मंडला, 23 अक्टूबर 2026
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण को लेकर कलेक्टर कार्यालय के गोलमेज कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सोनल सिडाम एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में आम आदमी पार्टी से श्री पंकज सोनी, श्री शिशु सिंधु भल्लावी, बसपा से श्री रामकुमार हरदहा, एड. राकेश चौधरी, भाजपा से श्री रोचीराम गुस्वामी एवं कांग्रेस से श्री प्रणय भण्डारी व श्री अब्दुल जावेद कुरैशी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि पर पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी हुआ है। जिसके तहत मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण 02 नवंबर 2026 तक, प्रारूप नामावली का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को, दावे-आपत्ति 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक, निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक एवं अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। बताया गया कि जर्जर/अनुपयुक्त भवनों वाले मतदान केन्द्रों को अन्य उपलब्ध भवनों में स्थापित करने तथा 1200 से अधिक मतदाता वाले केन्द्रों के अनुभाग विभाजन कर नवीन केन्द्र बनाने के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

विधानसभा 105-बिछिया में 04 भवन परिवर्तन एवं 04 नवीन केन्द्र, 106-निवास में 08 भवन परिवर्तन, 02 अनुभाग शिफ्टिंग एवं 02 नवीन केन्द्र तथा 107-मण्डला में 02 नवीन केन्द्र के प्रस्ताव प्राप्त हुए। परीक्षण उपरांत 12 भवन परिवर्तन 02 अनुभाग शिफ्टिंग एवं 8 नवीन मतदान केंद्र के प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल को भेजे जा रहे हैं। आयोग से अनुमोदन पश्चात अद्यतन सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी तथा बीएलओ के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
