मण्डला 7 जनवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि बंटवारा, मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना तथा राजस्व वसूली का कार्य सभी राजस्व अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करेंगे। उन्होंने राजस्व अधिकारियों द्वारा नामांकन प्रकरणों के निराकरण में दर्ज की गई प्रगति पर संतोष जताया। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी बंटवारे के प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने सभी तहसीलदारों से उनकी कोर्ट में लगाए गए बंटवारे के प्रकरणों की जानकारी ली। कलेक्टर ने तहसीलदारों से बंटवारे के प्रकरणों में दिए गए लक्ष्य के अनुपात में अब तक प्राप्त की गई उपलब्धि के संबंध में जवाब मांगे। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण के साथ-साथ उनकी आरसीएमएस पोर्टल पर भी प्राथमिक रूप से एंट्री कराएं। श्रीमती सिंह ने बिछिया, मवई तथा अंजनिया में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत विशेष रूप से प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत अधिक से अधिक प्रकरण को दर्ज करते हुए अपलोड भी करें। कलेक्टर ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि इस माह के अंत तक सभी तहसीलों में राजस्व वसूली के कार्य में अपेक्षित प्रगति दर्शित होना चाहिए।
कोविड जागरूकता के लिए प्रतिदिन 11 बजे सायरन बजेगा
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक दिवस 11 बजे सभी तहसीलों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने एवं जागरूकता के उद्देश्य से सायरन बजाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों के निर्देशित किया कि वे प्रत्येक दिवस सुबह 11 बजे अपनी-अपनी तहसीलों में सायरन बजने के दौरान, रोको-टोको अभियान तथा लोगों को कोविड संक्रमण से संबंधित समझाइश देने के लिए मैदान में रहेंगे। राजस्व एवं पुलिस अधिकारी नियमित रूप से फुट मार्च भी करेंगे। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा संबंधित राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
