मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए
11 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
मंडला 3 सितम्बर 2023
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 अंतर्गत दावा-आपत्ति के लिए आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है। अब कोई भी नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 11 सितंबर तक आवेदन कर सकता है। प्रत्येक कार्य दिवस पर कार्यालयीन समय में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र पर उपस्थित रहेंगे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आए आवेदनों को प्राप्त करेंगे।
जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है वे ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं, इसके लिए नागरिकों को voters.eci.gov.in अथवा वोटर हेल्पलाईन ऐप के माध्यम से आवेदन करना होगा। साथ ही जो नागरिक 1 अक्टूबर 2023 की तारीख पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए 11 सितंबर तक अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं।

नागरिकों को दी जा रही लोकसेवा केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं की जानकारी
मंडला 3 सितम्बर 2023
वर्तमान में शासन, नागरिकों को दैनिक जीवन में काम आने वाले समस्त शासकीय दस्तावेज व सेवाएं एक छत के नीचे लोक सेवा केंद्र में मुहैया करा रहा है जिनमें आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र आदि शामिल हैं। इस सुविधा के संबंध में जनसामान्य को जागरूक करने के लिए लोक सेवा प्रबंधन विभाग एवं सीएम फेलो मंडला सुप्रिया पाठक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र जगह-जगह जाकर लोक सेवा केंद्र व लोक सेवा केंद्र में प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जनता को जागरुक कर रहे हैं।

जनसेवा मित्रों को दिया गया सिकल सेल एनीमिया संबंधी प्रशिक्षण
मंडला 3 सितम्बर 2023
मंडला जिले में सभी 9 विकासखंडों बीजाडांडी, बिछिया, घुघरी, मंडला, मवई, मोहगांव, नैनपुर, नारायणगंज व निवास में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों के लिए सिकल सेल एनीमिया प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सभी विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित किया गया जिसमें सिकल सेल एनीमिया से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी दी गई। जनसेवा मित्रों ने जाना सिकल सेल एनीमिया के प्रति लोगों में जागरूकता लाना तथा ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें टेस्ट के लिए प्रोत्साहित करना क्यों आवश्यक है ? आने वाले समय में जनसेवा मित्र अपनी-अपनी पंचायतों में लोगों में इस बीमारी से संबंधित जानकारी प्रदान करेंगे।

प्रभारी मंत्री का आगमन आज
मण्डला 3 सितम्बर 2023
प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 4 सितम्बर 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार श्री सिंह 4 सितम्बर को प्रातः 9 बजे भोपाल से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा सायं 4 बजे मंडला सर्किटहाउस पहुंचेंगे। वे सायं 5 बजे अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। प्रभारी मंत्री 5 सितम्बर को प्रातः 11 बजे स्टेडियम ग्राउंड में जनदर्शन आशीर्वाद यात्रा में सम्मिलित होंगे। श्री सिंह दोपहर 2 बजे मंडला से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण आज 10 बजे
मंडला 3 सितम्बर 2023
4 सितम्बर 2023 को प्रातः 10 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला के पीछे स्थित ईव्हीएम व्हीव्हीपेट के वेयरहाउस को खोलकर त्रैमासिक निरीक्षण किया जाएगा। पूर्व में निरीक्षण के लिए प्रातः 11 बजे का समय नियत था जिसमें परिवर्तन किया गया है। निरीक्षण के समय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 3 सितम्बर 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते 4 सितम्बर को प्रातः 9 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते 5 सितम्बर 2023 को जन आशीर्वाद यात्रा के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होंगे तथा रात्रि विश्राम कान्हा नेशनल पार्क सरई गेट में करेंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 6 सितम्बर को रात्रि 9:10 बजे शहपुरा जिला डिंडौरी से जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 7 सितम्बर को प्रातः 8:30 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 3 सितम्बर 2023
निवास तहसील अंतर्गत सर्पदंश से मृत्यु होने पर अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय से मृतक के निकटतम वारसान को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मंगलसिंह ग्राम जेवरा निवासी की मृत्यु सर्प के काटने से हुई थी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान आवेदिका कलाबाई को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

मोहगाँव में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आज
मंडला 3 सितम्बर 2023
सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहगाँव में 4 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान शिविर के लिए सिविल सर्जन द्वारा बीएमओ मोहगाँव को टीम प्रभारी नियुक्त करते हुए लेब टेक्नीशियन, नर्सिंग ऑफीसर, सहायक सहित अन्य अधिकारियों की नामजद ड्यूटी लगाई गई है।

