नगरीय निकायों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का योजनाबद्ध प्रयास करें – डॉ. सलोनी सिडाना
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 25 मई 2023
नगरीय निकायों में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि नगरीय निकायों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का योजनाबद्ध प्रयास करें। आमजन को स्वच्छता का महत्व बताते हुए उन्हें अपने घर, मोहल्ला एवं नगर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रेरित करें। उन्हांेने स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रेरणास्पद गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, समस्त नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कहीं भी कचरा फैला न रहे, वार्डों की नियमित सफाई कराएं। व्यवसायिक क्षेत्रों में विशेष ध्यान दें। प्रमुख स्थलों पर डस्टबिन लगाएं। लोगों को गाड़ी में ही कचरा डालने के लिए प्रेरित करें। कचरा गाड़ियों में गीला तथा सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था बनाएं। इस संबंध में वाहन चालकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करें। कचरा गाड़ियों में रंग कराएं। विधिवत लॉकबुक संधारित करें। सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई कराएं। नगर के प्रमुख चौराहों तथा मार्गों में स्वच्छता संबंधी पेंटिंग कराएं एवं नारे लिखवाएं। कबाड़ से जुगाड़ की तर्ज में काम करते हुए अनुपयोगी सामग्री को भी उपयोग में लाएं। डॉ. सिडाना ने कहा कि गीले कचरे से खाद बनाने तथा सूखे कचरे के निष्पादन, सीएनडी, एफएसटीपी एवं एमआरएफ आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जोड़ें
बैठक में कलेक्टर डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि नगरीय निकायों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आमजन की सहभागिता नितांत आवश्यक है। उन्हांेने कहा कि स्वच्छता संवाद, रंगोली प्रतियोगिता, स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता, खेल गतिविधियाँ तथा स्वच्छता की शपथ जैसी गतिविधियों का आयोजन करें। इन गतिविधियों में प्रत्येक वार्डवासी को जोड़ने का प्रयास करें।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाएं
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने पेयजल व्यवस्था के संबंध में भी निकायवार जानकारी लेते हुए सुधार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदाय किए जा रहे जल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। जल छानन संयत्र तथा जल स्त्रोतों के रख-रखाव के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

नवीन शिक्षा सत्र के पहले निर्माण कार्यों को पूर्ण कराएं – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने की स्कूल शिक्षा विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा
मण्डला 25 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने स्कूल शिक्षा विभाग के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि नवीन शिक्षा सत्र के पूर्व निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जो भवन पूर्ण हो गए हैं उनको हस्तांतरण करने की कार्यवाही करें तथा नवीन शिक्षा सत्र में नए शाला भवन में ही शाला लगाएं। निर्माण कार्यों की कमजोर प्रगति पर उन्हांेने नाराजगी व्यक्त की।
डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि आगामी 15 दिवस में सभी शाला भवनों में आवश्यक मरम्मत रंगाई-पुताई आदि कार्य पूर्ण कराएं। जिन शाला भवनों में मरम्मत कार्य चालू है उन्हें भी जल्द पूर्ण कराएं तथा उनकी फोटो प्रस्तुत करें। मरम्मत एवं वाटरप्रूफिंग आदि कार्य के लिए प्रदाय की गई राशि का बेहतर उपयोग करें। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। बैठक में सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी तथा उपयंत्री सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शैक्षणिक अमले में संवेदनशीलता जरूरी
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि शैक्षणिक अमले में संवेदनशीलता आवश्यक है। उनके कार्य से विद्यार्थियों के भविष्य निर्धारित होते हैं। डॉ. सिडाना ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी अपने कार्य के महत्व को समझते हुए शैक्षणिक कार्यों में गुणवत्ता लाएं। शाला परिसर में आकर्षक शैक्षणिक वातावरण बनाएं। छात्र-छात्राओं को उनकी कक्षा के अनुरूप दक्षताएं अनिवार्य रूप से अर्जित कराएं।

28 मई को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग शिविर लगाकर करेगा सुनवाई
मण्डला 25 मई 2023
भारत सरकार के राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगों 28 मई मण्डला जिले के योजना भवन में बाल अधिकार संरक्षण की बेंच/शिविर लगाकर बाल अधिकारों के हनन व संरक्षण के संबंध में शिकायतों को सुनकर उनका निराकरण करेंगे। साथ ही बच्चों के अधिकार, बाल विवाह रोकने, शिक्षा से जोड़ने, नशामुक्ति के संबंध में जनमानस से चर्चा कर रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के नागरिकों से राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग मण्डला के योजना भवन में 28 मई को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित शिविर में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई है। शिविर में घरेलू श्रम के रूप में खतरनाक व्यवस्था में बाल श्रम को लगाना, देय राशि का भुगतान न करना, बचाए गए बाल श्रम का प्रत्यावर्तन, बच्चा सड़क पर उत्पाद बेच रहा है, एसिड अटैक से संबंधित मामले, माता-पिता, अभिभावकों, अन्य व्यक्ति के साथ सड़कों पर भीख मांगना, शारीरिक शोषण, हमला, परित्याग, उपेक्षा, घरेलू हिंसा का शिकार बच्चा, एच.आई.वी. स्थिति के आधार पर बच्चे के साथ भेदभाव, बच्चे को पुलिस ने पीटा, सी.सी.आई. में बच्चें के साथ दुर्व्यवहार, अवैध गोद लेना, सी.सी.आई. द्वारा एक बच्चे की बिक्री, बच्चे की बिक्री, बच्चों के खिलाफ हिंसा आदि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। शिविर के आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग मण्डला के जिला कार्यक्रम अधिकारी को लाईजनिंग ऑफीसर नियुक्त किया हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया है कि आयोग की बंेच में सुनवाई के लिये प्रातः 9 बजे से पंजीयन प्रारंभ होगा।

प्रशासन की तत्परता से रोका गया बाल विवाह
मण्डला 25 मई 2023
महिला बाल विकास तथा पुलिस विभाग की तत्परता से बीजाडांडी विकासखंड के मोहगांव ग्राम में होने जा रहे बाल विवाह को रोका गया। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम में हो रहे बाल विवाह की गोपनीय सूचना परियोजना अधिकारी बीजाडांडी मनीषा तिवारी को प्राप्त हुई। जिन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाते हुए पुलिस विभाग से समन्वय कर बाल विवाह को रोकने की कार्यवाही की। जांच में अंक सूची के अनुसार बालिका की आयु 13 वर्ष पाई गई। टीम द्वारा परिवार के सदस्यों को बाल विवाह के दुष्परिणाम से अवगत कराया गया। संयुक्त टीम में सुपरवाइजर रेखा पासी, मनीष द्विवेदी तथा पुलिस विभाग से जीवन उइके आदि शामिल रहे।

जल शक्ति एवं कार्यविभाग केन्द्रीय राज्यमंत्री का आगमन 28 को
मंडला 25 मई 2023
केन्द्रीय जल शक्ति एवं कार्यविभाग केन्द्रीय राज्यमंत्री भारत सरकार बीएलई श्री विश्रेश्वर टूडू का 28 मई 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री विश्रेश्वर टूडू 28 मई को रायपुर से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे मंडला पहुंचेंगे। वे दोपहर 3 बजे रामनगर के लिए रवाना होंगे तथा रामनगर में आयोजित आदि उत्सव में सम्मिलित होंगे। श्री विश्रेश्वर टूडू शाम 4:30 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

कलेक्टर ने की पीएचई तथा ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा
मंडला 25 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। पीएचई की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रत्येक गांव-टोला तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी क्षेत्र का सतत भ्रमण करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या पाए जाने पर तत्काल निदानात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि हेंडपंप सुधार से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त होती हैं उनमें तत्काल सुधार कार्य कराएं। कलेक्टर ने हेंडपंप उत्खनन कार्य की समीक्षा करते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी नलजल योजनाएं बंद न रहें। प्रत्येक गांव, टोला तक पानी पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्हांेने जल परिवहन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जल-जीवन मिशन के कार्यों के तहत जहां भी सड़कें खोदी जा रही हैं, कार्य के उपरांत उनकी उचित गुणवत्ता के साथ मरम्मत सुनिश्चित करें। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूर्ण कराएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें। सड़कों के अपूर्ण कार्य जल्द पूरा कराएं। शासन के निर्देशानुसार पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण का कोई भी कार्य अपूर्ण रहने की स्थिति में सड़क का नवीन कार्य स्वीकृत नहीं किया जाएगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन सहित संबंधित उपस्थित रहे।

जागरूकता शिविर संपन्न
मंडला 25 मई 2023
मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीजाडांडी एवं कार्यालय की सहायक प्रबधंक रेखा चौरसिया की उपस्थिति में मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना व स्वरोजगार योजना का जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सहायक प्रबधंक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मण्डला रेखा चौरसिया द्वारा बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने हेतु उपस्थित 74 युवक एवं युवतियों का पंजीयन किया जाकर उचित मार्गदर्शन प्रदाय किया गया।
रेखा चौरसिया द्वारा म.प्र. शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना अंतर्गत स्वयं का उद्योग के लिए 50 हजार से 50 लाख तक ऋण एवं सेवा क्षेत्र एवं व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं। योजनार्तगत 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान सी.जी.टी. एम.एस.ई. अतंर्गत बैंक गारंटी का प्रावधान है। साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार योजनांतर्गत 50 हजार से 50 लाख तक उद्योग हेतु एवं सेवा क्षेत्र 50 हजार से 20 लाख तक ऋण का प्रावधान है जिसमें 15 से 35 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है तथा हितग्राही का 5 से 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान लगाने का भी प्रावधान है।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का आगमन आज
मंडला 25 मई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 26 मई 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 25 मई 2023 को शाम 7ः30 बजे जिला कटनी से रवाना होकर जेवरा जिला मंडला पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 26 मई को प्रातः 10 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे एवं 11 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं सर्किटहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 27 एवं 28 मई को रामनगर में आयोजित आदि उत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे।

गोवा के विधानसभा अध्यक्ष का आगमन आज
मंडला 25 मई 2023
गोवा विधानसभा के अध्यक्ष श्री रमेश तावड़कर का 26 मई 2023 को शाम 5 बजे मंडला आगमन हो रहा है। वे 27 एवं 28 मई को रामनगर में आयोजित आदि उत्सव में सहभागिता करेंगे तथा 29 मई 2023 को दोपहर 2 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

आदि उत्सव में मेडिकल कॉलेज जबलपुर के चिकित्सक देंगें सेवाएँ
मंडला 25 मई 2023
27 एवं 28 मई 2023 को रामनगर में आदि उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि इस उत्सव के गरिमामय आयोजन के लिए विभाग की ओर से चिकित्सा व्यवस्था एवं उपकरणों एवं दवाईयों से सुसज्जित एम्बूलेंस उत्सव स्थल पर उपलब्ध रहेगी। जिले के विभिन्न विकासखण्डों के चिकित्सक एवं पेरामेडिकल स्टॉफ अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही आने वाले समस्त आमजनों के स्वास्थ्य में कोई समस्या या परेशानी होने पर उन्हे किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर से केंसर, मेडिसिन, सर्जरी, गायनिक, चर्मरोग, कान, नाक, गला, न्यूरोलॉजी, मनोविज्ञान, शिशुरोग, नेत्र, कार्डियोलॉजी, अस्थिरोग के विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। 27 मई 2023 को 22 विशेषज्ञ चिकित्सक एवं 50 प्रशिक्षु चिकित्सक तथा 28 मई 2023 को 14 विशेषज्ञ चिकित्सक एवं 50 प्रशिक्षु चिकित्सक आदि उत्सव में अपनी संवाएं देंगे।

26 एवं 27 मई को प्रातः 8 से 11 तक बंद रहेगी बिजली आपूर्ति
मंडला 25 मई 2023
11 केवी बोल्ट फीडर में नगरपालिका के द्वारा रोड चौंड़ीकरण में लाईन शिफ्टिंग/सुधार कार्य किए जाने के कारण 26 एवं 27 मई 2023 को प्रातः 8 से 11 बजे तक मंडला नगर के हागगंज, अम्बेडकर वार्ड, बड़चौराहा, बाहरखाई, सुभाषवार्ड, डिंडौरी नाका रोड, उदयचंद चौक, कबीर चौक, रोजगार कार्यालय, आजाद वार्ड, बस स्टेंड तथा पड़ाव आदि क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बंद रहेगी। आवश्यकतानुसार समयावधि घटाई, बढ़ाई जा सकती है।

