Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर में गठित हुई बाल कैबिनेट, छात्राओं ने सीखा लोकतंत्र का व्यवहारिक पाठ

मंडला, 20 जुलाई 2026

माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, चटुआमार में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत बाल कैबिनेट का गठन किया गया। इस अभिनव आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया एवं प्रशासनिक उत्तरदायित्वों से व्यवहारिक रूप से परिचित कराना था। संस्थान में बाल कैबिनेट गठन से पूर्व दो दिवसीय कार्यशाला एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को कैबिनेट की संरचना, विभिन्न मंत्रालयों की जिम्मेदारियों तथा निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन एवं निगरानी श्रीमती भावना कछवाहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। प्राचार्य श्रीमती जागृति श्रीवास्तव के निर्देशन में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

निर्वाचन के प्रथम चरण में विभिन्न मंत्रालयों के लिए छात्राओं द्वारा उत्साहपूर्वक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके बाद प्रत्याशियों ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर मतदाताओं के बीच जनसंपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की। विद्यालय परिसर में आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किया गया, जहां छात्राओं ने पूर्ण अनुशासन एवं गोपनीयता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

प्राचार्य श्रीमती श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, उत्तरदायित्व की भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करते हैं। साथ ही यह गतिविधि छात्राओं के जीवन कौशल और नागरिक बोध के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद नवगठित बाल कैबिनेट के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा उन्हें अपने दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन एवं पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

निर्वाचित बाल कैबिनेट

 

बाल प्रधानमंत्री – नंदिनी कुर्राम (कक्षा 12वीं)

उप-प्रधानमंत्री – सीता दहिया (कक्षा 11वीं)

शिक्षा एवं अनुशासन मंत्री – हेविना धुर्वे (कक्षा 12वीं)

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री – अंजली उइके (कक्षा 12वीं)

जल एवं कृषि मंत्री – रागिनी मरावी (कक्षा 12वीं)

खेल एवं सांस्कृतिक मंत्री – आयुषी पदम (कक्षा 12वीं)

पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री – प्रिया मरावी (कक्षा 12वीं)

आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण मंत्री – हिमानी धुर्वे (कक्षा 12वीं)

Related posts

खण्ड स्तरीय दिव्यांग छात्र प्रतियोगिता का आयोजन –

Reva India News

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी पर मंगलकामनाएं

Reva India News

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Reva India News

Leave a Comment