अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस: मण्डला को मिली 29.35 करोड़ के नवीन औद्योगिक क्षेत्र मोहनिया पटपरा की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया वर्चुअल भूमि पूजन, मण्डला के उद्यमियों से की सीधी बात
मंडला, 28 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के गरिमामयी अवसर पर शनिवार को भोपाल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन एवं सीधा प्रसारण एन.आई.सी. मण्डला में किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मण्डला जिले के नवीन औद्योगिक क्षेत्र मोहनिया पटपरा (क्षेत्रफल 27.02 हेक्टेयर, अनुमानित लागत 29.35 करोड़ का वर्चुअल भूमि पूजन कर जिले को एक बड़ी सौगात दी गई।
मण्डला जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने की इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने मण्डला के सफल उद्यमियों से किया ऑनलाइन संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मण्डला जिले के सफल उद्यमियों और हितग्राहियों से सीधा ऑनलाइन संवाद कर उनके उद्यमों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जिसमें जिला अध्यक्ष लघु उद्योग भारती श्री अनिल वीरानी, उपाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती एवं ओडीओपी इकाई संचालक श्री सुरेंद्र पमनानी, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2025 के लाभार्थी श्री अंकित अग्रवाल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की हितग्राही श्रीमती आरती भांडे और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राही श्री निकेत सराफ से चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एन.आई.सी. मण्डला में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत मीना, एसडीएम, मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री दिनेश कुमार मर्सकोले, सहायक संचालक श्री बलराम यादव, एल.यू.एन. श्री विकास सिंह सहित उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय उद्योगपति उपस्थित थे। इस नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से मण्डला जिले में स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
कलेक्टर के तत्काल संज्ञान पर कार्रवाई: अवैध कॉलोनी के नामांतरण में तथ्य छिपाने पर पटवारी निलंबित
मंडला, 28 जून 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने नैनपुर अनुभाग के अवैध कॉलोनी नामांतरण प्रकरण को तत्काल संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर को जांच कर समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच में अवैध कॉलोनाइजिंग का तथ्य छिपाकर भ्रामक प्रतिवेदन देने का मामला सामने आने पर तत्कालीन पटवारी श्री अनिल तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जाँच में यह तथ्य उजागर हुआ कि ग्राम नैनपुर, पटवारी हल्का क्रमांक 17/33 स्थित भूमि के नामांतरण के समय श्री अनिल तिवारी द्वारा यह उल्लेख नहीं किया गया कि उक्त भूमि पर अवैध कॉलोनाइजिंग एवं अवैध प्लॉटिंग की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। जबकि तहसीलदार नैनपुर के जांच प्रतिवेदन एवं उपलब्ध अभिलेखों से स्पष्ट था कि उक्त भूमि पर अवैध कॉलोनाइजिंग का प्रकरण अपर कलेक्टर न्यायालय में विचाराधीन था।
अवैध कॉलोनाइजिंग की जानकारी होने के बावजूद नामांतरण की कार्यवाही में सकारात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के अंतर्गत उक्त कार्रवाई की गई।
छात्रों ने ली नशा मुक्ति की शपथ, रैली निकालकर समाज को किया जागरूक
मंडला, 28 जून 2026
नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला में प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं हरित कोर क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्रा रिया और पलक ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रभावी वक्तव्य प्रस्तुत किए। वरिष्ठ व्याख्याता रीता पाठक ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक श्री अखिलेश उपाध्याय ने कहा कि नशा ही नाश की जड़ है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित होने का आह्वान किया। एनएसएस प्रभारी श्री प्रवीण अग्रवाल ने विद्यार्थियों को बोतल तोड़ो, नशा छोड़ो का प्रेरक नारा देते हुए जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ दिलाई।
इसके उपरांत एनएसएस इकाई एवं हरित कोर क्लब के नेतृत्व में विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशाल नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने का संदेश दिया।
आकस्मिक निरीक्षण में विद्यार्थियों की उपस्थिति और अपार आईडी पर जोर
मंडला, 28 जून 2026
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े द्वारा जिले के नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय बिछिया, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बिछिया तथा शासकीय हाई स्कूल खड़देवरा का 27 जून को आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्राचार्यों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विद्यार्थियों का नामांकन ’’यू-डाइस पोर्टल’’ एवं ’’शिक्षा पोर्टल 3.0’’ पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा गया।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों की 30 जून तक शत-प्रतिशत अपार आईडी जनरेट कराने के निर्देश दिए, ताकि शासन की डिजिटल शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में आवश्यक अभिलेखों एवं शैक्षणिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन बच्चों को पिलाई गई पोलियो की दवा
मंडला, 28 जून 2026
जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बताया कि 28 से 30 जून तक संचालित होने वाले इस अभियान के दौरान जिले के सभी 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वाय.के. झारिया ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 1,10,615 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,289 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 995 बूथ टीमें, 67 ट्रांजिट बूथ, 36 मोबाइल टीमें तथा 191 सुपरवाइजर शामिल हैं। सभी टीमों को अभियान के सफल संचालन के लिए तैनात किया गया है।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वाय.के. झारिया, शहरी नोडल अधिकारी डॉ. डी.के. मरकाम, प्रभारी जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार परते, जिला अस्पताल से डॉ. सूरज मरावी, शहरी क्षेत्र मंडला से श्रीमती सपना साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
