मंडला, 29 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, मोहगांव में वन स्टॉप सेंटर द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले द्वारा छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक आधारित हिंसा, लिंग परीक्षण की कानूनी प्रतिबंधिता तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की उपयोगिता से अवगत कराते हुए इनके उपयोग की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, हिट एंड रन योजना, शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, यातायात नियमों एवं लोक अदालत की जानकारी प्रदान की। उन्होंने विधिक सहायता के टोल फ्री नंबर 15100 से अवगत कराते हुए बाल विवाह की रोकथाम के लिए उपस्थित विद्यार्थियों को शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं कु. शालिनी वरकड़े एवं कु. अंजली को उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती पल्लवी चौहान, श्रीमती नमी हरदहा, श्रीमती सुरभि शर्मा, श्रीमती लवली खरे एवं श्रीमती चित्रलेखा डोंगरे, शिक्षक श्री दिमांशु राज दुबे तथा वन स्टॉप सेंटर के बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा उपस्थित रहे।

