Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 20 जुलाई 2023

जेईई और नीट की तैयारी के लिए ज्ञानार्जन 2.0

कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा, टीचर्स को किया मोटीवेट

प्रवेश परीक्षा आयोजित, 1 अगस्त से शुरू होंगी कक्षाएँ

मंडला 20 जुलाई 2023

​कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में जेईई और नीट परीक्षाओं की तैयारी के लिए ज्ञानार्जन 2.0 का प्रारंभ आगामी 1 अगस्त से किया जा रहा है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और सहायक कलेक्टर अर्थ जैन ज्ञानार्जन 2.0 के नोडल नियुक्त किए गए हैं। 1 अगस्त से प्रारंभ होने वाली जेईई और नीट की कक्षाओं के लिए 20 जुलाई को उत्कृष्ट विद्यालय में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई जिसमें 4 स्कूल- उत्कृष्ट विद्यालय, क्रमांक-2 स्कूल, रानी अवंती बाई और कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर के 315 विद्यार्थी शामिल हुए। कलेक्टर ने गुरूवार को सुबह 11 बजे से आयोजित हुई इस प्रवेश परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। उन्‍होंने इस प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए आगामी 1 अगस्त से प्रारंभ होने वाली कक्षाओं की तैयारियों का भी विस्तार से जायजा लिया एवं जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।उन्होंने १ अगस्त से आयोजित होने वाली कक्षाओं के लिए निःशुल्क किताबें, स्तरीय कोचिंग मटेरियल एवम् नोट्स, प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों जैसे बायजु, फिजिक्सवाला,ऐलन,

अनएकेडमी, आदि की अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।

 

4 विषयों के 32 शिक्षक हुए चिन्हित

 

 

 

​ज्ञानार्जन 2.0 के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग के 4 विषयों के 32 शिक्षक चिन्हित किए गए हैं। ये शिक्षक बायोलॉजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स तथा मेथ्स विषय के हैं। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उत्कृष्ट विद्यालय में इन सभी शिक्षकों से मुलाकात की। उन्‍होंने सभी शिक्षकों को मोटीवेट करते हुए कहा कि परिवार एवं आने वाली पीढ़ी को बेहतर करने के लिए शिक्षक सबसे सशक्त माध्यम है। जिला प्रशासन द्वारा नीट एवं जेईई की प्रवेश परीक्षा में जिले के बच्चों के चयन के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएंगे। सभी शिक्षक अपनी योग्यता का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को सवारने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। जेईई एवं नीट में चयन के बाद इन बच्चों का जीवन बदलेगा। साथ ही उनके परिवार तथा उनकी आगामी पीढ़ी की स्थिति भी बेहतर हो सकेगी। डॉ. सिडाना ने कहा कि सभी शिक्षक एक समान विजन रखते हुए इस कार्य में अपना सहयोग दें।

प्रतियोगी परीक्षाओं के काबिल बनाना मुख्य उद्देश्य

 

​कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने चिन्हित शिक्षकों से बात करते हुए कहा कि ज्ञानार्जन 2.0 के अंतर्गत चयनित बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए काबिल बनाएं। शिक्षक स्वयं पहले अच्छी तैयारी करें। जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट स्तर का मटेरियल एवं नोट्स उपलब्ध कराया जाएगा। सभी शिक्षक विगत् वर्षों के जेईई और नीट परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों का गहन अध्ययन करें। उसके अनुसार अपनी रणनीति बनाएं, अध्ययन की पहले स्वयं तैयारी करें, फिर विद्यार्थियों को पढ़ाएं। समय-समय पर टेस्ट भी डिजाईन करें। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की समस्या एवं डाउट का समाधान करना हर शिक्षक की प्राथमिकता होना चाहिए। बच्चों को प्रश्न पूछने प्रोत्साहित करें, उनके डाउट आत्मीयता से क्लीयर करें।

 

टीचर के साथ मेंटर का रोल निभाएं

 

​कलेक्टर ने ज्ञानार्जन 2.0 के लिए चिन्हित शिक्षकों से कहा कि वे सभी विद्यार्थियों से आत्मीय रूप से जुड़ें। उनकी समस्याएं सुनें और समझें। समय-समय पर उनके लिए अभिभावक, कोच, गाईड का रोल निभाएं। प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए सभी शिक्षक टीचर के साथ-साथ मेंटर की भूमिका भी निभाएं। डॉ. सिडाना ने सभी शिक्षकों को कक्षाओं के दौरान टॉपिक तैयार करने, टेस्ट पेपर तैयार करने और बच्चों के डाउट क्लीयर करने की विशेष सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय-समय पर विषय-विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कक्षाओं के संचालन के लिए सभी चीजों की संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई जाएगी।

1 अगस्त से प्रातः 7 से 9:30 बजे लगेंगी कक्षाएं

 

​ज्ञानार्जन 2.0 के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी सहायक कलेक्टर अर्थ जैन ने बताया कि 20 जुलाई 2023 को नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित हुई जिसमें 11वी जेईई के लिए 50 तथा 12वी जेईई के लिए 64 विद्यार्थी शामिल हुए। इसी प्रकार 12वी नीट के लिए 201 बच्चे प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की आगामी 1 अगस्त से कक्षाएं प्रारंभ होगी जिन्हें 4 विषयों के 32 शिक्षक पढ़ाएंगे। सहायक कलेक्टर ने बताया कि जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए कक्षाएं प्रातः 7 बजे से 9:30 बजे तक लगेंगी। समय-समय पर विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से भी डाउट क्लीयरिंग सेशन आयोजित किए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शिवांशी के होठों पर आई मुस्कान

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत हुआ ऑपरेशन

मंडला 20 जुलाई 2023

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विकासखंड निवास के ग्राम खमरिया माल निवासी शिवांशी का सफल ऑपरेशन हुआ। शिवांशी के पिता ब्रजमोहन बताते हैं कि शिवांशी का होंठ जन्म से ही कटा था एवं तालू फटा हुआ था।

ब्रजमोहन कहते हैं कि शिवांशी के इलाज के लिए आंगनवाड़ी केन्द्र में आरबीएसके की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टर द्वारा मेरे परिवार को समझाईश दी गई एवं कहा कि शिवांशी जल्द ठीक हो जाएगी। ऑपरेशन के बाद मेरी बेटी अब पूर्णतः ठीक है। परिवार भी खुश है। मैं और मेरा परिवार शासन-प्रशासन एवं आरबीएसके की टीम को धन्यवाद देता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 22 को

मंडला 20 जुलाई 2023

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक 22 जुलाई 2023 को जिला योजना भवन में अपरान्ह 3 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में 1 जून 2023 डीएचएस का पालन प्रतिवेदन के आधार पर मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत अनमोल पोर्टल रैंकिंग, विकासखंडवार 5 खराब प्रदर्शन वाले उप स्वास्थ्य केन्द्र में की गई कार्यवाही की जानकारी, मातृ मृत्यु, प्रसव केन्द्रों की क्रियाशीलता एवं रेफरल ऑडिट की समीक्षा की जाएगी। साथ ही शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के शिशु स्वास्थ्य रैंकिंग, एसएनसीयू एवं एनबीएसयू, शिशु मृत्यु, टीकाकरण एवं दस्तक अभियान तथा सिकिल सेल एनीमिया एवं अन्य संबंधित बिन्दुओं पर चर्चा की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देशित किया है कि समस्त जिला कार्यक्रम अधिकारी संबंधित कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण एवं समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी विकासखंड स्तर का प्रस्तुतीकरण स्वयं करेंगे। साथ ही पूर्ण तैयारी के साथ जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

वर्षा ऋतु के दौरान निर्मित गड्ढों के सुधार कार्य हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त

मंडला 20 जुलाई 2023

ईईपीडब्ल्यूडी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (भ./स.) संभाग मण्डला के अधीन मार्गों एवं पुल/पुलियों में वर्षा ऋतु के दौरान निर्मित गड्ढों के सुधार कार्य हेतु अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग संजय सिंह द्विवेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आमजन मार्गों एवं पुल/पुलियों में सुधार कार्य से संबंधित शिकायतें व सुझाव के लिए संजय सिंह द्विवेदी के मो0नं0 9425165091 से सम्पर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

असाधारण प्रतिभाशाली और बहादुर बच्चे होंगे पुरूस्कृत

मंडला 20 जुलाई 2023

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट असाधारण प्रतिभाशाली एवं बहादुर बच्चों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु आवेदन अमंत्रित किये गये हैं। इस संबंध में असाधारण प्रतिभा संपन्न बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों में जैसे नवीन अविष्कार, असाधारण शैक्षणिक योग्यता, उत्कृष्ट कला, खेलकूद, सांस्कृतिक क्षेत्र, सामाजिक सेवा एवं बहादुरी के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिये प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिया जाएगा। इस पुरस्कार में चयनित प्रतिभाशाली बच्चे को एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। ऐसे बच्चे जिन्होंने दूसरों के लिए असाधारण बहादुरी के निस्वार्थ कार्य किए और असाधारण क्षमताओं और उत्कृष्ट उपलब्धियों वाले छोटे बच्चों को सम्मानित किया है। खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला और सृस्कृति और नवाचार के क्षेत्र में समाज पर व्यापक और दृश्यमान प्रभाव डाला है, जो राष्ट्रीय स्तर पर उचित मान्यता के पात्र हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी रोहित बड़कुल द्वारा बताया गया कि चयनित बालकों को यह पुरस्कार जनवरी माह में आयोजित विशिष्ट समारोह द्वारा दिया जाएगा। इस पुरस्कार के लिये आवेदक अपना आवेदन 31 अगस्त 2023 से पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के पोर्टल पर https://awards.gov.in ऑनलाइन कर सकते है। विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट या महिला एवं बाल विकास कार्यालय जिला पंचायत परिसर द्वितीय तल से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

2 अगस्त तक जमा होंगे मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के आवेदन

मंडला 20 जुलाई 2023

कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के लिए 2 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नहीं हैं, को तीर्थ स्थानों में से एक या युग्म तीर्थों की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 2 अगस्त 2023 से 15 अक्टूबर 2023 तक यात्रा कराई जा रही है। तीर्थ यात्रा के अंतर्गत 18 अगस्त 2023 को मण्डला जिले हेतु काशी (वाराणसी) की यात्रा कराई जानी है। इस संबंध में संबंधित निकायों में 2 अगस्त 2023 तक आवेदन पत्र जमा किए जा सकते हैं।

तीर्थदर्शन यात्रा 18 अगस्त से 21 अगस्त 2023 तक कुल 4 दिवस की यात्रा होगी। तीर्थ यात्रियों के स्टेशन ले जाने एवं वापिस लाने के लिए प्रोटोकॉल द्वारा व्यवस्था की जाएगी। यात्री अपने साथ मौसम के अनुरूप व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री आदि साथ में रखेगें। साथ ही विशिष्ट सुविधाओं का लाभ प्राप्त करता है तो वह स्वयं वहन करेगा। यात्रीगणों को अपने साथ आधार कार्ड, परिचय पत्र एवं कोविड वेक्सीनेशन प्रमाण पत्र मूल में, छायाप्रति साथ में रखना आवश्यक होगा। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, कोविड वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट, मूल निवास प्रमाण-पत्र, मोबाईल नंबर तथा दो फोटो आवश्यक होगा।

 

 

 

 

 

 

 

एमपी वनमित्र पोर्टल पर नवीन दावों के निराकरण की सुविधा

मंडला 20 जुलाई 2023

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी अधिनियम 2006 नियम 2008 के अंतर्गत पूर्व के निरस्त दावों का पुनः परीक्षण कर निराकरण की कार्यवाही एमपी वनमित्र पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। एमपी वनमित्र पोर्टल पर नवीन दावों के निराकरण की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी जो वनाधिकार की पात्रता रखते हैं वे एमपी वनमित्र पोर्टल पर उपलब्ध नए मोड्यूल का उपयोग करते हुए वनाधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत नवीन दावे प्रस्तुत कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज मानादेई, अंजनी, बम्हनी एवं मनेरी तथा नगरपरिषद निवास में होंगे कार्यक्रम

मंडला 20 जुलाई 2023

16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के मानादेई, बिछिया विधानसभा के अंजनी एवं निवास विधानसभा के बम्हनी, मनेरी एवं नगरपरिषद निवास में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

मंडला विधानसभा के मानादेई में आयोजित कार्यक्रम इमलीगोहान, मानादेई, अहमदपुर, बिंझिया, खापाकला, सिलपुरा, साल्हेडंडा एवं कटरा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए राजकुमार उरमलिया को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के अंजनी में आयोजित कार्यक्रम अंजनी, चंदवारा, पिपरीमाल, देवरीदादर, परसाटोला एवं भाड़ा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए कमल चिचाम पंचायत समन्वयक एवं अखिलेश पंद्रे उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के बम्हनी में आयोजित कार्यक्रम बम्हनी, भावल, गुजरसानी, कोंड्रामाल एवं चिरईडोंगरी, मेढ़ी, खैरानी, मनेरी, झुरकी एवं पौंड़ी तथा नगर परिषद निवास के संपूर्ण निकाय क्षेत्र पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए जेके पटेल पीसीओ एवं मंशाराम धुर्वे तथा मयूर बहाने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 20 जुलाई 2023

जिले में इस वर्ष 1 जून से 20 जुलाई 2023 के दौरान 535.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 389.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 145.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जुलाई को मंडला में 20.6 मि.मी., नैनपुर में 0.2 मि.मी., बिछिया में 8 मि.मी., निवास में 6.8 मि.मी., घुघरी में 12.1 मि.मी. तथा नारायणगंज में 14.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 20 जुलाई 2023 को 10.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय के पोषण पुर्नवास केन्द्र 15 सेम बच्चे भर्ती एवं 5 बच्चे डिस्चार्ज हुए

मंडला 20 जुलाई 2023

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेम बच्चे 1 माह से 5 वर्ष तक के पोषण पुर्नवास केन्द्र में भर्ती होकर पोषण प्राप्त करना, बीमार बच्चों का डॉक्टर की देखरेख में इलाज किया जाता है। इस दौरान बच्चे के स्वास्थ्य एवं वृद्धि विकास की निगरानी की जाती हैं। 14 दिन बाद बच्चे को डिस्चार्ज किया जाता है। मां को सहयोग राशि प्रोत्साहन के रूप में प्रतिदिन 120 रूपये के हिसाब से शासन द्वारा दी जाती है एवं समय-समय पर फॉलोअप के लिए बुलाया भी जाता है। इसी तारतम्य में पोषण पुर्नवास केन्द्र मण्डला में 13 जुलाई 2023 से 19 जुलाई 2023 तक 15 बच्चे भर्ती हुए।

5 बच्चे स्वस्थ होकर लौटे अपने घर

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जुलाई से 18 जुलाई तक आयुष पिता राहुल मरावी, रिषभ पिता संतराम पंद्रो, गनेषनी पिता मिथलेश भारतीया, प्रतीक पिता प्रमोद कछवाहा एवं शिवांश पिता शुभम स्वस्थ होकर अपने घर गए।

 

 

 

 

 

 

 

 

लेखा प्रशिक्षण हेतु आवेदन करने की आज अंतिम तिथि

मंडला 20 जुलाई 2023

शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में संभाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए लेखा प्रशिक्षण का नवीन सत्र 1 अगस्त 2023 से प्रारंभ हो रहा है। संभाग के समस्त कार्यालय प्रमुखों के अधीन कार्यरत नियमित लिपिक वर्गीय कर्मचारी जो म.प्र. शासन सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति हेतु उल्लेखित अनिवार्य अर्हता पूरी करते हैं एवं सहायक ग्रेड-3 के पद पर एक वर्ष की लगातार सेवा पूरी कर ली हों, वे आवेदन कर सकते हैं।

प्रशिक्षण हेतु आवेदन पत्र 21 जुलाई 2023 की शाम 5 बजे तक कार्यालय प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में जमा किये जा सकते हैं। उक्त प्रशिक्षण शासकीय कर्मचारियों के लिये निःशुल्क है एवं अर्धशासकीय, निगम, मंडल एवं निकाय के कर्मचारियों को म.प्र. शासन द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण शुल्क 2 हजार रूपए का चालान सत्र में प्रवेश होने पर अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

 

 

 

 

 

 

दो दिवसीय समयाव में अपनी रचना प्रस्तुत करेंगे नामचीन साहित्यकार

रज़ा स्मृति के अंतर्गत हो रहे है विभिन्न आयोजन

मंडला – विश्व विख्यात चित्रकार सैयद हैदर रजा की पुण्यतिथि को रज़ा स्मृति के रूप में मनाया जा रहा है। रज़ा स्मृति के अंतर्गत बुधवार की शाम मंडला कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने 21 गोंड कलाकारों के चित्रों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। गुरुवार की सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ संजय कुशराम ने चित्रकला कार्यशाला, छाते पर रंग और माटी पर रंग कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस दौरान डॉ. संजय कुशराम ने गमले पर हाथ आजमाते हुए शानदार पेंटिंग भी की। यह कार्यशाला शुक्रवार – शनिवार की सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रज़ा कला वीथिका में चलेगी। शुक्रवार – शनिवार को ही दो दिवसीय समवाय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, इसमें देश के प्रसिद्ध साहित्यकार व कवि अपनी रचना प्रस्तुत करेंगे।

रज़ा स्मृति में आयोजित चित्रकला कार्यशाला में बड़ी संख्या में लोग अपनी सहभागिता दर्ज कराती नजर आए।  इसमें हर उम्र और वर्ग के लोगों ने ड्राइंग शीट पर अपनी कल्पना को साकार रूप देने की कोशिश की। इसी तरह छाता पेंटिंग में भी खासा उत्साह देखा गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने छातों में आकर्षक चित्रकारी की। लोग मिट्टी के चाक पर भी कारीगरी करने को लेकर काफी उत्सुक नजर आए। उन्होंने चाक पर मिट्टी की कई चीजें बनाई। रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि रज़ा साहब के मंडला में सुपुर्द ए खाक होने के बाद रज़ा फाउंडेशन द्वारा मंडला को कला का केंद्र बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में रज़ा उत्सव, रजा स्मृति और आरंभ मंडला की सीरीज का आयोजन किया जाता रहा है। 1 मई से लगातार रज़ा कला वीथिका में पेंटिंग और कत्थक की वर्कशॉप चल रही है जिसमें काफी उत्साहवर्धक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

रज़ा स्मृति में आयोजित चित्रकला कार्यशाला में शामिल होने पहुंची रीवा की शिखा अग्रवाल ने बताया कि मैं अपने मायके बम्हनी बंजर आई हुई थी। मुझे रज़ा स्मृति के बारे में जानकारी लगी तो मैं भी अपने बहतिजे लव के साथ इसमें शामिल होने पहुंची। मुझे यहां आकर काफी अच्छा लगा। यहां हर उम्र और हर वर्ग के लोग एक साथ मिल बैठकर चित्रकारी कर रहे है। इससे कला को लेकर काफी अच्छा माहौल बन रहा है। मैंने भी छाता पेंट किया और मिटटी के दिए बनाए। मेरा इस कार्यक्रम में शामिल होने का पहला अनुभव काफी बढ़िया  यादगार रहा। अच्छा लगा कि हमारे मंडला में इस तरह के बढ़िया आयोजन हो रहे है। अनीता तिवारी ने कहा कि जब से मंडला में रज़ा फाउंडेशन की गतिविधियां शुरू हुई है तब से ही मैं इसमें शामिल होते आ रही हूं। इस कार्यक्रमों का हमे वर्ष भर इन्तिज़ार रहता है, जब हमे अपने अंदर छुपे कलाकार को जानने – समझने का मौका मिलता है।

रज़ा फाउंडेशन नई दिल्ली एवं कान्हा टाइगर रिजर्व के सहयोग से रज़ा कला वीथिका मंडला में ही रज़ा स्मृति कार्यक्रम के अंतर्गत टी शर्ट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता में कक्षा 6वी से 8वी एवं कक्षा 9वी से 12वी एवं कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें बाघ, तेंदुआ, मध्य प्रदेश में पाए जाने वाले पक्षी, मध्यप्रदेश के वनों के लैंडस्केप की पेंटिंग की गई। इसके अलावा मध्यप्रदेश के शाकाहारी वन्य प्राणी जैसे चीतल, सांभर, बारहसिंघा, कृष्ण मृग, गौर आदि के चित्र भी बनाए गए। मध्य प्रदेश में पाए जाने वाले अन्य प्राणी जैसे पैंगोलिन, भालू, भेड़िया, लंगूर आदि के चित्र भी टी-शर्ट पर प्रतिभागियों ने बनाए। इस प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा कान्हा टाईगर रिजर्व के द्वारा कुछ दिनों बाद किया जाएगा ।

रज़ा स्मृति समवाय के अंतर्गत काव्य पाठ का आयोजन भी किया गया है। यह कार्यक्रम 21 व 22 जुलाई की सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया है। समवाय में 14 राज्यों के 30 शहरों से 48 कवि सहित 55 लेखक व साहित्यकार शिरकत कर रहे है। इसमें डॉ. अलका प्रकाश, अमिताभ चौधरी, अनिल मिश्र, अणु शक्ति सिंह, अनुज लुगुन, अनुपम सिंह, अनुराधा सिंह, बाबुषा कोहली, गीत चतुर्वेदी, जावेद आलम खान, ज्योति शर्मा, ज्योतिष जोशी, काफ़िर, कृष्णमोहन झा, लीलाधर मंडलोई, मनोज मोहन, मिथलेश शरण चौबे, नीलेश रघुवंशी, पंकज चतुर्वेदी, पन्ना त्रिवेदी, पार्वती तिर्की, प्रयाग शुक्ल, पीयूष दईया, पूनम अरोड़ा, प्रिया वर्मा, रश्मि भारद्वाज, संगीता गुन्देचा, सविता सिंह, शिरोमणि महतो, सोनी पाण्ड़ेय, सुभाष राय, सुशीला पुरी, वाज़दा खान, वीरू सोनकर, विहाग वैभव, विजय कुमार, विष्णु नागर, विवेक निराला, वियोगिनी ठाकुर, राजेंद्र उपाध्याय, नूर आलम नूर, वैभव सिंह, सतीश जायसवाल, अष्टभुजा शुक्ल, असंगघोष, ध्रुव शुक्ल, कुमार मंगलम, स्मिता सिन्हा और वरिष्ठ कवि ऋतुराज शामिल है।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 1 फरवरी 2023

Reva India News

औ‌द्योगिक क्षेत्र मोहासा- बाबई में 214.42 एकड़ भूमि को शामिल किये जाने की स्वीकृति

Reva India News

अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे दलिया फैक्ट्री के मजदूर जिला प्रशासन नहीं ले रहा सुध

Reva India News

Leave a Comment