मण्डला 5 जनवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कोविड संक्रमण की गति को देखते हुए जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मंडला जिले में आयोजित होने वाले संक्रांति सहित समस्त प्रकार के मेले एवं अन्य आयोजन प्रतिबंधित करें। श्रीमती सिंह ने संक्रांति के मद्देनजर नर्मदा जी में स्नान एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के लिए आने वाले प्रवासियों को निर्देशित किया है कि सभी को इस दौरान 48 घंटे पूर्व की आरटीपीसीआर रिपोर्ट रखना अनिवार्य है। उन्होंने प्रवासियों को संक्रांति के दौरान अपने घरों में ही रहकर धार्मिक कार्य संपन्न करने का आग्रह भी किया है। उन्होंने अपनी अपील में कहा है कि कोविड संक्रमण के मद्देनजर सभी भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। साथ ही मंदिरों एवं अन्य संस्थानों में मॉस्क का उपयोग करते हुए सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन करें।
घाटों पर कराएँ साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था
श्रीमती सिंह ने पीओ डूडा को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से मॉस्क का उपयोग एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराएं। साथ ही बिना मॉस्क के व्यक्तियों पर जुर्माने की कार्यवाही भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बताया कि मंडला नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत संक्रांति के दौरान विभिन्न घाटों पर होने वाले आयोजनों में 10 जनवरी से ही कोविड जांच प्रारंभ करें। स्नान आदि करने वाले श्रद्धालू भी आयोजन के पश्चात अपना कोविड जाँच अवश्य सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी घाटों पर जरूरी प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, मॉस्क की उपलब्धता तथा सोशल डिस्टेसिंग के पालन के लिए व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, नगरीय निकाय के अधिकारी तथा संबंधित उपस्थित थे।
