मंडला, 10 अक्टूबर 2026
खरीफ फसल कटाई के दौरान खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा राज्य स्तरीय नरवाई प्रबंधन योजना की समीक्षा के लिए 14 अक्टूबर 2026 को उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव करेंगे।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बैठक अपराह्न 4 बजे मंत्रालय स्थित मुख्य सचिव के प्रतिकक्ष में आयोजित होगी। इसमें नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा नरवाई प्रबंधन के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के समस्त संभागायुक्त, जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक तथा मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी एवं मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त कृषि उत्पादन आयुक्त, गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व तथा ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिव, पुलिस महानिदेशक और किसान कल्याण तथा कृषि विकास एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संचालक भी बैठक में सहभागिता करेंगे। बैठक में नरवाई प्रबंधन के लिए विभागीय समन्वय और प्रभावी उपायों पर चर्चा की जाएगी।
