Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने की जनसुनवाई, आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश 80 आवेदकों ने प्रस्तुत किए अपनी समस्याओं के आवेदन

मण्डला 2 मार्च 2021

प्रति मंगलवार आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई में 80 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके जल्द निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संबंधित विभाग आवेदकों की समस्याओं का जल्द निराकरण कर प्रतिवेदन सौंपें। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, अतिरिक्त सीईओ एसएस मरावी तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

जनसुनवाई में पड़रिया बिछिया निवासी कमल सिंह पिता रतिराम ने निजी भूमि में तालाब निर्माण से संबंधित आवेदन दिया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर 24 घण्टे में नियमानुसार खेत तालाब स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार शास्त्री वार्ड मंडला निवासी अजय वर्मन द्वारा प्रधानमंत्री आवास की मांग किए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को मौके पर जाकर जांच कर 2 दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। चिरईडोंगरी निवासी अमित सिंह राजपूत द्वारा दिए गए आवेदन पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। भावामाल के निवासियों द्वारा 9 फरवरी को जनसुनवाई में दिए गए आवेदन पर कोई कार्यवाही नहीं करने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनपद पंचायत बिछिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम टोला तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बंद हेण्डपंपो को समुचित मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय सीमा पर निराकरण करते हुए उनकी ऑनलाईन एन्ट्री सुनिश्चित करें।

 

चंगरिया बिछिया में शिविर आयोजित करने के निर्देश

 

जनसुनवाई में बिछिया विकासखंड के चंगरिया ग्राम के निवासियों द्वारा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उक्त गांव में 3 मार्च को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम बिछिया तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा संबंधित विभागों के अनुविभाग तथा विकासखंड स्तर के अधिकारी शिविर में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने शिविर का पालन प्रतिवेदन 3 मार्च की सायं को ही भेजने के निर्देश दिए।

 

जनसुनवाई में मिला 45 साल की समस्या का समाधान

 

लालीपुर भावल निवासी अनुसुईया वरकड़े जिनका विगत् 45 वर्षों से जमीन से संबंधित विवाद लंबित था। तकनीकि कारणों से श्रीमती वरकड़े का समाधान नहीं हो पा रहा था। पिछले दिनों जनसुनवाई में उपस्थित होकर अनुसुईया वरकड़े ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को अपनी समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उनकी जमीन संबंधी विवाद के समाधान के लिए एक टीम गठित की। संबंधित विभागों द्वारा सम्मिलित प्रयास किए जाने के फलस्वरूप जमीन का सीमांकन कर अनुसुईया वरकड़े को उसकी जमीन का वास्तविक मालिकाना हक प्रदान किया गया। अनुसुईया वरकड़े प्रशासन की संवेदनशीलता से खुश होकर आज जनसुनवाई में पुनः प्रस्तुत हुई एवं कलेक्टर हर्षिका सिंह को पुष्पगुच्छ देकर धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related posts

10, 17, 24 नवंबर तथा 1 दिसंबर को कोविड वैक्सीनेशन के सेकंड डोज महाभियान कलेक्टर ने ली नोडल अधिकारियों की बैठक

Reva India News

कलेक्टर ने किया सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों का सम्मान

Reva India News

आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

Leave a Comment