मंडला, 29 अक्टूबर 2026
दीपावली पर्व के अवसर पर जिले के कुम्हार समुदाय के परंपरागत माटीशिल्पियों द्वारा निर्मित मिट्टी की मूर्तियों, खिलौनों, दीपकों, दीपमालाओं, मटकों, धार्मिक प्रतीकों एवं अन्य सजावटी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशानुसार, नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले हाट-बाजारों में माटीशिल्पियों को अपने उत्पादों के विक्रय हेतु उचित स्थान निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, उनसे किसी भी प्रकार का कर अथवा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय माटीशिल्पियों के पारंपरिक व्यवसाय को प्रोत्साहन देना, उनके उत्पादों के विपणन के लिए सुविधाजनक अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके जीविकोपार्जन में सहयोग करना है।
संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।
