Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 29 जून 2026

टीएल पत्रों का 7 दिन में निराकरण करें, सीएम हेल्पलाइन पर फोकस बढ़ाएं- प्रभारी कलेक्टर

 

मंडला, 29 जून 2026

जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि टीएल पत्रों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में समुचित निराकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि टीएल के प्रकरणों में 7 दिवस के भीतर कार्रवाई पूरी कर उन्हें प्राथमिकता से क्लोज किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपनी विभागीय प्रगति का नियमित रिव्यू करें। दैनिक आधार पर लक्ष्य तय कर गति बढ़ाएं ताकि विभागीय रैंकिंग में सुधार हो। उन्होंने 50 दिवस और 100 दिवस से लंबित प्रकरणों को भी साथ-साथ निराकृत करने के निर्देश दिए।

जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा में उन्होंने बताया कि मंगलवार को अभियान का समापन है। सभी संबंधित अधिकारी कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित करें। बरसात में संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। पीएचई की टीमों से जल स्रोतों का क्लोरिनेशन कराने को कहा। प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिन विभागों में समितियां गठित होनी हैं, उन्हें कल तक समिति बनाकर जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

श्रम योगी मानधन योजना की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने समन्वित कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य पूर्ण करने को कहा। सामान्य से कम वर्षा की आशंका के चलते 2 जुलाई को होने वाली ग्राम सभाओं में किसानों को कम पानी वाली फसलें अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पाण्डुलिपि मिशन, अपार आईडी, युवा संगम मेला, शासकीय भवनों में सोलर पैनल, पोषण वाटिका, उपार्जन उपरांत उठाव व भुगतान, नालियों की सफाई, 15 अगस्त की स्पीच संबंधी जानकारी भोपाल प्रेषण सहित अन्य विषयों की विस्तार से समीक्षा हुई।  बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री संस्कार बावरिया, समस्त एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

 

मंडला, 29 जून 2026

प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री बिमलेश गुप्ता ने समिति की पिछली बैठक के एजेंडा अनुसार दिए गए टास्क का प्रस्तुतिकरण किया। प्रधानमंत्री राहत योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी एक माह में मुख्यालय के कम से कम निजी चिकित्सालय के इस योजना से संबद्ध करें। प्रशासन के साथ-साथ पुलिस का भी एक मोबाईल नंबर पोर्टल पर रजिस्टर कराएं जिससे समय पर पुलिस को भी प्रकरण की सूचना समय पर प्राप्त हो सके।

हिट एण्ड रन के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर श्री राठौर ने कहा कि यह संवेदनशील विषय है। इससे संबंधित प्रकरण विशेष परिस्थितियों को छोड़कर दो सप्ताह में निराकृत किए जाने चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्व से लंबित सभी प्रकरण आगामी एक सप्ताह में प्रस्तुत करें। हाईवे सहित विभिन्न सड़कों की क्षतिग्रस्त पुलियों के संबंध में प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि आवश्यकतानुसार इन्हें दुरूस्त कराएं। बैठक में  अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ एवं संस्कार बावरिया समस्त एसडीएम तथा समिति के सदस्य, जिला अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

वन अधिकार दावों के शत-प्रतिशत निराकरण के लिए 1 जुलाई से चलेगा विशेष अभियान

31 अक्टूबर 2026 तक लंबित, नवीन एवं सामुदायिक वन संसाधन दावों का चरणबद्ध एवं समयबद्ध निराकरण किया जाएगा

 

मंडला, 29 जून 2026

जनजातीय कार्य विभाग के निर्देशानुसार वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत लंबित, नवीन तथा सामुदायिक वन संसाधन से संबंधित दावों के शत-प्रतिशत निराकरण के लिए जिले में 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला वन अधिकार समिति के अध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार अभियान के दौरान व्यक्तिगत वन अधिकार, सामुदायिक वन अधिकार  तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन से जुड़े सभी लंबित एवं नवीन दावों का पुनः परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। अभियान को चरणबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से संचालित करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों के दावों का शत-प्रतिशत निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में कहा गया है कि आवश्यकता पड़ने पर ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। दावेदारों को पूर्व सूचना देकर उपस्थित कराया जाएगा तथा ग्रामीणों से चर्चा एवं आवश्यक जांच के बाद नियमानुसार प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। अभियान की संपूर्ण प्रगति की निगरानी MPFRA पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों की समय पर प्रविष्टि एवं प्रगति रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभियान की साप्ताहिक एवं मासिक समीक्षा भी की जाएगी, ताकि निर्धारित समय-सीमा में सभी दावों का निराकरण सुनिश्चित हो सके। इस विशेष अभियान का उद्देश्य वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उनके अधिकार समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना तथा लंबित प्रकरणों का प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से निराकरण करना है।

 

 

 

 

 

 

 

राष्ट्रनिर्माण के साथ सामाजिक दायित्व का उदाहरण बने शिक्षक अखिलेश उपाध्याय

स्वयं के व्यय से बैगा जनजाति छात्रावास की बालिकाओं को वितरित की अध्ययन एवं दैनिक उपयोगी सामग्री, दिया करियर मार्गदर्शन

 

मंडला, 29 जून 2026

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला (अंग्रेजी माध्यम) के शिक्षक श्री अखिलेश उपाध्याय ने शिक्षक होने के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने जनसहयोग से संचालित विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति छात्रावास की 55 छात्राओं को अपने स्वयं के व्यय से अध्ययन एवं दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की।

इस अवसर पर छात्राओं को पेन, कॉपियां, पेंसिल किट, कॉफी मग, घड़ियां तथा वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए छाते प्रदान किए गए। यह पहल उनके एकल सामाजिक प्रकल्प ’’प्रयास’’ के अंतर्गत की गई, जिसके माध्यम से वे लगातार जरूरतमंद विद्यार्थियों के शैक्षणिक संवर्धन और करियर मार्गदर्शन के लिए कार्य कर रहे हैं। पिछले वर्षों में भी उन्होंने अनेक जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा में सहयोग किया है।

कार्यक्रम के दौरान श्री अखिलेश उपाध्याय ने छात्राओं को करियर मार्गदर्शन देते हुए उनके प्रश्नों का समाधान किया और उन्हें जीवन में निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति की बेटियां कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में उन्हें सामाजिक सहयोग के साथ-साथ एक अच्छे मार्गदर्शक की भी आवश्यकता है।

उन्होंने छात्राओं से अपनी जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने का आह्वान करते हुए कहा कि अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़े रहना ही वास्तविक पहचान है। समाज की मुख्यधारा से जुड़ते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।

छात्राओं से संवाद के बाद श्री अखिलेश उपाध्याय ने संकल्प लिया कि वे इस शैक्षणिक सत्र में बैगा जनजाति छात्राओं को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क अध्यापन एवं मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे। अध्ययन सामग्री प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इस सहयोग के लिए शिक्षक का आभार व्यक्त किया। छात्रावास प्रबंधन ने श्री अखिलेश उपाध्याय के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर बैगा जनजाति छात्रावास की वार्डन श्रीमती शीतल विश्वकर्मा, श्री ताराचंद पटेल सहित छात्रावास प्रबंधन एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

30 जून को जल गंगा संवर्धन अभियान का होगा समापन, ग्राम पंचायतों में होंगे विशेष कार्यक्रम

 

मंडला, 29 जून 2026

जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के समापन अवसर पर 25 जून से 30 जून 2026 तक सभी ग्राम पंचायतों में विविध जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला कार्यक्रम समन्वयक, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, जिला पंचायत मंडला द्वारा संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर अभियान के दौरान किए गए जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों, उपलब्धियों तथा लाभान्वित परिवारों का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत निर्मित जल संरचनाओं, जनसहभागिता आधारित गतिविधियों एवं प्रमुख उपलब्धियों पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

समापन कार्यक्रमों में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों एवं सामुदायिक संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही निर्मित जल संरचनाओं का हितग्राहियों को हस्तांतरण, जल संरक्षण विषयक सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत, नाटक एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान वर्षा जल संचयन, भू-जल संवर्धन एवं आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत किए गए पौधरोपण एवं गैप-फिलिंग कार्यों की समीक्षा कर आगामी वर्ष के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

जिला पंचायत ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि समापन कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रतिदिन की गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान की सफलता को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Related posts

महिलाओं के सपनों को नई उड़ान देगा विकसित भारत बजट….. .भाजपा कार्यालय में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

10 जून को लगाए गए 701 कोविड टीके

Reva India News

20 फरवरी को मनाया जाएगा विश्व सामाजिक न्याय दिवस

Reva India News

Leave a Comment