मण्डला 13 अगस्त 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रेशम, हथकरघा, आजीविका विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने हथकरघा विभाग से जिले में हथकरघा के संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हथकरघा के कार्यों में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ें तथा उन्हें मास्टर ट्रेनर्स से ट्रेनिंग प्रदान करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि बालाघाट एवं छिंदवाड़ा के मास्टर ट्रेनर्स से संपर्क कर उन्हें जिले में प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित करें तथा जिले की महिलाओं एवं कारीगरों को प्रशिक्षित करें। कलेक्टर ने कहा कि हथकरघा के उत्पादों को आकर्षक बनाने के लिए गोंडी पैंटिंग एवं चित्रकला कराएं। उन्होंने लोकल स्टेशनरी के उत्पादों पर गोंडी आर्ट का प्रयोग करने की बात कही। श्रीमती सिंह ने बांस उत्पादन को भी अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आजीविका विभाग को निर्देशित किया कि मवई क्षेत्र का हेंडलूम क्लस्टर के रूप में विकसित करें। मवई क्षेत्र के स्थानीय लोगों को रोजगार देने प्रशिक्षण दें।
कलेक्टर ने कहा कि तैयार उत्पादों की बेहतर तरीके से मार्केटिंग भी सुनिश्चित कराएं। मार्केटिंग के तरीकों में नवाचार अपनाएं। उन्होंने ऑनलाईन ऐप्प विकसित करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि ऑनलाईन ऐप्प के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें तथा ऑनलाईन प्लेटफॉर्म को ज्यादा से ज्यादा प्रमोट करें। कलेक्टर ने बबैहा एवं रमतिला केन्द्र को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि साड़ी के उत्पादों में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ें। उन्होंने आजीविका समूह की महिलाओं को गोंडी पैंटिंग की ट्रेनिंग भी देने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बैठक में बैगा उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बैगा क्लस्टर बनाने के बारे में चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि बैगा कलाकारों को मटेरियल उपलब्ध कराएं। उन्हें मास्टर ट्रेनर से प्रशिक्षण दिलाएं। उन्होंने नाबार्ड के श्री वर्मा को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे ने हथकरघा एवं अन्य उत्पादों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिले को प्राप्त लक्ष्य के बारे में बताया। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार सहित संबंधित उपस्थित थे।
