Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, कमी मिलने पर दोबारा कराना होगा निर्माण कार्य – कलेक्टर कलेक्टर ने निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक में दिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

मंडला, 9 अक्टूबर 2026

कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित विभिन्न निर्माण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले में जारी सड़क निर्माण कार्यों एवं विभिन्न शासकीय भवनों के निर्माण की बिंदुवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित कार्य को तोड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने के लिए कहा।

बैठक में घुघरी में विश्रामगृह निर्माण तथा पॉलिटेक्निक कॉलेज में ऑडिटोरियम निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री धोटे ने सांदीपनि स्कूल के निर्माण कार्य सहित हेड ऑफर से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 8 अक्टूबर 2023

Reva India News

झूला पुल से हुई कनेक्टिविटी, रेत वाहनों ने उड़ाई लोगों की नींद

Reva India News

मिलावट की पहचान व जांच करने के प्राथमिक उपाय बताए

Reva India News

Leave a Comment