मंडला, 16 अक्टूबर 2026
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय हितग्राहियों की आजीविका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र हितग्राही अपने आवेदन कार्यालय सहायक संचालक, मत्स्योद्योग, जिला मण्डला में जमा कर सकते हैं।
योजना के तहत स्वयं की भूमि पर तालाब निर्माण, पॉण्ड बायोफ्लॉक प्रणाली की स्थापना, पुनः परिसंचरण जलीय कृषि प्रणाली (आरएएस), दोपहिया एवं तिपहिया वाहनों की व्यवस्था तथा मत्स्य बीज संचयन जैसी गतिविधियों के लिए अनुदान का प्रावधान किया गया है।
इस योजना का लाभ मण्डला जिले के चयनित 716 ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र हितग्राही, स्वयं सहायता समूह, मछुआ समूह एवं मछुआ सहकारी समितियां निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार प्राप्त कर सकते हैं। व्यक्तिगत गतिविधियों के लिए शासन द्वारा निर्धारित इकाई लागत का 90 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जबकि पात्र सामुदायिक गतिविधियों के लिए 100 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है।
सामुदायिक गतिविधियों के अंतर्गत वन अधिकार अधिनियम के तहत व्यक्तिगत वन अधिकार अथवा सामुदायिक वन अधिकार पट्टा धारक ही आवेदन के लिए पात्र होंगे। पात्र हितग्राही योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यालय सहायक संचालक, मत्स्योद्योग, जिला मण्डला में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
