मंडला, 13 फरवरी 2026
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और किसानों को बैंकिंग सेवाओं से सीधे
जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा द्वारा बैंक परिसर में मेगा कृषि
ऋण आउटरीच अभियान का सफल आयोजन किया गया। साथ ही 13 शाखाओं में क्षेत्र स्तरीय
विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना ने बैंक के इस
प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए किसानों को
समय पर वित्तीय सहायता मिलना अनिवार्य है। उन्होंने उपस्थित किसानों को बैंक की विभिन्न
योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय दोगुनी करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने
आस-पड़ोस के लोगों को भी बैंक की ऋण प्रक्रियाओं से अवगत कराएं, ताकि जरूरत पड़ने पर हर
पात्र व्यक्ति आसानी से बैंकिंग सुविधाओं का लाभ ले सके।
शिविर के दौरान लीड बैंक मैनेजर श्री सुजय कुमार ने किसान क्रेडिट कार्ड एवं केंद्र एवं
राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी तथा
आवेदकों को ऋण प्रक्रिया एवं कार्ड की उपयोगिता के बारे में मौके पर ही मार्गदर्शन प्रदान
किया। उन्होंने बैंक की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को प्रेरित
किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, स्वयं सहायता समूहों, प्राथमिक एवं द्वितीयक
प्रसंस्करण कार्य में लगे व्यापारियों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अभियान के दौरान मंडला जिले की विभिन्न शाखाओं द्वारा कुल 12.75 करोड़ के
कृषि ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं जैसे सेंट कोल्ड
स्टोरेज, सेंट फूड प्रोसेसिंग योजना, पोल्ट्री फार्म, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना,
किसान क्रेडिट कार्ड, किसान साथी, खाद्य प्रसंस्करण, संबद्ध कृषि वित्त एवं कृषि अवसंरचना वित्त
आदि की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति प्रमाण-पत्र
वितरित किए गए।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया, सहायक संचालक उद्योग व्यापार
केंद्र श्री बलराम यादव, श्री विनोद अग्रवाल, उपसंचालक डॉ. यू.एस. तिवारी, बी.डी. भंसारे श्री
निखिल वोहरा, शाखा प्रमुख, मंडला शाखा सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी
संख्या में किसान उपस्थित रहे।
