मंडला, 29 अक्टूबर 2026
कलेक्ट्रेट परिसर, सिविल लाइन मण्डला स्थित आनंदम के सुचारू संचालन तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। इस संबंध में अपर कलेक्टर, जिला मण्डला द्वारा आदेश जारी किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
आनंद विभाग, मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित आनंदम केंद्र में नागरिकों द्वारा अपनी आवश्यकता से अधिक उपयोगी सामग्री जमा कराई जाती है। इन सामग्रियों को जरूरतमंद व्यक्ति अपनी आवश्यकतानुसार निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग सुनिश्चित करने के साथ जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराना है।
जारी आदेश के अनुसार, नगर पालिका परिषद मण्डला के श्री पवन मरावी की ड्यूटी प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा श्री रॉक्सी चौधरी की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है। उक्त कर्मचारी जिला संपर्क व्यक्ति सह आनंद विभाग मण्डला के श्री विष्णु कुमार सिंगौर, क्षेत्र संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग मण्डला के नियंत्रण एवं निर्देशन में आगामी आदेश तक कार्य करेंगे।
आनंदम केंद्र के माध्यम से नागरिकों से अनुपयोगी किंतु उपयोगी स्थिति में उपलब्ध वस्तुएं जमा कराने तथा जरूरतमंदों तक इनका लाभ पहुंचाने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
