posts

वाहनों की हुई चैकिंग, 12 हजार से अधिक का जुर्माना

Reva India News

कार्यकर्ता एवं सहायिका की अनन्तिम सूची जारी

Reva India News

प्रतिबंधित अवधि में विभागीय दल द्वारा जप्ती की कार्यवाही

Reva India News

Leave a Comment