मण्डला 7 मार्च 2022
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी उपार्जन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए जिले में कुल 55 पंजीयन केन्द्र स्थापित किये गए हैं। शासन द्वारा रबी पंजीयन के लिए 5 फरवरी से 10 मार्च 2022 तक तिथि निर्धारित है। वर्तमान में आज दिनांक तक जिले के 55 पंजीयन केन्द्रों के माध्यम से 20770 कृषकों द्वारा 31423.79 हेक्टेयर भूमि में बोई गई रबी की फसल जैसे गेहूं, चना, मसूर एवं सरसों का पंजीयन कराया गया है। सभी पंजीयन केन्द्रों पर किसान पंजीयन का कार्य प्रारंभ है, जिन किसानों ने पंजीयन नहीं कराया है वे अपने नजदीकी पंजीयन केन्द्र में जाकर अपना पंजीयन करायें। जिन किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु पंजीयन कराना अनिवार्य है। जिन किसानों को पंजीयन कराना है, वे किसान ऐप, अधिकृत लोक सेवा केन्द्र, कॉमन सर्विस सेन्टर, एमपीऑनलाईन एवं वर्तमान में सहकारी समिति स्तर के पंजीयन केन्द्रों से पंजीयन करा सकते हैं। सिकमी व बटाईदार कृषक एवं वन पट्टाधारी का पंजीयन केवल शासन द्वारा पंजीकृत सहकारी समिति स्तर के पंजीयन केन्द्र पर ही हो सकेगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि पंजीयन के अंतिम दिनों के भीड़-भाड़ से बचने के लिए समय पहले आधार कार्ड, समग्र सदस्य आई.डी. एवं खसरा आदि की प्रति के साथ समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय हेतु किसान पंजीयन केन्द्र में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करायें।
