जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन सम्पन्न
मण्डला 29 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह के निर्देशन में त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन के संबंध में सम्मेलन 29 जुलाई को निर्धारित किया गया था। योजना भवन में प्रातः 11 बजे से जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार समस्त आवश्यक कार्यवाही की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में डॉ. संजय कुशराम तथा उपाध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम निर्वाचित हुए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिह ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.संजय कुशराम एवं

जिला पंचायत उपाध्यक्ष इंजीनियर कमलेश तेकाम को प्रमाण पत्र वितरण किया। इस अवसर पर एसपी यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओं रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम संबंधित अधिकारी तथा जिला पंचायत सदस्य उपस्थित थे।

कान्हा टायगर रिजर्व द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस का आयोजन
मण्डला 29 जुलाई 2022
कान्हा टायगर रिजर्व के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम शुरूआत क्रमशः 27 एवं 28 जुलाई को उत्कृष्ट विद्याालय एवं कन्या शाला महाराजपुर, मंडला के छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण तथा शपथ ग्रहण करा कर की गई। 29 जुलाई, 2022 को कान्हा टायगर रिजर्व द्वारा मंडला स्थित रानी अवंतीबाई उच्चतर माधयमिक विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर संरक्षण संबंधी चेतना के प्रचार-प्रसार कर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन का आरंभ श्री नरेश सिंह यादव, भा.व.से., संयुक्त संचालक, कान्हा टायगर रिजर्व, श्री पुनीत गोयल, भा.व.से., वनमंडलाधिकारी, पूर्व (सा.) वनमंडल, मंडला, श्रीमती प्रीता एस.एम., भा.व.से., वनमंडलाधिकारी, उत्पादन वनमंडल, मंडला एवं सुश्री ऋषिभा सिंह तेकाम, भा.व.से., उप संचालक, कान्हा टायगर रिजर्व एवं श्री राजेश क्षत्री, वरिष्ठ शिक्षक, उत्कृष्ट विद्यालय तथा प्राचार्य, शिक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएँ तथा कान्हा टाईगर रिजर्व के अधिकारी एवं कर्मचारीगण की उपस्थिति में किया गया।
विभिन्न प्रतियोतिगताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थी पुरूस्कृत
संपूर्ण कार्यक्रम कान्हा टायगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक श्री सुनील कुमार सिंह, भा.व.से. के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने बाघ एवं वन पर्यावरण संरक्षण पर भाषण प्रस्तुत किया। कान्हा टायगर रिजर्व के कर्मचारीगण शासकीय उ.मा.वि., मंडला, शासकीय कन्या उ.मा.वि., महाराजपुर, मंडला एवं शासकीय रानी अवंतीबाई उ.मा.वि., मंडला के छात्र-छात्राएं एवं अन्य वन्यप्राणी प्रेमीगण् उपस्थित रहें। कार्यक्रम समापन के उपरांत छात्र-छात्राओं को स्वल्पाहार वितरण किया गया। इस अवसर पर कान्हा प्रबंधन द्वारा चित्रकला एवं निबंध प्रतियोतिगता में भाग लेने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। साथ ही कान्हा टाईगर रिजर्व के 5 अग्रपंक्ति के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्री संजीव शर्मा, पार्क अधीक्षक, कान्हा टायगर रिजर्व द्वारा किया गया।

आधार डाटा संगहण का कार्य 1 अगस्त से
मण्डला 29 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के द्वारा दिये गये निर्देशानुसार मतदाता रजिस्ट्रीकरण 1960 के नियम 26 बी में संशोधन किया गया है। मतदाताओं के आधार नंबर मतदाताओं से स्वेछिक आधार पर लिये जाने का प्रावधान किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आधार कलेक्शन का कार्य 01 अगस्त 2022 से प्रारंभ किया जाएगा है। उन्होने समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अपने अधीनस्थ समस्त कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों को निर्धारित प्रपत्र-6बी के माध्यम से आधार नंबर का संग्रहण कराकर एनवीएसपी पोर्टल, वोटर हेल्प लाईन, वोटर पोर्टल के माध्यम से आधार नंबर दर्ज कराने का कार्य पूर्ण किया जाना है। 1 अगस्त 2022 को आधार नंबर फीड करने संबंधित जानकारी लेकर जनपद पंचायत संभागार मण्डला में प्रातः 10 बजे उपस्थित होकर कम्प्यूटर ऑपरेटरो के सहयोग से आधार नंबर फीड कार्य संपादित किया जायेगा।
आधार डाटा संग्रहण के संबंध में बैठक आज
मण्डला 29 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के द्वारा दिये गये निर्देशानसुार मतदाता रजिस्ट्रीकरण 1960 के नियम 26 बी में संशोधन किया गया है। मतदाताओं के आधार नंबर मतदाताओं से स्वेछिक आधार पर लिये जाने का प्रावधान किया गया है । आधार डाटा संग्रहण का कार्य 01 अगस्त 2022 से प्रारंभ किया जाएगा। उन्होने कहा कि आधार कलेक्शन के संबंध में व्यापक चर्चा, प्रचार-प्रसार एवं कार्ययोजना के संबध में 30 जुलाई 2022 को दोपहर 3:15 बजे से जिला योजना भवन मण्डला के सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने का निर्देशित किया है।

आधार डाटा संग्रहण के संबंध में मीडिया से चर्चा 1 को
मण्डला 29 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों को सूचित किया है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशानुसार मतदाता सूची में आधार डाटा संग्रहण 1 अगस्त से प्रारंभ किया जा रहा है। इस संबंध में जिला योजना भवन में 1 अगस्त को शाम 4 बजे बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने सभी संबंधितों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 से 10 अगस्त तक
मण्डला 29 जुलाई 2022
जिला समन्वयक अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार उद्यमित विकास केन्द्र म0प्र0 (सैडमैप) भेपाल द्वारा आयोजित खादी ग्रामोद्योग आयोग के व्ही आई सी भोपाल द्वारा प्रायोजित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत खादी और ग्रामोद्योग आयोग जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा खादी ग्रामोद्योग बोर्ड मण्डल द्वारा विभिन्न बैको को प्रेषित एवं बैको द्वारा स्वीकृत प्रकरणो में आवश्यक 05 एवं 10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला के परिसर में 1 अगस्त से 10 अगस्त 2022 तक आयोजित किया जा रहा है। ऐसे समस्त हितग्राही जिनको बैको के द्वारा ऋण प्रकरण में स्वीकृति प्राप्त हो गई है एवं बैको द्वारा पीएमईजीपी पोर्टल में स्वीकृति पत्र अपलोड कर दिया गया है वे समस्त हितग्राही दिनांक 01 अगस्त 2022 को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला समय प्रातः 10ः30 बजे उपस्थित होकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते है।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 29 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 29 जुलाई के दौरान 577.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 507.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 59.8 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को मण्डला में 48.2, नैनपुर में 12.1, बिछिया में 18 मि.मी., निवास में 18 मि.मी., घुघरी में 24.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 54.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 29 जुलाई को 29.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

’हर घर तिरंगा’ अभियान अन्तर्गत 1 अगस्त को साईकिल रैली का आयोजन
मण्डला 29 जुलाई 2022
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार भारत सरकार द्वारा 11 से 17 अगस्त 2022 की अवधि में ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान का क्रियान्वयन किया जाना है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता उत्पन्न कर देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को लगाने के लिए प्रेरित करना है। जिले में कलेक्टर के निर्देशानुसार ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु 01 अगस्त 2022 को जिला मुख्यालय एवं विकासखण्ड मुख्यालय में साईकिल तिरंगा रैली का आयोजन सुबह 9 बजे किया जायेगा। जिसमें जिला एंव विकासखण्ड मुख्यालय अर्न्तगत संचालित शालाओं के विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी साईकिल एवं तिरंगा के साथ शामिल होगे। सायकिल रैली हेतु जिला स्तर से डेªस कोड- सफेद, हरा अथवा केसरी रंग निर्धारित किया गया है।
जिला मुख्यालय में न्यूनतम 5000 एवं विकासखण्ड मुख्यालय में न्यूनतम 2500 विद्यार्थी शामिल होगें। साथ ही शाला एंव कॉलेज बैनर के साथ शिक्षक भी रैली में उपस्थित रहेगें। जिला मुख्यालय में साईकिल तिरंगा रैली महात्मा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर शहर का भ्रमण करेगी तथा विकासखण्ड मुख्यालय में रैली का रूट चार्ट का निर्धारण विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक द्वारा आपसी समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनायेगे।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 29 जुलाई 2022
28 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 29 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजपुर निवासी 52 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31
मण्डला 29 जुलाई 2022
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान व जोखिमों की भरपाई के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है जिससे ऋणी एवं अऋणी दोनों ही प्रकार के किसान अपनी अधिसूचित फसलों के लिए बीमा 31 जुलाई 2022 तक करा सकते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत खरीफ मौसम 2022 हेतु अधिसूचित पटवारी हल्का अंतर्गत किसानों की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने के लिए बैंकों द्वारा प्रीमियम का भुगतान किये जाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 निर्धारित की गई है। बैंक द्वारा बीमित किसानों की प्रविष्टि हेतु भारत सरकार के फसल बीमा पोर्टल पर बैंकों द्वारा समय सीमा में प्रविष्टि किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में उप संचालक कृषि द्वारा बताया गया है कि यदि किसी कृषकों द्वारा गत वर्ष बोई गई फसलों में किसी भी प्रकार का परिवर्तन किया गया है तो किसान द्वारा संबंधित बैंक से सम्पर्क कर बीमांकन की अंतिम तिथि के दो दिन पूर्व अर्थात 29 जुलाई 2022 तक बोई गई वास्तविक फसल की जानकारी बैंक को उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। किसानों की सुविधा को देखते हुये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ मौसम 2022 के अंतर्गत प्रदेश में नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस पोर्टल पर भू-अभिलेख एकीकरण का कार्य किया जा रहा है।
पंजीयन के समय कृषक की भूमि धारित संबंधित जानकारी भू-अभिलेख के आधार पर पोर्टल में ड्रॉपडाउन पर उपलब्ध हो सकेगी जिससे बीमाकर्ता द्वारा संगत खसरा नम्बर का चयन कर धारित भूमि का बीमा किया जा सकेगा। किसानों की सुविधा को देखते हुये पंजीयन के दौरान खसरा नम्बर तथा बीमित भूमि के क्षेत्रफल की सही-सही जानकारी बैंक द्वारा एनसीआईपी पोर्टल पर दर्ज किया जाना है जिससे किसानों को समय पर सही बीमा पॉलिसी जारी की जा सके। सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है ऋणी एवं अऋणी कृषकों का फसल बीमा निर्धारित समयावधि में किया जाना सुनिश्चित किया जाये।

पी.एम. किसान योजनांतर्गत 31 जुलाई ई.के.वाई.सी. कराने की अंतिम तिथि
मण्डला 29 जुलाई 2022
अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग भोपाल एवं आयुक्त भू-अभिलेख म.प्र द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए के निर्देशानुसार पी.एम. किसान योजना हेतु ई.के.वाई.सी. आधार वेस्ड भुगतान हेतु 31 जुलाई 2022 तक अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2022 ई.के.वाई.सी. कराने की अंतिम तिथि है इसके बाद ई.के.वाई.सी. से लंबित कृषक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किश्त प्राप्त नहीं कर पायेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हितग्राहियों को वर्ष में कुल 6000 रूपये की राशि हस्तांतरित की जाती है। अब तक 11 किस्तों का लाभ हितग्राहियों को प्राप्त हो चुका है। माह जुलाई 2022 के उपरांत 12वी किस्त आधार से बैंक खाता में उन हितग्राहियों को प्रदान की जायेगी जिनके द्वारा ई.के.वाई.सी की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी है। वर्तमान में जिले में पी.एम. किसान योजना के हितग्राहियों का ई.के.वाई.सी का कार्य मात्र 52 प्रतिशत ही पूर्ण हो सका है। इस हेतु हितग्राहियों की 12वी किश्त के भुगतान के लिये पी.एम. किसान पोर्टल पर ई.के.वाई.सी एवं आधार से बैंक खाता लिंकिंग की कार्यवाही अनिवार्य रूप से माह 31 जुलाई 2022 में अभियान चलाकर करें।
जिला मंडला अंतर्गत पी.एम.किसान योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों के ई.के.वाई.सी एवं आधार से बैंक खाता लिंकिंग की कार्यवाही अभियान चलाकर 31 जुलाई 2022 तक कार्य पूर्ण करने हेतु पटवारियों को आदेशित करें। सर्वाधिक लम्बित ग्रामों को चिहिन्त कर स्थानीय सी.एस.सी. सेन्टर से वहाँ कार्यशाला आयोजित की जायें। उक्त कार्य का पर्यवेक्षण एवं समयावधि मे पूर्ण करने हेतु अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसील स्तर पर तहसीलदार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाता है, जो प्रतिदिन की प्रगति से कलेक्टर कार्यालय को अवगत करायेंगे। उक्त कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

आज मण्डला में ’उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम
केन्द्रीय मंत्री होगे मुख्य अतिथि, आयोजन टाउनहाल में
मण्डला 29 जुलाई 2022
’आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत 30 जुलाई को मण्डला में ’उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से मण्डला के नगरपालिका टाउन हाल में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश के विद्युत की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी संचारण लाईनों का निर्माण घर-घर बिजली पहुँचाने, विद्युतीकरण को सुदृढ़ बनाने 24 घंटे विद्युत प्रदाय गैर पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में रिकार्ड बढ़ोतरी ऐसे कई कार्यों के बारे में विडियो फिल्म के माध्यम से बताया जाएगा।
साथ ही देश एवं प्रदेश में विद्युत साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों के बारे में बताया जाएगा। मण्डला में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का आयोजन एन.टी.पी.सी. गाडरवाड़ा द्वारा म.प्र.वि.म. एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित, ड्यूटी निर्धारित
मण्डला 29 जुलाई 2022
बाढ़ एवं अतिवृष्टि इत्यादि आपदाओं से निपटने के लिए कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में स्थापित जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कन्टोल रूम जिसका दूरभाष क्रमांक-07642-251079 है। कंट्रोल रूम में जिले भर से प्रतिदिन आपदा प्रबंधन से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी हीरालाल तिवारी प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख का मो. नंबर- 9826058991 के सहयोग के लिए शासकीय सेवकों की ड्यूटी 1 अगस्त 2022 से 30 सितम्बर 2022 तक तत्काल प्रभाव से निर्धारित दिनों एवं समय से लगा दी गई है। जारी आदेश के तहत सहा.ग्रेड-3 भरत झारिया सोमवार को रात्रि 9 बजे से प्रातः 9 बजे तक, बुधवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक, गुरूवार को दोपहर 3 से रात्रि 9 बजे तक, शुक्रवार को रात्रि 9 से प्रातः 9 बजे तक तथा रविवार को प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार कमल किशोर उसराठे सोमवार को दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक, मंगलवार को रात्रि 9 बजे से प्रातः 9 बजे तक, गुरूवार को प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक, शुक्रवार को दोपहर 3 से रात्रि 9 बजे तक तथा शनिवार को रात्रि 9 से प्रातः 9 बजे तक ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार देवेन्द्र चौरसिया सोमवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक, मंगलवार को दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक, बुधवार को रात्रि 9 से प्रातः 9 बजे तक, शुक्रवार को प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक तथा शनिवार को दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक एवं रविवार को दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे। सहा.ग्रेड-3 कपिल शुक्ला मंगलवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक, बुधवार को दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे तक, गुरूवार को रात्रि 9 बजे से प्रातः 9 बजे तक, शनिवार को प्रातः 9 से दोपहर 3 बजे तक तथा रविवार को रात्रि 9 से प्रातः 9 बजे तक ड्यूटी पर उपस्थित रहेंगे। रिजर्व दल में पंप आपरेटर राम बहादुर भारस्कर, डाकरनर घनश्याम प्रसाद तिवारी तथा भृत्य पंतगलाल यादव को नियुक्ति की गई है।
अपर कलेक्टर ने कहा है कि संबंधित शासकीय सेवक अंकित दिनों व समय पर कंट्रोल रूम में उपस्थित रहकर प्राप्त होने वाली सूचनाओं को निर्धारित पंजी में दर्ज कर आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी हीरालाल प्रभारी अधीक्षक भू-अभिलेख को तत्काल अवगत करायेंगे व उनके सतत संपर्क में रहकर उनके निर्देशन में कार्य करना सुनिश्चित करेंगे तथा डयूटी अवधि समाप्त होने पर अगली टीम के उपस्थित होने पर ही कंट्रोल रूम छोड़ेंगे। कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी द्वारा संबंधित कर्मचारियों का उपस्थिति पत्रक उनके कार्यालय प्रमुख को प्रत्येक माह की 20 तारीख तक अनिवार्य रूप से भेजने की कार्यवाही की जायेगी। ड्यूटी निरस्त करने हेतु कोई अभ्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा नियत ड्यूटी दिनों एवं निर्धारित समय में अनुपस्थित पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।
संबंधित कार्यालय प्रमुख, प्रभारी अधिकारी उनके अधीनस्थ कार्यरत शासकीय सेवक को आदेश से अवगत कराते हुए उसकी नियत ड्यूटी दिनों में निर्धारित समय पर जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कन्ट्रोल रूम में उपस्थिति सुनिश्चित करायेंगे। ड्यूटी दिनांक को कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का अवकाश न स्वीकृत किया जाये। किसी कर्मचारी को पूर्व से ही अवकाश स्वीकृत किया जा चुका हो अथवा कर्मचारी शासकीय कार्य से प्रवास पर हो तब ऐसी दशा में संबंधित कार्यालय प्रमुख इस कार्यालय को पूर्व सूचना देते हुए उसके स्थान पर अपने स्तर से किसी अन्य कर्मचारी को ड्यूटी हेतु भिजवाना सुनिश्चित करेंगे।

