*“सेवा मेरा योगदान” अभियान के अंतर्गत जिला योजना भवन में आयोजित हुआ सम्मान समारोह*

मंडला। पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में *आज दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को मध्यप्रदेश शासन के “सेवा संकल्प अभियान–2026” के अंतर्गत संचालित “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत जिला योजना भवन, मंडला में सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के सम्मान हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।*
कार्यक्रम में *जिला प्रशासन, पुलिस एवं होमगार्ड विभाग के अधिकारियों द्वारा मंडला जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान* किया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा एवं सुरक्षा में सैनिकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

*देश के दुर्गम एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में मंडला के सैनिकों ने दी सेवाएं–*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला श्री शिव कुमार वर्मा ने कहा कि मंडला जिले के सैनिकों ने देश के विभिन्न हिस्सों एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देकर राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने श्रीलंका में भारतीय शांति सेना के अंतर्गत सेवाओं के साथ ही श्रीनगर, पूर्वोत्तर भारत तथा राजस्थान के जोधपुर-जैसलमेर जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों द्वारा निभाए गए दायित्वों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि सैनिकों का त्याग, अनुशासन, साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
उन्होंने आश्वस्त किया कि *सैनिकों एवं उनके परिवारों को किसी भी प्रकार की समस्या या कठिनाई होने पर पुलिस एवं जिला प्रशासन उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।*

कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक एवं जिला पूर्व सैनिक कल्याण संयोजक श्री जगदीश पटेल (सेवानिवृत्त) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं मंडला पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मान समारोह में एडीएम सोनल सिदाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला श्री शिव कुमार वर्मा, होमगार्ड कमांडेंट श्री नरेश साहू, डिप्टी कलेक्टर सचिन जैन , रक्षित निरीक्षक श्री सुनील नागवंशी, कंपनी कमांडर श्री प्रभात तिवारी, श्री हेमराज परस्ते तथा जिला पूर्व सैनिक कल्याण संयोजक श्री जगदीश पटेल (सेवानिवृत्त) सहित प्रशासन, पुलिस एवं होमगार्ड विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंडला जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने सहभागिता की।
