Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: कलेक्टर ने किया बम्हनीबंजर नगरीय निकाय का दौरा छात्रावास, उचित मूल्य दुकान, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय और आँगनबाड़ी का किया सघन भ्रमण

मंडला, 16 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को नगर परिषद बम्हनीबंजर का विस्तृत दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने शासकीय व्यवस्थाओं को परखने के लिए शंकरशाह रघुनाथ शाह हवेली छात्रावास, शासकीय उचित मूल्य की दुकान वार्ड-5, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और वार्ड क्रमांक 15 के आँगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।

छात्रावास में व्यवस्थाओं का लिया जायजा –

 

भ्रमण के क्रम में सबसे पहले कलेक्टर ने शंकरशाह रघुनाथ शाह छात्रावास का भ्रमण किया। उन्होंने रसोईघर, रोटी मेकर मशीन, स्मार्ट क्लास रूम, डाइनिंग हॉल, शौचालय और छात्रावास परिसर की स्वच्छता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिए कि नोटिस बोर्ड पर एंबुलेंस, डॉक्टर, थाना और अन्य आपातकालीन नंबर अनिवार्य रूप से लिखे जाएं ताकि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों को तुरंत मदद मिल सके। वार्ड क्रमांक 5 की शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हितग्राहियों से खाद्यान्न की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने स्टॉक पंजी और वितरण पंजी का अवलोकन कर दुकान संचालक को नियमानुसार वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और परिसर की स्वच्छता पर दिया जोर –

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीबंजर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, उमंग काउंसलिंग सेंटर, ई-वैक्सीन कोल्ड चेन, एनसीडी क्लीनिक, एएनसी कक्ष, एक्स-रे और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस अस्पताल पर क्षेत्र के अनेक ग्रामों के लोग निर्भर हैं, ऐसे में यहां पदस्थ सभी चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एसडीएम को चिकित्सकों की उपस्थिति का डाटा नियमित रूप से चेक करने के निर्देश दिए। ओपीडी से लेबर रूम की ओर जाने वाले रैंप में एक तरफ रेलिंग लगवाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के समय तक अस्पताल में 57 मरीजों का पंजीयन हो चुका था और 55 मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गई थीं। कलेक्टर ने बीएमओ को निर्देशित किया कि इसका नियमित फॉलोअप करें और अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

स्कूल में टॉपर सूची, लैब में फर्स्ट-एड बॉक्स और आंगनबाड़ी में नियमित वजन पर बल

 

कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान की लैब का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि सभी लैब में आकस्मिक चिकित्सा बॉक्स (फर्स्ट-एड बॉक्स) अनिवार्य रूप से रखा जाए। उन्होंने कहा कि बम्हनीबंजर बड़ा सेंटर है, यहां की प्रयोगशालाओं को और अधिक एडवांस बनाया जाए। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट संकल्प को लेकर फीडबैक लिया और जेईई, नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। साथ ही स्कूल में टॉपर बच्चों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए ताकि अन्य बच्चे भी प्रेरित हो सकें।

इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 15 की आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बच्चों को फल और चॉकलेट वितरित किए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ता, भोजन, टीकाकरण और नियमित वजन की जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्री शैलेन्द्र चौधरी, सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहन्ती, एसी ट्राइबल डॉ. अरुण शुक्ला, डीईओ श्रीमती मुन्नी वरकड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

राज्यपाल श्री पटेल ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित मरीजों से की चर्चा  

Reva India News

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत बाल विवाह रोकने हेतु रैली, शपथ एवं कार्यशाला का आयोजन

Reva India News

खाद्य सुरक्षा एवं मानक शर्तों का उल्लंघन करने पर खाद्य रजिस्ट्रेशन निलंबित

Reva India News

Leave a Comment