25 एवं 26 अगस्त के वैक्सिनेशन महाभियान को सफल बनाए
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कलेक्टर को दिये निर्देश
मण्डला 24 अगस्त 2021
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता सरंक्षण मंत्री तथा मण्डला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने आवश्यक निर्देश दिये है। उन्होने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 25 और 26 अगस्त को वैक्सीनेशन का महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। 25 अगस्त को कोरोना वैक्सीन का पहला और दूसरा दोनो डोज लगेगा, जबकि 26 अगस्त को सिर्फ दूसरा डोज ही लगाया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा है कि कलेक्टर मण्डला सभी कोरोना वालंटियर, जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, नगरीय एवं ग्रामीण निकाय के जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं. धर्मगुरूओं, समाजसेवी और अलग अलग संगठनों से वैक्सीनेशन के महाअभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें ताकि कोरोना की तीसरी लहर से जनता को सुरक्षित रखा जा सके।
वैक्सीनेशन महाभियान में लगाए ’जीवन की सुरक्षा वाला जीत का टीका’ – श्री बिसाहूलाल सिंह
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने जिलेवासियों की अपील
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता सरंक्षण मंत्री तथा मण्डला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने 25 और 26 अगस्त को आयोजित होने जा रहे वैक्सीनेशन महाअभियान में शामिल होने जिलेवासियों से अपील की है। उन्होने अपनी अपील में कहा है कि कोरोना-19 जैसी महामारी से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रदेश के ओजस्वी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को कोरोना जैसी भीषण बीमारी से छुटकारा दिलाने में हम सब कामयाब हुये हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा कोरोना के समय 18-18 घंटे जागकर हर तरह की व्यवस्था की, जिलों में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को जिले की कमान सौंपी, जिले से लेकर तहसील-विकासखण्ड एवं पंचायत स्तर पर कोरोना जैसी बीमारी को रोकने हेतु जिला, तहसील, ब्लाक एवं पंचायत स्तर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की क्राइसेस मेनेजमेंट कमेटी बनाकर घर घर जाकर कोरोना-19 की वेक्सीन लगवाने, मरीजों को अस्पताल तक आने जाने के लिये एम्बूलेंस की व्यवस्था की गई। आक्सीजन एवं सिटी स्केन की व्यवस्था की गई, संगठन एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निरू शुल्क भोजन की व्यवस्था की गई । इस तरह आप सबके प्रयास से हम कोरोना जैसी भीषण महामारी से छुटकारा पाने में सफल हुये है।
प्रभारी मंत्री श्री सिहं ने कहा है कि भाईयों बहनों, फिर भी अभी पूरी तरह से कोरोना संक्रमण से मुक्त नहीं हुये हैं। जैसा कि यह आशंका लगाई जा रही है कि कोरोना की तीसरी लहर आने की संभावना है जिसे देखते हये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा टीकाकरण, वैक्सीन लगाने हेतु दिनांक 25 एवं 26 अगस्त 2021 को पूरे प्रदेश में महा वैक्सीनेशन अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अतएव पुनः जिले के समस्त अधिकारीगण, संगठन के पदाधिकारिगण, जिला, ब्लाक, तहसील, ग्राम पंचायत में क्राइसेस मेनेजमेंट कमेटी के पदाधिकारियों तथा विभिन्न संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ता, माननीय सांसद, माननीय विधायक से अनुरोध है कि दिनांक 25 एवं 26 अगस्त 2021 को महा वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिये अपना अमूल्य समय प्रदान करें ताकि हम सब कोरोना जैसी महामारी के तीसरी लहर से प्रदेश की जनता को सुरक्षित रखकर कोरोना की तीसरी लहर से मुक्ति पा सकें।
जिलों के सामाजिक संगठन, कोरोना वॉलेंटियर्स, जनप्रतिनिधि और आमजन टीकाकरण महाअभियान में सहयोग करें – प्रभारी मंत्री श्री सिंह
मध्यप्रदेश में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण का अभियान जारी है, जो लोग टीकाकरण से शेष रह गए है, उन्हें टीका लगाने के लिए दो दिवसीय महाअभियान चलाया जाने वाला है। इस महाअभियान की तैयारियों की जिम्मेदारी प्रभारी मंत्रियों के सौंपी गई है। प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा है कि राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सितम्बर माह तक प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों को कोविड से बचाव के लिए प्रथम डोज लग जाए। एक विशेष रणनीति के तहत यह लक्ष्य तय किया गया है। वैक्सीनेशन महाअभियान का द्वितीय चरण अगस्त माह में ही सम्पन्न कराने के पीछे भी यही उद्देश्य है कि प्रदेश के लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में टीकाकरण महाअभियान में 25 अगस्त को कोरोना वैक्सीन का पहला एवं दूसरा डोज तथा 26 अगस्त को दूसरा डोज निर्धारित केन्द्रों पर लगाया जाएगा। इस समय मध्यप्रदेश वैक्सीनेशन में देश में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में अभी तक चार करोड़ से अधिक लोग वैक्सीन का प्रथम और द्वितीय डोज लगवा चुके हैं। प्रदेश में वैक्सीनेशन के लिए पात्र आबादी पांच करोड़ 48 लाख 90 हजार है। इस तरह अभी राज्य में लगभग डेढ़ करोड़ लोगों को टीका लगना बाकी है। जिले के प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सभी जिलों के सामाजिक संगठनों, कोरोना वॉलेंटियर्स, जनप्रतिनिधियों और आमजन से अपील की है कि वे टीकाकरण महाअभियान में अपना पूरा सहयोग प्रदान करें। राजनीतिक दल भी जनता के हित से जुड़े इस अभियान में अपना रचनात्मक योगदान अवश्य प्रदान करें। शासकीय विभागों और विभिन्न पंथों-धर्मों के प्रमुखों से भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया है।
जबलपुर संभाग आयुक्त ने ली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक
जबलपुर संभाग आयुक्त बी. चंद्रशेखर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जबलपुर संभाग के सभी जिलों के लिए निर्धारित बिंदुओं के आधार पर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का सभी कलेक्टर सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार कोविड अनुकूल व्यवहार के उल्लंघन पर चालानी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने कोविड अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कलेक्टर अपने जिलों के कोविड अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। संभागायुक्त ने एक जिला एक उत्पाद के तहत संभाग के सभी जिलों द्वारा निर्धारित उत्पाद के संबंध में जरूरी जानकारी ली। उन्होंने जिलेवार ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण की प्रगति की समीक्षा भी की। श्री बोरकर ने कहा कि सभी कलेक्टर अपने जिले में ऑक्सीजन प्लांट का कार्य प्राथमिकता से पूरा करेंगे। उन्होंने नए स्व-सहायता समूह के गठन करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर बी. चंद्रशेखर ने राइस मिलिंग तथा खाद्यान्न के उठाव की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रदेश में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत रोजगार उपलब्ध कराए जाने की स्थिति एवं जिलेवार आयोजित किए जा रहे रोजगार मेलो की समीक्षा की। संभागायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत संभाग के जिलों में किए जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा कि मिशन के तहत जल उपलब्ध कराने की कार्यवाही सतत रूप से जारी रहे। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में मॉस्क नही पहनने वालो के विरुद्ध चालानी कार्यवाही तथा ऑक्सीजन प्लांट की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने जिले में रोजगार मेलो के आयोजन की भी जानकारी दी। इस दौरान जिले के एनआईसी कक्ष में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार उपस्थित थे।
आज से वेक्सीनेशन महाअभियान का द्वितीय चरण
कलेक्टर ने की पात्र हितग्राहियों से टीकाकरण में शामिल होने की अपील
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 एवं 26 अगस्त को कोविड-19 वैक्सीनेशन महाअभियान का द्वितीय चरण प्रांरभ हो रहा है। इस महाअभियान में 18 साल की आयु से ऊपर के सभी व्यक्ति टीकाकरण केन्द्र पर जाकर टीका लगवा सकेंगे। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के पात्र हितग्राहियो से अपील की है कि वैक्सीनेशन महाअभियान के द्वितीय चरण में शामिल होकर टीकाकरण जरूर कराए।उन्होने कहा है कि कोविड का खतरा अभी टला नही है हम सभी को कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना है तथा स्वंय,परिवार तथा जिले सुरक्षा के लिए टीकाकरण करना है।
कोविड टीकाकरण महाअभियान में सभी का सहयोग आवश्यक
सीएमएचओं डॉ.श्रीनाथ सिंह ने सभी समुदाय के लोगों से अपील की है कि राज्य सरकार द्वारा टीकाकरण महाअभियान 25 एवं 26 अगस्त 2021 को चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत जिले में इस अभियान को संचालित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है। जिला स्तर से मैदानी स्तर तक टीका लगवाने की अलख जगाई जाएं। मैदानी स्तर में आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता सजग रहें। अभियान को सफल बनाने में घर घर जाकर लोगो जागरूक करें। इस महाअभियान में कोई भी व्यक्ति टीका लगवाने से छूटना नहीं चाहिए। जिनको पहला टीका लगा है। वे व्यक्ति निर्धारित तिथि में दूसरा टीका जरूर लगवाए एवं कोविड अनुकूल व्यवहार परिवर्तन का पालन जरूर करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जन समुदाय को जानकारी दी है एवं जनसमुदाय के लोगों से अपील की है कि 25 एवं 28 अगस्त 2021 को होने वाले इस अभियान में 18 वर्ष से अधिक के व्यक्ति एवं गर्भवती महिलाएं सभी कोविड का टीका जरूर लगवाएं एवं जिन्होने कोविड का पहला टीका लगवा चुके है। ये निर्धारित तिथि में दूसरा टीका नजदीकी टीकाकरण केन्द्र में जाकर जरूर लगवाएं। जिले व विकासखण्डवार सभी संस्थाओं में 196 सत्र आयोजित किए जा रहे है।
अमानक उर्वरक का क्रय-विक्रय, भण्डारण एवं परिवहन प्रतिबंधित
पंजीयक एवं उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास से प्राप्त जानकारी अनुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित दानीटोला विकासखंड बिछिया द्वारा विक्रय किये जाने वाले उर्वरक के नमूनें को गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाये जाने के फलस्वरूप संबंधित लॉट बैंच नम्बर के उर्वरकों का जिले में क्रय-विक्रय, भण्डारण एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करता है।
जिले में अब तक 683.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 24 अगस्त के दौरान 683.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 926.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 243.7 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अगस्त को मंडला में 6.8, नैनपुर में 31 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 24 अगस्त को जिले में 6.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
मच्छरों की वृद्धि रोकने अपने घर व आस-पास पानी इकट्ठा न होने दें
मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए जरूरी जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने आमजनों के लिए मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए एडवाईजरी जारी की है। एडवाईजरी में उन्होंने कहा है कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरों की वृद्धि रोकने अपने घर व आस-पास पानी इकट्ठा न होने दें। कबाड़ या पात्रों में बारिश का भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें साथ ही मच्छरों से बचाव करें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़, सामान ढंक्कर रखें तथा इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। जैसा कि विदित है कि वर्षाकाल में जगह-जगह पानी इकट्ठा हो जाता है तथा हमारे घर व आसपास पानी कन्टेनर व कबाड़ सामान, टायर, टंकी, मटके, गमले, कूलर इत्यादि में जमा पानी में मच्छर अंडे देकर वृद्धि करते हैं जिनके काटने से मलेरिया डेंगू चिकुनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना होती है।
इसी प्रकार ऐसे जलपात्रों में भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें जिससे इनमें पनप रहे मच्छर के लार्वा नष्ट हो जाएं तथा मच्छरों की वृद्धि रुक जाए। मच्छर से फैलने वाली बीमारी मलेरिया में सामान्यतः बुखार, कमजोरी हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना जैसे लक्षण हो सकते हैं तथा डेंगू, चिकुनगुनिया बीमारी संक्रमित व्यक्ति में सामान्यतः बुखार सिर व आखों में दर्द, हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना, शरीर पर चकत्ते आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में मरीज को तत्काल नजदीकि स्वास्थ्य केन्द्र में खून जांच व स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श से दवा का पूर्ण सेवन करना चाहिये।
टीकाकरण सरकार के साथ समाज की भी जिम्मेदारीः चिकित्सकों की अपील
कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन सरकार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों को वैक्सीन का सुरक्षा कवच देने के लिये दूसरी बार टीकाकरण महाअभियान 25 एवं 26 अगस्त को चलाया जाएगा। इस महाअभियान में प्रदेश की जनता भी जागरूक होकर आगे आई है। महाअभियान में वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य पाने के लिये और आमजन को प्रेरित करने अनेक चिकित्सा विशेषज्ञों ने स्व-प्रेरणा से नागरिकों के लिए अपील जारी की हैं।
प्रदेश अध्यक्ष आई.एम.ए डॉ. अनूप निगम ने चिकित्सकों से अपील की है कि हम सभी चिकित्सक राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देकर महाअभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। अध्यक्ष म.प्र नर्सिंग एसोसिएशन, डॉ. राहुल खरे ने महामारी को गंभीरता की चेतावनी देते हुए नागरिकों को दिए संदेश में कहा है कि कोविड महामारी का खतरा अभी टला नहीं है। टीके की दोनों डोज से पूर्ण सुरक्षा मिलती है। टीकाकरण महाअभियान में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नगारिक टीकाकरण अवश्य करवाये। अधीक्षक हमीदिया अस्पताल, भोपाल डॉ. लोकेन्द्र दबे ने कोरोना वैक्सीन के महत्व को रेखांकित करते हुए नागरिकों को दिए संदेश में कहा है कि वैक्सीनेशन होने पर कोरोना संक्रमित नहीं होते। संक्रमित हो भी जाते हैं तब गंभीर बीमार नहीं होते। जिन्होंने पहला टीका नहीं लगवाया वह पहला और जिनको दूसरी डोज लेना है वह दूसरी डोज जरूर लगवाये। डॉ. दवे ने कहा कि जब तक टीका की दोनों डोज नहीं लगती तब तक पूर्ण रूप से सुरक्षा नहीं मिलती। टीके के दोनों डोज लेने के बाद भी जब तक कोरोना पूरी तरह से समाप्त नहीं होता तब तक कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग रखना और हाथों को सेनेटाइज करना नहीं छोड़े।
डीन एम.डी.एम मेडिकल कॉलेज इंदौर डॉ. संजय दीक्षित ने लोगों से कहा है कि किसी कारणवश यदि दूसरा टीका नहीं लगवाया है, तो 25 एवं 26 अगस्त के महाअभियान में दूसरा डोज जरूर लगवाए। केवल पहला टीका लगवाना पर्याप्त नहीं है, टीके दोनों अवश्य लगवाये। डीन मेडिकल कॉलेज रतलाम डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने लोगों से कहा है कि कोरोना के दोनों टीके लगवाने के लिए अपने मित्र, नातेदार, परिवार के सदस्यों को प्रेरित करें। इस टीके के कोई साइड इफेक्ट नहीं है। यह टीका संक्रमण से अच्छे से बचाव करता है। डीन अटलबिहारी वाजपेई कॉलेज विदिशा डॉ. सुनील नंदेश्वर ने कोरोना वैक्सीन से बनने वाली इम्यूनिटी की जानकारी देते हुए कहा कि जिन व्याक्तियों को कोरोना का वैक्सीन लगा है, उनकी कोरोना से लड़ने की इम्यूनिटी बनती है। इसमें कोरोना से संक्रमित होने पर बीमारी की गंभीरता कम हो जाती है। टीकाकरण के 25-26 अगस्त के महाअभियान में सभी नागरिक टीका अवश्य लगवाए।
अरविन्दो इस्टियूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के डीन डॉ. रविन्द्र सिंह ने कहा कि हम पिछले दो सालों से कोविड से लड़ रहे है। कोविड वैक्सीनेशन से कोरोना पर नियंत्रण पाने में कामयाबी मिली है। यह तथ्य सामने आया है कि कोविड संक्रमित होने और चेस्ट में भी अधिक संक्रमण पर भी वैक्सीनेशन करवाने वाले व्यक्तियों में बीमारी की गंभीरता कम रही है। सभी लोग वैक्सीनेशन अवश्य करवाए। सेवानिवृत्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएँ डॉ. ओ.पी.ओहरी ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए टीके उपलब्ध होना हमारी खुशकिस्मती है। इस टीके से बीमारी की गंभीरता बहुत कम हो जाती है। टीका लगवाने में ज्यादा सोच-विचार नहीं करें। टीके अवश्य लगवाए। संचालक एन.एच.एम डॉ. पंकज शुक्ला ने कहा है कि सभी लोग टीकाकरण महाअभियान का लाभ लेकर, वे सभी लोग जिन्होंने अब तक टीका नहीं लगवाया है वह 25 और 26 अगस्त को टीका जरूर लगवाये। कोरोना की तीसरी लहर से बचाव का कारगर तरीका टीकाकरण है। चीफ कन्सलटेंट और पल्मोलॉजिस्ट अपोलो हॉस्पिटल ग्वालियर डॉ. उज्जवल शर्मा ने कहा कि कोविड टीकाकरण महाअभियान 25-26 अगस्त में अधिक से अधिक लोग टीका लागवाये। कोविड के विरूद्ध चलाई जा रही मुहिम को सफल बनाये। सेवानिवृत्त सी.एम.एच.ओ.गुना डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी ने कहा कि 21 जून को महाअभियान के पहले चरण के पहले दिन कोविड टीके लगाने का प्रदेश ने रिकार्ड बनाया था। अब पुनः 25 और 26 अगस्त को टीकाकरण महाअभियान होने जा रहा है। इसमें सभी लोग बढ़-चढ़कर भागीदरी करे।
डीन मेडिकल कॉलेज शहडोल डॉ. निलय श्रीवास्तव ने लोगों को दिए संदेश में कहा कि कोरोना से बचने का एकमात्र उपाय टीकाकरण है। टीके के दोनों डोज लगवाकर खुद बचे और दूसरों को बचाये। कोविड टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण महाअभियान में खुद टीका लगवाये और दूसरों को कोविड टीका लगवाने के लिए प्रेरित करे। मेडिकल कॉलेज जबलपुर के डीन डॉ. प्रदीप प्रसाद ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन कोरोना बीमारी से बचाने की संजीवनी है। अधिकांश प्रकरणों में ऐसा देखा गया है कि वैक्सीन लगवा चुके व्यक्ति को सक्रंमण होने पर भी अस्पताल नहीं जाना पड़ता। घर पर ही ठीक हो जाते हैं।
आई.एम.ए (लेडी डाक्टर्स विंग) एम.पी की अध्यक्ष डॉ. नीना गिदों ने गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को कोरोना वैक्सीन लगाने महत्व को बताते हुए कहा है कि तीसरी लहर से बचने के लिए वैक्सीन लगवाना जरूरी है। सभी गर्भवती महिलाएँ और छोटे बच्चों को स्तनपान करने वाली माताएँ कोविड-19 टीका जरूर लगवाए। टीका लगवाकर गर्भवती महिलाएँ कोरोना से खुद को और अपने बच्चे को सुरक्षित रख सकेगी। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. रामटेक ने कहा कि केवल पहली डोज लेना भर पर्याप्त नहीं होता। दोनों डोज लेने पर ही इम्यूनिटी बनती है। मैंने खुद दोनों डोज समय पर लगवाई है। सभी नागरिकों से अनुरोध है 25 और 26 अगस्त को टीकाकरण अवश्य करवाए। मेडिकल कालेज खण्डवा के डीन डॉ. आनंद पवार ने कहा कि कोरोना जैसी गंभीर बीमारी से बचने का सबसे सरल तरीका है टीका लगवाना। जिन्होंने पहली डोज नहीं ली वो तुरन्त पहली डोज लगवाए और जिनको दूसरी डोज लगवाना है वो समय पर दूसरी डोज लगवाए। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। संचालक एन.एच.एम. (टीकाकरण) डॉ. संतोष शुक्ला ने सभी से अनुरोध किया है कि टीकाकरण महाअभियान में 25 और 26 अगस्त में कोरोना टीका अवश्य लगवाए।
