Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

स्व-सहायता समूहों को जोड़ते हुए उद्यानिकी फसलों को प्रोत्साहित करें – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने किया मोहगांव विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण

मण्डला 11 जून 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मोहगांव विकासखण्ड के देवगांव, सुडगांव, रैयगांव तथा खीसी आदि ग्रामों का आकस्मिक निरीक्षण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत् किए जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणजनों को वैक्सीनेशन के संबंध में समझाईश दी। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एसडीएम सुलेखा उईके, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, उपसंचालक कृषि एसएस मरावी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवगांव में कपिलधारा कूप तथा खेत तालाब का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उचित गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों पर योजना का नाम, योजना की लागत आदि से संबंधित जानकारी के बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने श्रमिकों के नियोजन के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यस्थल पर कोविड-19 से बचाव के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन किया जाए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सुडगांव में मनरेगा के कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पानी की उपलब्धता पर्याप्त है वहां उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दिया जाए। स्व-सहायता समूहों को भी उद्यानिकी फसलों से जोड़ें। खेत-तालाब में मत्स्य पालन को बढ़ावा दें। मनरेगा के कार्यों को मिट्टी तक सीमित न रखें इन्हें परिणाममूलक बनाएं। पशुपालन तथा बकरीपालन को प्रोत्साहित करते हुए स्थल का चयन कर क्षेत्र को पोल्ट्री हब के रूप में विकसित करें। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैयगांव में शिविर लगाकर हितग्राहियों को उद्यानिकी फसलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि रैयगांव में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी समन्वय कर शिविर लगाकर गिरदावरी का सत्यापन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की पंचायत स्तर पर उपस्थिति के लिए नियत दिनांक अथवा दिन की जानकारी ग्राम पंचायत पर अंकित की जाए। उन्होंने खीसी चुभावल क्षेत्र में कोदो-कुटकी की प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने खीसी में स्कूल के पुराने भवन का स्व-सहायता समूह की गतिविधियों के लिए उपयोग करने की बात कही। आंगनवाड़ी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्राम की सभी गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्हांेने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य तथा महिला बाल विकास विभाग के अमले को निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा बैंक संबंधी समस्या बताए जाने पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि दूरस्थ पंचायतों के लिए बैंकर्स का टूर प्रोग्राम जिला पंचायत से जारी किया जाए। जिन व्यक्तियों के खाते नहीं खुले हैं उनके खाते खुलवाएं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि आयुष चिकित्सकों की सेवाएं लेते हुए चुभावल के स्वास्थ्य केन्द्र को संचालित किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य केन्द्रों में सर्पदंश से संबंधित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य सेवा, बिजली, खाद-बीज वितरण, जॉबकार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड आदि के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

जनप्रतिनिधि वैक्सीनेशन को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाएं

 

देवगांव, सुडगांव, रैयगांव, खीसी आदि ग्रामों में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उन्हें कोविड वैक्सीनेशन से होने वाले लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र विकल्प है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने पंच, सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का आव्हान किया कि वे स्वयं टीका लगवाते हुए अपने परिवारजन तथा ग्राम के लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी शासकीय अधिकारी कर्मचारी अपने परिवारजनों का भी अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। कलेक्टर ने कहा कि कोविड जैसी महामारी से ग्राम की रक्षा के लिए शतप्रतिशत टीकाकरण आवश्यक है।

 

अफवाह फैलाने वालों पर करें सख्त कार्यवाही

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने देवगांव तथा सुडगांव में विशेष शिविर लगाकर वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए। ऐसे माता-पिता जिनके बच्चे छोटे हैं का प्राथमिकता से वैक्सीनेशन किया जाए। उन्होंने वैक्सीनेशन कार्य में स्व-सहायता समूह तथा जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि वैक्सीनेशन के संबंध में गलत जानकारी देने वाले तथा अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।

 

लखनलाल के खेत पहुंची कलेक्टर

 

अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम सुडगांव में हितग्राही लखनलाल उईके के खेत जाकर कृषि तथा उद्यानिकी विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ली। लखनलाल को ड्रिप पद्धति से सिंचाई के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए हैं। कलेक्टर ने लखनलाल से फसल तथा उससे होने वाली आय के संबंध में जानकारी ली। लखनलाल ने बताया कि टपक पद्धति से सिंचाई करने पर पानी तथा समय की बचत हो रही है। ड्रिप पद्धति से उत्पादन भी बढ़ रहा है। लखनलाल ने बताया कि वह दवाईयां एवं उर्वरक का उपयोग भी ड्रिप के माध्यम से कर रहा है जिससे उसे अपेक्षाकृत कम दवाईयां एवं उर्वरक की आवश्यकता पड़ रही है।

Related posts

जिले में 2 कोरोना केस मिले

Reva India News

जिले में अब तक 1127.4 मिमी वर्षा  

Reva India News

जैविक खेती से हम भोजन, पानी और अन्य संसाधनों को सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने एमपीटी टूरिस्ट मोटेल में परियोजना मूल्यांकन और हितधारक परामर्श कार्यशाला को संबोधित किया

Reva India News

Leave a Comment