आदि उत्सव में होगा जनजातीय संस्कृतियों का समागम
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
मण्डला 24 मई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने 27 एवं 28 मई 2023 को होने वाले आदि उत्सव के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आदि उत्सव सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का प्रयास है जिसमें भारत की विभिन्न जनजातीय संस्कृतियों का समागम होगा। कार्यक्रम के महत्व को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियाँ समयपूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित करें। श्री कुलस्ते ने मुख्य कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान टेंट व्यवस्था, मंच, विद्युत, आवागमन, पार्किंग आदि व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, ईईपीआईयू जीपी पटले, हिन्दी सलाहकार समिति के सदस्य सुधीर कसार सहित संबंधित उपस्थित रहे।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि आदि उत्सव के आयोजन में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल भी सहभागिता करेंगे। संगोष्ठी में दिल्ली, सागर, जबलपुर एवं छिंदवाड़ा आदि स्थानों से विषय विशेषज्ञों का आदिवासी साहित्य एवं इतिहास की जानकारी देंगे। आयोजन के दौरान मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। ख्यातिलब्ध कलाकारों तथा विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान श्री कुलस्ते ने कहा कि आदि उत्सव के दौरान पड़ने वाली गर्मी को ध्यान में रखते हुए टेंट, बैठक तथा पानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। नर्मदा तट पर आकर्षक विद्युत साज-सज्जा करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान उपयोग में आने वाले डिस्पोजल सहित अन्य सामग्रियों को एकत्र कर उनके विनिष्टिकरण की कार्यवाही करें। श्री कुलस्ते ने मोतीमहल में आयोजित होने वाली संगोष्ठी के लिए चिन्हित स्थल का अवलोकन करते हुए कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने आदि उत्सव के दौरान लगने वाले स्वास्थ्य शिविर के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी ली। श्री कुलस्ते ने भ्रमण के दौरान पूजा स्थल, ध्वज स्थल, पेसा कार्यशाला स्थल, प्रदर्शनी स्थल, व्यंजन मेला स्थल तथा रायभगत की कोठी आदि स्थलों का भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

आदि उत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
मण्डला 24 मई 2023
आदि उत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री भारत सरकार फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व सांसद राज्यसभा संपतिया उइके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा की गरिमामय उपस्थिति में पुलिस ग्राउंड मंडला में हुआ। प्रथम दिवस तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंतर्गत खिलाड़ियों ने सहभागिता की जिसमें प्रथम तीन स्थान प्राप्त प्रतियोगियों को चयनित किया गया इसके साथ ही 10वीं एवं 12वीं सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, नीरज मरकाम, अनुराग बिट्टू चौरसिया, सुधीर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने विद्यार्थियों को एवं खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मंडला जिले में खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और तीरंदाजी में जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपना स्थान बना रहे हैं उन्हें हर संभव मदद शासन की ओर से प्रदान की जा रही है। इस वर्ष आदि उत्सव में जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया है। 10वीं 12वीं सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यार्थियों को उन्होंने उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधायक देवसिंह सैयाम ने भी संबोधित किया। आयोजन में खिलाड़ियों व विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के तहत 24 से 26 मई तक खेल प्रतियोगिताओं के अंर्तगत बैडमिंटन व कबड्डी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
इस अवसर पर एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह कंवर, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, नीरज मरकाम, अनुराग बिट्टू चौरसिया, सुधीर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास में लगा दिव्यांग शिविर
102 प्रमाण-पत्र जारी किए गए
मण्डला 24 मई 2023
मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास में दिव्यांगजनों की जांच के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर 102 दिव्यांगजनों को प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
इस संबंध में एसडीएम निवास क्षमा सराफ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 24 मई 2023 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास में आयोजित शिविर में 137 दिव्यांगों का पंजीयन किया गया। जाँच उपरांत 102 दिव्यांगजनों के प्रमाण-पत्र जारी किए गए। शिविर में डॉ. मयूर कपाड़े, डॉ. सूरज मरावी, डॉ. श्रृद्धा तिवारी, डॉ. सोनाली जयसवाल, डॉ. अमृतलाल कोल आदि द्वारा दिव्यांगजनों की जांच की गई। शिविर स्थल में प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी। इस दौरान सीईओ निवास सुश्री दीप्ति यादव, सीएमओ मयूर वाहने, तहसीलदार शंकर मरावी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

डॉ. सरौते को बीएमओ घुघरी का प्रभार
मण्डला 24 मई 2023
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी के निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने डॉ. लक्ष्मण सिंह उईके को खंड चिकित्सा अधिकारी के प्रभार से मुक्त करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र राम्हेपुर में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष सरौते को बीएमओ का प्रभार सौंपा है। डॉ. लक्ष्मण सिंह उईके को जिला चिकित्सालय मंडला में संलग्न किया गया है।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने 17 मई 2023 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी का निरीक्षण किया था जिसमें अनियमितताएं पाई गई थीं जिस पर डॉ. उईके को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था जिसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इस संबंध में संभागीय आयुक्त कार्यालय में कार्यवाही प्रचलित है।

पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद उपलब्ध, अग्रिम उठाव करें कृषक
मण्डला 24 मई 2023
शासन की अग्रिम खाद भंडारण योजना के तहत सेवा सहकारी समितियों, विपणन संघ के डबल लॉक केन्द्रों एवं प्राईवेट विक्रेताओं के पास पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद का अग्रिम भंडारण किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के विपणन संघ के डबललॉक केन्द्र में यूरिया 2293, डीएपी 2930 तथा एनपीके 423 उपलब्ध हैं। सेवा सहकारी समिति में यूरिया 2570, डीएपी 1695 तथा एनपीके 197 उपलब्ध है। इसी प्रकार प्राईवेट विक्रेताओं के पास यूरिया 1166, डीएपी 1300 एवं एनपीके 283 की मात्रा में उपलब्ध हैं। जिला विपणन अधिकारी ने किसानों से खाद का अग्रिम उठाव करने का आग्रह किया है।

लाड़ली बहना योजना के तहत आधार एवं डीबीटी लिंकेज में
मंडला जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर
मण्डला 24 मई 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत किए जा रहे आधार लिंकेज तथा डीबीटी एक्टिवेशन कार्य में मंडला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। इस संबंध में लाड़ली बहना योजना के तहत जिले में 1 लाख 96 हजार 669 महिलाओं ने अपना पंजीयन कराया है। योजना का लाभ लेने के लिए प्रत्येक महिला का बैंक खाता में आधार लिंक होना एवं डीबीटी एक्टिव होना अनिवार्य है। इंटरनेट तथा पहुंच आदि की समस्याओं के बाद भी मंडला जिला लक्ष्य की ओर अग्रसर है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निर्धारित समयावधि में शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने का आव्हान किया है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला जिले में 1 लाख 96 हजार 669 पंजीकृत महिलाओं में से 1 लाख 79 हजार 937 महिलाओं का आधार लिंक करने की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है, जो लक्ष्य का 91.5 प्रतिशत है। इसी प्रकार 1 लाख 78 हजार 332 महिलाओं का डीबीटी एक्टिवेट कर दिया गया है, जो लक्ष्य का 90.7 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिलाओं के आधार लिंकेज एवं डीबीटी एक्टिवेशन का कार्य 31 मई 2023 तक पूर्ण किया जाना है।

विश्व टीकाकरण सप्ताह द्वितीय चरण प्रारंभ
मण्डला 24 मई 2023
विश्व टीकाकरण सप्ताह का आयोजन तीन चरणों में किया जाना है, जिसका द्वितीय चरण का शुभारंभ 24 मई से किया गया है, जो 31 मई 2023 तक (रविवार, अवकाश एवं नियमित टीकाकरण दिवासों को छोड़कर) आयोजित किया जायेगा। टीकाकरण सप्ताह की थीम- “The Big Catch-up for MR elimination 2023ß है। विश्व टीकाकरण सप्ताह के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष के बच्चों को सम्पूर्ण टीकाकृत कर उन्हें 11 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की जाएगी। विश्व टीकाकरण सप्ताह का अंतिम चरण 24 से 30 जून 2023 तक आयोजित किया जायेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने समस्त 0 से 5 वर्ष के बच्चों के अभिभावकों से अपील की गई है, कि वे अपने बच्चों को उनके ड्यू डोज अनुसार अपने नजदीकी टीकाकरण सत्र स्थल में जाकर टीकाकरण करायें एवं उन्हें 11 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करें।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 24 मई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 26 मई 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 25 मई 2023 को शाम 7:30 बजे जिला कटनी से रवाना होकर जेवरा जिला मंडला पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 26 मई को प्रातः 10 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे एवं 11 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं सर्किटहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 27 एवं 28 मई को रामनगर में आयोजित आदि उत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे।

गोवा के विधानसभा अध्यक्ष का आगमन 26 को
मंडला 24 मई 2023
गोवा विधानसभा के अध्यक्ष श्री रमेश तावड़कर का 26 मई 2023 को शाम 5 बजे मंडला आगमन हो रहा है। वे 27 एवं 28 मई को रामनगर में आयोजित आदि उत्सव में सहभागिता करेंगे तथा 29 मई 2023 को दोपहर 2 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

रोजगार मेला तथा हितलाभ अंतरण कार्यक्रम संपन्न
मण्डला 24 मई 2023
नगरपालिका टाउनहॉल में जिला स्तरीय रोजगार दिवस तथा म.प्र. एमएसएमई प्रोत्साहन योजनांतर्गत सिंगल क्लिक के माध्यम से हितलाभ अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगरपालिका टाऊनहॉल में पूर्व राज्यसभा सांसद सम्पतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित उपस्थित रहे।
जिला स्तरीय स्वरोजगार दिवस कार्यक्रम प्रदेश स्तरीय के साथ-साथ जिला स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें अतिथियों द्वारा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, टंटया मामा आर्थिक कल्याण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजनांतर्गत आदि में बैंकों के द्वारा 3572 हितग्राहियों को राशि 1852.54 लाख स्वीकृत एवं वितरण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने म.प्र. एमएसएमई प्रोत्साहन योजनांतर्गत सिंगल क्लिक के माध्यम से मण्डला जिले के 15 इकाईयों को 18 लाख 62 हजार 854 का हितलाभ अंतरण किया।

मुख्यमंत्री ने रिंकी साहू से किया संवाद
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेस के माध्यम से मण्डला जिले की सफल उद्यमी रिंकी साहू से संवाद किया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। श्री चौहान ने उनके व्यवसाय को और बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की। रिंकी साहू ने बताया कि ग्राम पौंड़ी तहसील निवास में इकाई मेसर्स आयुषी फुड इण्डस्ट्री का संचालन करती है। वह अपने व्यवसाय को बढ़ाकर और भी अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करना चाहती है। रिंकी साहू ने एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 9 लाख 19 हजार 133 रूपए का अनुदान प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

रोजगार मेले में 35 आवेदकों का चयन
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया जिसमें 93 युवक, युवतियों ने ऑनलाईन, ऑफलाईन पंजीयन कराया। मेले में 35 आवेदकों का विभिन्न क्षेत्र के निजी कम्पनियों द्वारा प्रारंभिक चयन किया गया। मेले में चयनित अभ्यर्थियों को मंच से जनप्रतिनिधियों के द्वारा ऑफर लेटर भी वितरित किए गए।

मारपीट के आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मण्डला 24 मई 2023
एसडीएम मंडला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ग्राम सकवाह में रोड कॉन्टेक्टर सोनू राजपूत से मारपीट के आरोपी नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, रिंकू कछवाहा एवं अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना महाराजपुर में धारा 294, 324, 506 एवं 34 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य के कारण झूला पुल से पुरवा मार्ग को प्रतिबंधित किया गया है जिस पर आवागमन को लेकर हुए विवाद में नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, रिंकू कछवाहा एवं अन्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा रोड कॉन्टेक्टर सोनू राजपूत से मारपीट की गई है। महाराजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

गिरदावरी संबंधी दावा आपत्ति प्रस्तुत करने आज अंतिम तिथि
मण्डला 24 मई 2023
शासन द्वारा गलत गिरदावरी या विसंगति होने पर 25 मई 2023 तक संबंधित तहसीलदार के समक्ष किसानों को दावा आपत्ति प्रस्तुत करने की समय-सीमा नियत की गई है। इस संबंध में सभी कृषकों से आग्रह किया गया है कि वे विसंगति होने पर तत्काल संबंधित तहसीलदार के समक्ष मय रिकॉर्ड यथा मौके पर फसल की फोटो या अन्य प्रमाण लेकर आवेदन प्रस्तुत करें। शासन के निर्देशानुसार 30 मई 2023 तक जायद फसलों के संबंध में कृषकों से प्राप्त आपत्तियों का निराकरण तहसीलदार, नायब तहसीलदार आवश्यक जाँच उपरांत करेंगे। 30 मई 2023 के बाद कोई भी संशोधन नहीं किया जा सकेगा एवं फसलों की जानकारी का डाटा लॉक कर दिया जाएगा।

पंचायत उपनिर्वाचन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
मण्डला 24 मई 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पंचायत उप निर्वाचन 2023 (पूर्वाद्ध) को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए अधिकारियों के दायित्वों के निर्वहन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं।
जारी आदेश के तहत कानून एवं व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर मीना मसराम, शिकायतों की मॉनिटरिंग एवं निराकरण, रूटचार्ट, कंट्रोल रूम के लिए सहा. अधीक्षक हीरालाल तिवारी, ईव्हीएम प्रबंधन के लिए अल्प बचत अधिकारी आरके बागड़े, कार्मिक प्रबंधक, प्रशिक्षण, मतदान दल, मतपत्र लेखा के लिए सहा.आयुक्त विजय तेकाम एवं जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मधु मिश्रा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार सामग्री प्रबंधन, मतदाता सूची, विक्रय हेतु आवश्यक पुस्तकों के लिए कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा डीएस आर्मो, परिवहन व्यवस्था के लिए जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता, मतपत्रों के प्रबंधन के लिए जिला कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी तथा पीओएल व्यवस्था के लिए प्रभारी खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

अजेन्द्रनाथ प्रजापति को तहसीलदार मंडला का अतिरिक्त प्रभार
मण्डला 24 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने तहसीलदार मंडला कमलचंद सिंहसार के अवकाश में होने के फलस्वरूप नायब तहसीलदार बम्हनी अजेन्द्रनाथ प्रजापति को अपने कार्य के साथ-साथ आगामी आदेश पर्यन्त तहसीलदार मंडला का कार्य संपादित करने आदेशित किया है।

स्वरोजगार के लिए करें ऑनलाईन आवेदन
मण्डला 24 मई 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 40 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटो कॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटा चक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण, एवं रेपेरिंग, निर्माणकार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन पत्र भरकर स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर 8953500194 एवं एस.एल. वरकडे के मो. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

जिले की सभी तहसीलों में पटवारी पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
मण्डला। मंगलवार को पटवारी संघ ने ज्ञापन सौंपा हैं। पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गीतेन्द्र गीतू बैरागी ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में पटवारी पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि 4 मई के परिप्रेक्ष्य में पटवारियों पर की गयी सभी कार्यवाहियों को वापस लेने एवं उस ज्ञापन के आधार पर पटवारियों के सीमांकन कार्य से विरत रहने व सीमांकन कार्य में किसी भी प्रकार का सहयोग न करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। मध्यप्रदेश शासन को संबोधित करते हुए सभी जिला कलेक्टर को इस संबंध में ज्ञापन दिए गए थे कि समान कार्य समान वेतन के आधार पर मध्यप्रदेश के पटवारियों को 2800 ग्रेड पे दिया जाये। ज्ञापन में लेख कर अवगत कराया गया था कि पटवारियों के पास संसाधन की कमी है तथा विशेष भर्ती अभियान अंतर्गत नियुक्त 500 राजस्व निरीक्षकों द्वारा सीमांकन कार्य नहीं किये जाने से पटवारियों पर पूर्व से अत्यधिक कार्य होने व अन्य विधिक व्यावहारिक कारणों से प्रदेश में पटवारी द्वारा सीमांकन कार्य नहीं किया जायेगा। जब तक पटवारियों को समान कार्य समान वेतन के आधार पर 2800 ग्रेड पे नहीं दिया जाता है व समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तब तक प्रदेश का पटवारी सीमांकन कार्य नहीं करेगा और ना ही सीमांकन कार्य में किसी प्रकार का सहयोग करेगा किन्तु इसके बावजूद प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला कलेक्टर द्वारा पटवारियों के द्वारा सीमांकन कार्य नहीं किये जाने से उन पर निलम्बन आदि कार्यवाहियां की गयी है और अन्य कार्यवाहियां प्रचलन में हैं । उदाहरण के लिए सिंगरौली जिले में 11 पटवारियों को निलंबित किया गया है। उक्त सभी कार्यवाहियों को यदि 24 घंटे अर्थात 24 मई तक वापिस नहीं लिया जाता है तो मध्यप्रदेश पटवारी संघ के निर्णय अनुसार प्रदेश के सम्पूर्ण पटवारी के साथ-साथ तहसील के भी पटवारी दिनांक 25 मई से 3 दिवस सामूहिक अवकाश पर जायेंगे और दिनांक 28 मई रविवार को शासकीय अवकाश होने के कारण दिनांक 29 मई को ही अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित हो पायेंगे साथ ही पटवारी अन्य कार्यों के संपादन को बंद करने को विवश होगा जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित जिला कलेक्टर का होगा। उक्त ज्ञापन मप्र पटवारी संघ के दिशा-निर्देश पर जिला पटवारी संघ द्वारा सौंपा गया है।

