मंडला, 23 अक्टूबर 2026
जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निवास क्षेत्र के विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक शाला गज्जूदेवरी, आंगनवाड़ी केंद्र गज्जूदेवरी, कस्तूरबा गांधी रमसा छात्रावास निवास तथा आमाडोंगरी पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शैक्षणिक गतिविधियों, बच्चों की उपस्थिति, शाला परिसर की साफ-सफाई एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को मिलने वाली पोषण सुविधाओं, केंद्र की व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक देखभाल पर विशेष ध्यान देने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी रमसा छात्रावास निवास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था एवं छात्राओं की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री धोटे ने आमाडोंगरी स्थित पीडीएस दुकान का निरीक्षण कर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर राशन उपलब्ध कराने, खाद्यान्न के स्टॉक एवं वितरण संबंधी अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री धोटे ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाना सुनिश्चित करें। जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान एसडीएम श्री सीएल वर्मा, डीईओ श्रीमती मुन्नी वरकड़े, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

