मण्डला 18 फरवरी 2021
केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने नैनपुर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने लोकार्पण कार्य के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा पुल का शुभारंभ किया। श्री कुलस्ते ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार दोनो विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगातार गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ रही है जिससे गांवों का विकास भी सुनिश्चित हो रहा है। गांवों का सड़कों से जुड़ने से लोगों को रोजगार मिल रहा है और उनकी आर्थिक प्रगति भी हो रही है। श्री कुलस्ते ने चिरईडोंगरी से पाठासिहोरा के लिए 1733.81 लाख रूपये की लागत से बनाई गई 23.82 किलोमीटर लम्बाई की सड़क का लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक निधि से निर्मित सभामंच का भी उद्घाटन किया गया।
इसी प्रकार उन्होंने चिरईडोंगरी-पाठासिहोरा रोड से बरबसपुर मार्ग में बनाए गए 70 मीटर लम्बे उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया। यह उच्च स्तरीय पुल 186.84 लाख की लागत से बनाया गया है। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने बम्हनी से देवरीफादर मार्ग के रोझन नाला में 195 मीटर लम्बे तथा 403.84 लाख की लागत से बनाए गए पुल का भी लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, भीष्म द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य भगवती श्रीधर, नगरपालिका अध्यक्ष नैनपुर नरेश चंद्रौल, चैनसिंह उईके अध्यक्ष जनपद पंचायत, जनपद उपाध्यक्ष संतोष तिवारी, अनुराग चौरसिया, सुधीर कसार तथा संबंधित उपस्थित थे। लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते झुलपुर में बसंत उत्सव मेले में संचालित क्रीडा प्रतियोगिता के खिलाड़ियों से मिले एवं उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
