Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 5 जून 2023

 

जो विद्यार्थी सपने देखते हैं वे अपने सपनों को साकार भी करते हैं – डॉ. सिडाना

मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान

मण्डला 5 जून 2023

                योजना भवन में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के मेधावी बच्चों का सम्मान हुआ। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मेधावी बच्चों को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी तथा उनके भविष्य की रणनीति एवं सपने के बारे में आत्मीय चर्चा की। कलेक्टर ने बच्चों को मोटिवेट करते हुए कहा कि अपने भविष्य के लिए सपने ज़रूर देखें। जो विद्यार्थी सपने देखते हैं वे अपने सपनों को साकार भी कर लेते हैं इसलिए सपने जरूर देखिए और उनको पूरा करने के लिए प्लानिंग करें और मेहनत करें। कलेक्टर ने इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों से चर्चा की। मेधावी विद्यार्थियों ने भी अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए अपने सपनों एवं प्लानिंग के बारे में बताया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बच्चों के माता-पिता, अभिभावकों तथा प्राचार्यों को भी विद्यार्थियों की इस सफलता के लिए शुभकामनाएँ एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें उन्हें समय-समय पर पौष्टिक आहार दें। माता-पिता अपना समय एवं देखभाल बच्चों में इन्वेस्ट करें यही बच्चे भविष्य में पूरे परिवार को रिटर्न देंगे।

करियर काउंसलिंग की बनाएँ व्यवस्था

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि उत्तीर्ण हुए बच्चों के लिए आगामी 2-3 दिनों में करियर काउंसलिंग कार्यशाला आयोजित करें। उन्हांेने विद्यार्थियों से कहा कि जिस विषय में रूचि हो उसको और आगे पढ़ें। उन्होंने इस दौरान कक्षा 10वी एवं 12वी की जिला तथा प्रदेश स्तरीय प्राविण्य सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित भी किया। इस अवसर पर योजना भवन में मेधावी विद्यार्थियों के माता-पिता, अभिभावक एवं संस्था प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

 

 

नेहरू पार्क में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने किया पौधारोपण

मण्डला 5 जून 2023

5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के नेहरू पार्क में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।

जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने इस दौरान बच्चों के साथ वृक्षारोपण कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ़ 5 जून ही नहीं हम सब लोगों को हर दिन पर्यावरण को बचाने के लिए समर्पित करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्हांेने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी एवं बच्चे पर्यावरण संदेश को जीवन में उतारें एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाएं। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि हम सभी को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए इसकी शुरुआत अपने घर से ही करना चाहिए। उन्होने कचरा निपटान के तरीक़ों की चर्चा करते हुए कहा कि इंदौर शहर से प्रेरणा लेते हुए मंडला शहर को भी स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए सभी संकल्प लें।

चित्रकला एवं वॉलपेंटिंग प्रतियोगिता हुई आयोजित

 

नेहरू पार्क में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चित्रकला एवं वॉलपेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों से चर्चा करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उन्हें पर्यावरण बचाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने घर, बड़े-बुज़ुर्गों को भी पृथ्वी को बचाने, पेड़ लगाने के लिए छोटे-छोटे प्रयास करने का संदेश दें। नेहरू पार्क में उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ भी दिलाई गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना: आईटीआई एवं महाविद्यालयों की बैठक

मण्डला 5 जून 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना की विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देशों तथा क्रियान्वयन के लिए ज़िले के सभी आईटीआई एवं महाविद्यालयों की बैठक ली। गोलमेज में आयोजित इस बैठक में जीएमडीआईसी सहित महाविद्यालय के प्राचार्य, शासकीय आईटीआई के संचालक उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना प्रशिक्षण के अभाव में रोज़गार से वंचित युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस योजना से विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए स्टाईपेंड प्राप्त कर सकेंगे।

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सेमीनार करें

 

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सभी प्राचार्यों एवं आईटीआई प्राचार्य तथा संचालकों को निर्देशित किया कि आगामी एक सप्ताह में अपने स्तर पर ज्यादा से ज्यादा सेमिनार एवं कार्यशालाएं आयोजित करें तथा इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। विद्यार्थियों को योजना की पात्रता, पंजीयन प्रक्रिया तथा योग्यतानुसार मिलने वाले स्टाईपेंड के बारे में विस्तार से बताएं। उन्‍होंने निर्देशित किया कि अगले सोमवार से इस योजना के लिए इच्छुक विद्यार्थियों का चिन्हांकन भी प्रारंभ करें। उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत प्रतिष्ठानों के लिए 7 जून से ऑनलाईन पोर्टल पर पंजीयन प्रारंभ हो रहे हैं। इसी प्रकार युवाओं के लिए 15 जून 2023 से पंजीयन प्रारंभ हो रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए https://mmsky.mp.gov.in/ पर संपर्क किया जा सकता है।

योजना के लिए पात्रता

 

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 29 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना चाहिए तथा 12वी/आईटीआई उत्तीर्ण या उससे उच्च शिक्षित होना चाहिए। ट्रेनिंग में 12वी उत्तीर्ण युवाओं को 8 हजार रू., आईटीआई उत्तीर्ण को 8 हजार 500 रू., डिप्लोमा उत्तीर्ण को 9 हजार रू. एवं स्नातक उत्तीर्ण या उच्च शैक्षणिक योग्यता को 10 हजार रू. प्रतिमाह स्टाईपेंड दिया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मण्डला 5 जून 2023

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 5 जून 2023 को विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में किया गया। इस अवसर पर कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंडला, जिला चिकित्सालय मंडला एवं सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पौधारोपण किया गया तथा शपथ भी दिलाई गई। जिला चिकित्सालय मंडला में विभिन्न कार्यक्रम जैसे- पोस्टर, रंगोली, निबंध, स्लोगन, मानव श्रंखला का आयोजन किया गया। जी.एन.एम. ट्रेनिंग सेंटर मण्डला, सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग मण्डला, रावतपुरा सरकार नर्सिंग कॉलेज बहेलिया टोला मण्डला, भारत इंस्टीट्यूट मण्डला के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं कार्यक्रमों में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आए छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

सिविल सर्जन द्वारा लोगों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण दिवस के महत्व के बारे में बताया गया एवं प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करेंगे एवं लोगों को वातावरण को सुरक्षित बनाने हेतु जागरूक की शपथ दिलाई गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

टाऊनहॉल में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

मण्डला 5 जून 2023

                5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगरपालिका टाउनहॉल में किया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन को सजीव प्रसारण के माध्यम से देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, समाजसेवी सरिता अग्निहोत्री, पार्षदगण एवं संबंधित उपस्थित थे। इस दौरान पर्यावरण को बचाने के लिए कपड़े की थैले का विमोचन किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण संकल्प

विधायक मंडला ने किया लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरण

मण्डला 5 जून 2023

                नैनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत निवारी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अन्तर्गत पात्र पात्र बहनों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने बहनों को स्वीकृति पत्र बांटे। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जन अभियान परिषद के माध्यम से विश्व पर्यावरण दिवस आयोजन भी हुआ। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मोबाइल वेटनरी यूनिट से पशु चिकित्सा हुई बेहतर

मण्डला 5 जून 2023

                उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मई 2023 को पूरे प्रदेश में प्रारंभ टोल फ्री क्रमांक 1962 अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में मोबाइल वेट यूनिट द्वारा घर-घर पहुंचकर पशु चिकित्सा सेवा का संचालन किया जा रहा है।

3 जून को सुनीता भारतीया (बैगा), बैगा टोला, ग्राम दलकागोपांगी विकासखंड घुघरी द्वारा टोल फ्री क्रमांक 1962 भोपाल पर कॉल करके अपने बैल के बीमार होने की जानकारी दी गई। टोल फ्री क्रमांक 1962 भोपाल द्वारा विकासखंड मोबाइल वेट यूनिट को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मोबाइल वेट यूनिट घुघरी दल वाहन के साथ मौके पर पहुंची एवं बीमार बैल का उपचार किया गया। इस दौरान चिकित्सा दल द्वारा ग्रामीणों से चर्चा उपरांत ग्राम में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 115 पशुओं को लम्पी रोग रोकथाम हेतु प्रतिबंधात्मक टीके भी लगाये गये। बकरियों को पटार की दवाई पिलाई गई और 25 पशुपालकों को किलनी की दवाई वितरित की गई। मोबाइल यूनिट दल प्रभारी डॉ.आर.एम.भुरमुदे पशुचिकित्सक द्वारा मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय (बैगा) योजना, केसीसी योजना, बीमा योजना एवं अन्य विभागीय हितग्राही मूलक योजना संबंधी जानकारी से अवगत कराया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पर्यावरण दिवस: जनसेवा मित्रों ने किया विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

मण्डला 5 जून 2023

                5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडला जिले के सभी विकासखंडों में जनसेवा मित्रों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। मिशन लाइफ के अन्तर्गत पर्यावरण दिवस पर ज़िले के सभी जनसेवा मित्रों ने सीएम फेलो सुप्रिया पाठक के निर्देशन में पौधारोपण, मंदिर की सफाई, स्वच्छता संबंधी जागरूकता रैली इत्यादि का आयोजन किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

परियोजना सलाहकार मंडल एकीकृत जनजातीय विकास की बैठक 7 को

मण्डला 5 जून 2023

                परियोजना प्रशासक एवं सदस्य, सचिव से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जून 2023 को अध्यक्ष, परियोजना सलाहकार मण्डल एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना मण्डला एवं निवास की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक जिला योजना भवन मण्डला के सभाकक्ष में सायं 4 बजे आयोजित की गई है। 14 जून 2023 को विधायक विधानसभा क्षेत्र मण्डला सह अध्यक्ष, परियोजना सलाहकार मण्डल मण्डला की अध्यक्षता में जिला योजना भवन मण्डला के सभाकक्ष में समय सायं 4 बजे बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक का एजेण्डा पूर्वानुसार रहेगा।

 

 

 

 

 

 

 

सहायक कलेक्टर को जनपद पंचायत बिछिया का प्रभार

मण्डला 5 जून 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सहायक कलेक्टर (भाप्रसे) अर्थ जैन को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बिछिया का प्रशासकीय कार्य अन्य आगामी आदेश पर्यन्त संपादित करने हेतु आदेशित कर दिया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिछिया विनोद कुमार मरावी यथावत वित्तीय प्रभार सम्पादित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

एनडीएमए के सहयोग से राज्य, जिला स्तरीय आईआरएस प्रशिक्षण तथा मॉक एक्सरसाईज 6 एवं 8 जून को

मण्डला 5 जून 2023

                अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मानसूनपूर्व प्रदेश स्तर पर बाढ प्रबंधन हेतु 6 जून 2023 को टेबिल टॉप अभ्यास तथा 8 जून 2023 को मॉक एक्सरसाईज किया जाना प्रस्तावित है। जिला स्तर पर अधिकारीगण एवं सभी हितधारक विभाग उपस्थित रहेंगे। अतः टेबिल टॉप अभ्यास हेतु 6 जून 2023 दिन मंगलवार जनसुनवाई के बाद दोपहर 1:30 बजे सभी विभाग की संपूर्ण जानकारी सहित योजना भवन में उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

मंडला 5 जून 2023

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 7 जून 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 7 जून 2023 को दोपहर 1:30 बजे जिला सिवनी से नैनपुर के लिए रवाना होंगे एवं शाम 5 बजे नैनपुर एवं संयुक्त मोचा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते सायं 7 बजे मंडला सर्किटहाउस में स्थानीय कार्यक्रम एवं अल्प विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 9 बजे मंडला से जबलपुर के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 10:30 बजे जबलपुर से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे।

श्री कुलस्ते 8 जून को दोपहर 12:30 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। वे प्रातः 10 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे एवं 11 बजे मंडला पहुंचकर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 1:30 बजे मंडला से बिछिया के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 2 बजे बिछिया पहुंचकर विधानसभा क्षेत्र बिछिया के लाभार्थी सम्मेलन में भाग लेंगे एवं स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते सायं 6 बजे बिछिया से जेवरा के लिए रवाना होंगे एवं रात्रि 8 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 9 जून 2023 को प्रातः 10 बजे जेवरा से नारायणगंज के लिए रवाना होंगे एवं प्रातः 10:45 बजे नारायणगंज पहुंचकर संयुक्त मोचा कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा दोपहर 1:30 बजे नारायणगंज से बीजाडांडी के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 2 बजे बीजाडांडी पहुंचकर लाभार्थी कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं सायं 4 बजे बीजाडांडी से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

प्रकरणों के निराकरण से आवेदकों को अवगत कराएं – डॉ. सिडाना

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 5 जून 2023

                समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन में प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही से आवेदकों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रत्येक प्रकरणों का अध्ययन करते हुए उनका समुचित निराकरण करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों में तथ्यात्मक जवाब दर्ज कराएं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत जिन महिलाओं का डीबीटी शेष है उनका फॉलोअप करते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराएं। सीमांकन सहित अन्य राजस्व के प्रकरणों का समय में निराकरण करें। जननी सुरक्षा, प्रसूति सहायता के प्रकरणों पर समय पर भुगतान की कार्यवाही करें। डॉ. सिडाना ने ईई पीडब्ल्यूडी को बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के पूर्व नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई के लिए विशेष अभियान संचालित करें। बैठक में टीएल के प्रकरणों पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

विभागीय कार्यालयों में होंगी समीक्षा बैठकें

 

                बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकें उनके कार्यालयों में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों के परिसर एवं भवन को स्वच्छ और सुंदर बनाएं। कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। बैठक में स्वच्छ ऑफिस प्रतियोगिता के तहत पीडब्ल्यूडी, पीआईयू एवं पीएचई विभाग द्वारा कार्यालय भवनों में कराए गए कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया गया।

मतदान केन्द्रों का भ्रमण करें सेक्टर अधिकारी

 

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी निर्वाचन संबंधी सौंपे गए कार्यों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें। अवकाश पर जाने तथा मुख्यालय छोड़ने के लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक है। कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। डॉ. सिडाना ने ईव्हीएम की प्रथम स्तरीय जांच के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

मेधावी छात्राओं का विधायक ने किया सम्मान कहा अच्छी शिक्षा के लिए अच्छा वातावरण होना भी जरूरी

मंडला। जिले के मेधावी छात्राओं का सम्मान कार्यक्रम विधायक डॉ अशोक मर्सकोले के निवास स्थान पर किया गया। यहां मेधावी छात्रों से विधायक ने चर्चा की और आगे की पढ़ाई पर छात्राओं की रूचि जानी। विधायक ने कहा कि सीमित संसाधनों के बाद भी जिले के बच्चें प्रदेश संभाग और जिला स्तर पर अपना और परिवार का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मण्डला में अच्छे कोचिंग क्लासेस की कमियां हैं वहीं शिक्षा को लेकर भी जागरूकता का अभाव दिखाई देता है ऐसे में छात्रों के द्वारा अपने परिजन शिक्षक और दोस्तों के सहयोग से अध्ययन करना और प्रदेश स्तर पर नाम कमाना बड़ी बात है। उन्होंने छात्रों के परिजनों को भी बधाई दी है इस दौरान उन्होंने छात्रों को डायरी पेंन गुलदस्ता भेंट किया साथ ही उपस्थित शिक्षकों का यहां सम्मान किया गया। इस दौरान उपस्थित छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि उन्हें जैसे ही समय मिलता था वे अध्ययन के लिए बैंठ जाते थे उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा के लिए अच्छा वातावरण भी उपयोगी होता है सभी छात्रों ने अपने परिजन गुरूजन और सहयोगियों का अभार व्यक्त किया है इस दौरान पत्रकार परिषद के जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने मण्डला जिले में कक्षा 10वीं एवं 12 के परीक्षा परिणाम पर चिंता व्यक्त करते हुए उपस्थित अतिथियों को जिले की शिक्षा व्यवस्था की हकीकत बताई इस वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम काफी निराशजनक रहा है अगर जबावदार अधिकारी ध्यान देते तो परिणाम काफी अच्छे आते। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुलाब सिंह उईके, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील दुबे, वरिष्ठ पत्रकार राजेश साहू, समाजसेवी सत्यनारायण खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
12 बच्चों प्रदेश स्तर पर मारी बाजी
जिले से 22 छात्रों ने हाईस्कूल परीक्षा में जिला और प्रदेश स्तर पर नाम कमाया है। यहां कु भूमिका यादव 500 में से 491 निर्मिला कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला चौंथा स्थान, कु. प्रतिष्ठा 500 में से 491 अमल ज्योति उच्चतर माध्यमिक  विद्यालय महाराजपुर चौंथा स्थान, मो. जीशान कुरैशी 500 में से 491 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर चौथा स्थान, कु. प्रिन्सी पटैल 500 में से 490  अमल ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर पांचवा स्थान, रिशीकांत रंजन 500 में से 490 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर पांचवा स्थान, तेजस ठाकुर 500 में से 490 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर पांचवा स्थान, कु. सेजल जंघेला 500 में से 489 सरस्वती हाई स्कूल बिछिया छटवां स्थान, कु. श्रुति जंघेला 500 में से 487 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक नैनपुर आठवां स्थान, कु शगुप्ता फातिमा 500 में से 486 अमल ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर नौंवा स्थान, विमलेश कुमार तेकाम 500 में से 486 सरस्वती हाई स्कूल बिछिया नौंवा स्थान, कु. नूपुर भलावी 500 में से 486 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर स्थान नौंवा, अनन्त साहू  500 में से 485 सरस्वती हाई स्कूल बम्हनी बंजर दसवां स्थान प्राप्त किया है।
जिला स्तरीय प्रवीण्य सूची ये रहे आगे
जिला स्तरीय के प्रवीण्य सूची में कु. कीर्ति जंघेला 500 में से 484 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर प्रथम स्थान, कु राशि अग्रवाल 500 में से 484 शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय प्रथम स्थान, रिशभ जैन 500 में से 484 सेन्ट एजेंल हाईस्कूल निवास प्रथम स्थान, अमन पाण्डे 500 में से 483 सरस्वती हाई स्कूल बिछिया द्वितीय स्थान, कु पूर्णिमा सिंह 500 में से 483 सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर द्वितीय स्थान, सुजल नंदा 500 में से 483 शासकीय हाई स्कूल दिवारा द्वितीय स्थान, आकाश बरमैया 500 में से 481 सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला तृतीय स्थान, कु अदिति राय 500 में से 481 भारती ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला तृतीय स्थान, सत्यम कोकडिय़ा 500 में से 481 अमल ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर तृतीय स्थान, कु अक्षरा खंडेलवाल 500 में से 481 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
हायर सैकेण्डरी में प्रदेश स्तरीय
कु दिव्यांशी जैन 500 में से 482 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर प्रथम स्थान, कु जान्हवी चंदेला  500 में से 476 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है।
हायर सैकेण्डरी में जिला स्तरीय
प्रांजल सिंह राजपूत, 500 में से 474 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर प्रथम स्थान, कु मंशा बाजपेयी 500 में से 472 निर्मिला कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला द्वितीय स्थान, कु मनीषा खत्री 500 में से 469 ज्ञान ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनपुर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।

 

 

 

 

 

 

 

कबीर सम्मान से सम्मानित हुए ज्योतिषी

मंडला। साहित्य सहोदर संस्था जबलपुर द्वारा 4 जून को जानकी रमण महाविद्यालय जबलपुर में कबीर सम्मान 2023 के लिए आयोजित समारोह में मंडला के प्रोफेसर रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यरत डॉ सियाशरण ज्योतिषी हिंदी विभाग को उनके साहित्यिक सांस्कृतिक शैक्षणिक एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए कबीर सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉक्टर कपिल देव मिश्र कुलपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर की अध्यक्षता, प्रदीप दुबे प्रांत संघ संचालक महाकौशल प्रांत जबलपुर के मुख्य अतिथ्य एवं सुरेश मिश्र विचित्र संस्थापक तथा डॉक्टर अभिजात कृष्ण त्रिपाठी अध्यक्ष एवं प्राचार्य जानकी रमण महाविद्यालय जबलपुर की गरिमामय उपस्थिति में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त जबलपुर शहर और आसपास के शिक्षाविद साहित्यकार कलाकार और समाजसेवी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। डॉ ज्योतिषी की इस सफलता पर उनके इष्ट मित्रों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं

 

 

 

 

Related posts

वैश्य संगठन के सदस्यों से निरंतर संवाद एवं संपर्क से होगा विस्तार युवा प्रकोष्ठ की बैठक में बनीं रणनीति

Reva India News

पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा से टाटरी को मिली नई उड़ान प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल एवं मंत्री श्रीमती उइके ने किया उद्घाटन

Reva India News

प्रभारी कलेक्टर ने किया सांस्कृतिक भवन के निर्माण कार्यों का अवलोकन

Reva India News

Leave a Comment