मंडला, 23 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निवास में नगरीय क्षेत्र की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कम वजन वाले बच्चों की पहचान एवं चिन्हांकन की समीक्षा की गई। इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर अमगांव एवं पिपरिया की सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विभागीय कार्यों में गंभीरता बरतने तथा पात्र बच्चों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से हर सप्ताह फील्ड विजिट करें एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करें।

बैठक में आजीविका संवर्धन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से लगभग 600 महिलाओं को मशरूम उत्पादन कार्य के लिए चिह्नित किया गया है। उत्पादित मशरूम को जबलपुर में विक्रय करने की योजना है, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सकेगी और उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं वीबी-जी राम जी से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में निवास क्षेत्र के सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम श्री सीएल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
