मण्डला 7 जनवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 8 जनवरी को आयोजित होने वाले 15 से 18 वर्ष के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन महाभियान के संबंध में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा, सीईओ जनपद एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी सीईओ जनपद 2007 या इससे पहले जन्मे बच्चों का पंचायत स्तर पर चिन्हांकन सुनिश्चित करें तथा उनकी सूची संबंधित विभागों को सौपें। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग ऐसे बच्चों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि 8 जनवरी को 15 से 18 वर्ष के बच्चों के कोविड वैक्सीनेशन के लिए वैक्सीनेशन टीम को जल्दी रवाना करें। साथ ही उनके पास में पर्याप्त कोविड डोज की उपलब्धता भी रखें। उन्होंने सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया कि शाला त्यागी बच्चों का कोविड टीकाकरण पूर्ण करें। उन्होंने बीएमओ को निर्देशित किया कि घर-घर वैक्सीनेशन के लिए मोबाइल टीम गठित करें। सीडीपीओ मोबाइल टीम से शाला त्यागी बच्चों के घर-घर जाकर भी कोविड वेक्सीनेशन का कार्य पूर्ण करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि शाला त्यागी बच्चों के पूर्ण वैक्सीनेशन संबंधी सर्टिफिकेट 11 जनवरी तक सभी सीडीपीओ सौंपेंगे।
श्रीमती सिंह ने डीपीसी को निर्देशित किया कि ड्रॉपआउट बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए बीएसी एवं बीआरसी की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिक्षा विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर 8 जनवरी के टीकाकरण के लिए निर्धारित टीकाकरण केंद्रों में बच्चों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला बाल विकास विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
