Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 12 सितम्बर 2023

अच्छी शिक्षा के लिए अच्छा स्वास्थ्य आवश्यक – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने छात्राओं को एलवेन्डाजोल की गोली खिलाकर कृमि मुक्ति दिवस का किया शुभांरभ

मंडला 12 सितम्बर 2023

                राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रानी अवंती बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मण्डला की छात्राओं को एलवेन्डाजोल की गोली खिलाकर कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि अच्छी शिक्षा के लिए अच्छा स्वास्थ्य आवश्यक है। बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सचेत रहने की जरूरत है। डॉ. सिडाना ने छात्राओं से आत्मीय चर्चा करते हुए उन्हें एलवेन्डाजोल से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे शरीर को प्रोटीन, विटामिन, कार्बाेहाइट्रेड की जरूरत वृद्धि और विकास के लिए होती है। हमारे पेट में कृमि हो जाती है वो पोषक तत्वों को ग्रहण कर लेती हैं जिससे शरीर का विकास रूकने लगता है। शरीर में खून की कमी हो जाती है, बीमारी से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है। एलवेन्डाजोल गोली पेट से कृमि को समाप्त करती है साथ ही शरीर को पोषक तत्व प्रदान करती है। कलेक्टर ने छात्राओं का आव्हान किया कि जिन बच्चों ने आज गोली नहीं खाई है उन्हें 15 सितंबर को अनिवार्य रूप से एलवेन्डाजोल की गोली खाने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे तथा विद्यालय का स्टॉफ उपस्थित रहा।

कोचिंग नहीं क्लास पर फोकस करें

 

रानी अवंती बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में बालिकाएं सभी क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हैं। भविष्य के लिए अभी से लक्ष्य तय करें और योजनाबद्ध रूप से पढ़ाई करें। आत्मनिर्भर बनकर आर्थिक रूप से सक्षम बनें। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोचिंग के स्थान पर क्लास पर अधिक फोकस करना चाहिए। पुस्तकों से पढ़ें, वैकल्पिक प्रश्नों पर भी ध्यान दें।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की प्रशिक्षण की तैयारियों की समीक्षा

मंडला 12 सितम्बर 2023

                विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने मास्टर ट्रेनर्स की बैठक लेते हुए प्रशिक्षण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्हांेने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण को प्रभावी रूप से आयोजित करें। विषय की अवधारणा स्पष्ट करें। पीपीटी में सहज भाषा का उपयोग करें। प्रशिक्षण के दौरान शंका और जिज्ञासाओं का समाधान भी करें। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों को आवंटित कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए बैच का निर्धारण करें। विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण के संबंध में कलेक्टर ने विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर अरविंद सिंह, मास्टर ट्रेनर डॉ. टीपी मिश्रा, डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव, डॉ. अनिल गुप्ता सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

मंडला 12 सितम्बर 2023

                गणेश उत्सव, पर्यूषण पर्व और ईद-मिलाद-उन-नबी त्यौहार जिले में शांतिपूर्वक मनाये जाने के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, पार्षदगण, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सभी त्यौहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्वक मनाने का आग्रह किया गया।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि पीओपी की प्रतिमाओं का निर्माण एवं विक्रय नहीं किया जाये। केवल मिट्टी की मूर्तियां ही बनाई जाए। अधिक उंचाई की मूर्तियां न बनाएं। पंडालों में विद्युत कनेक्शन वाले तार खुले न हों। विद्युत लाइन के नीचे प्रतिमा की स्थापना न करें। प्रसाद वितरण में प्लास्टिक का दौना-पत्तल का उपयोग न करें। प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कृत्रिम विसर्जन कुंडों में ही किया जाये। कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का पालन करें। किसी भी प्रकार का जुलूश निकालने के पूर्व सक्षम अधिकारी से लिखित अनुमति प्राप्त करें। मार्गों पर समुचित साफ-सफाई एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जायेगी। बैठक में पर्यूषण पर्व और ईद-मिलाद-उन-नबी के संबंध में भी चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने पर्वों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी 155 लोगों की समस्याएँ

मंडला 12 सितम्बर 2023

                जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण की पहल की। उन्हांेने प्रत्येक आवेदनकर्ता के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनी एवं यथासंभव निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने वीसी के माध्यम से भी अधिकारियों को निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में 155 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

सम्पन्न हुई जनसुनवाई में सिलगी निवासी संध्या पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना संबंध में, मवईजर निवासी सुक्को बाई ने शौचालय निर्माण की राशि के दिलाने के संबंध में, ग्राम पौडी निवासी नीलम धुर्वे ने संबल योजना के संबंध में, ग्राम टिकरवारा निवासी रामप्रसाद चक्रवर्ती ने अनुग्रह राशि के सबंध में आवेदन दिया।

 

पूर्णिमा को श्रवण यंत्र

 

ग्राम दाढीभानपुर निवासी दिव्यांग पूर्णिमा महोबिया ने जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत करते हुए कृत्रिम उपकरण की मांग की। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरांत मौके पर ही पूर्णिमा को श्रवण यंत्र प्रदान किया। यह कृत्रिम उपकरण सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं के तहत प्रदान किया गया। समस्या के त्वरित निराकरण के लिए पूर्णिमा ने जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

आरती को मिली 5 हजार की सहायता

मंडला 12 सितम्बर 2023

                प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देश पर शिकायतों का मौके पर ही निराकरण होने से आवेदक खुशी जाहिर कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाते हैं।

मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के राजीव कालोनी देवदरा निवासी आरती सारथी ने जीवनयापन हेतु कलेक्टर को आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आवेदक को 5 हजार रूपए का चैक देकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। आरती ने जिला प्रशासन की इस संवेदनशील सहायता के लिए आभार व्यक्त किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आरओ, एआरओ तथा नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण आज

मंडला 12 सितम्बर 2023

                विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नोडल अधिकारियों तथा विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 13 सितंबर को जिला योजना भवन में आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण प्रातः 10:30 बजे प्रारंभ होगा। प्रातः 10:30 से 11:30 बजे तक नामांकन से प्रतीक चिन्ह आवंटन तक संपूर्ण प्रक्रिया, 11:30 से 12 बजे तक पोस्टल बैलेट, 12 से 1:30 बजे तक मतदान प्रक्रिया एवं ईव्हीएम का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण, 3:30 से 4 बजे तक आदर्श आचरण संहिता, 4 से 4:30 बजे तक मीडिया प्रमाणीकरण एवं अनुवीक्षण समिति से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। 4:30 से 5 बजे तक मूल्यांकन परीक्षा होगी।

 

 

 

 

 

 

 

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक 18 को

मंडला 12 सितम्बर 2023

                आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक एवं कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा 18 सितंबर 2023, दिन सोमवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में आयोजित होगी। बैठक में सभी अधिकारियों को विभागीय जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

उपार्जन हेतु पंजीयन 20 सितंबर से 5 अक्टूबर तक

मंडला 12 सितम्बर 2023

                खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन हेतु किसान पंजीयन 20 सितम्बर 2023 से 5 अक्टूबर 2023 तक होगा। जिले के निर्धारित क्षेत्र के पंजीयन केन्द्र में अधिक किसान पाये जाते हैं तो उस क्षेत्र में एम.पी. ऑनलाईन, कॉमन सर्विस सेन्टर, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे के माध्यम से किसानों का पंजीयन करना चाहते हैं, उन आवेदकों को वेबसाइट https://mpeuparjan.nic.in/mpeuparjan/Home.aspx में आवेदन 17 सितंबर 2023 तक कर सकते हैं।

 

 

 

रेडक्रॉस समिति के लेखापाल टर्मिनेट

कलेक्टर ने दिए एफआईआर कराने के निर्देश

 

मंडला 12 सितम्बर 2023

                रेडक्रॉस समिति के संचालन एवं आय-व्यय के लेखा-जोखा की जांच में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समिति के लेखापाल सुनील बर्मन को तत्काल प्रभाव से टर्मिनेट कर दिया है।

                इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रेडक्रॉस समिति के आय-व्यय की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया जिला रेडक्रॉस समिति में कार्यरत प्रभारी लेखापाल सुनील बर्मन द्वारा अनियमितता करना पाया गया है। गलत तरीके से राशि आहरित की गई जिसके कोई अभिलेख जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए गए। प्रथम दृष्टया लगभग 20 लाख से अधिक रूपए की अनियमितता सामने आई है। रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रेडक्रॉस समिति के प्रभारी लेखापाल सुनील बर्मन को टर्मिनेट करते हुए उनके विरूद्ध एफआईआर करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

 

 

राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद का जबलपुर संभागीय सम्मेलन कान्हा में सम्पन्न समाजसेवी और पत्रकारों को हुआ सम्मान

मण्डला। सोमवार को कान्हा नेशनल पार्क के संजय टाईगर रिसोर्ट में राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जबलपुर संभाग का संभागीय सम्मेलन सम्पन्न हुआ।   सर्वप्रथम संजय टाईगर रिसोर्ट का शुभारंभ फीता काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी सुरेश कामले, उत्पल कांत शर्मा ने किया। तद्परांत उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने रिसोर्ट का भ्रमण किया और रिसोर्ट की सराहना की। कार्यक्रम के आरंभ में मां सरस्वती के तैल्यचित्र पर राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी ने दीप प्रज्वालन कर माल्यर्पण किया। संभागीय सम्मेलन का शुभारंभ विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले, राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी, राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष देवशंकर अवस्थी, प्रदेश महासचिव राजेश दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष विलोक पाठक, प्रदेश सचिव संदीप मिश्रा, जबलपुर संभागीय अध्यक्ष राजीव उपाध्याय, जबलपुर संभागीय महासचिव चंद्रशेखर शर्मा, शिवकुमार तिवारी प्रदेश अध्यक्ष, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, रीवा संभाग संभागीय अध्यक्ष केजी शर्मा, संभागीय उपाध्यक्ष हनुमान तिवारी, संभागीय सचिव हरिसिंह ठाकुर ने किया। मंडला इकाई के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल के नेतृत्व में पत्रकारों ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पहार एवं मोती की माला से स्वागत किया। वहीं स्वागत भाषण नीरज अग्रवाल ने देते हुए मण्डला ईकाई के द्वारा पत्रकार हितों में किए जा रहे प्रयासो की जानकारी दी। वहीं संभागीय अध्यक्ष राजीव उपाध्याय एवं संभागीय महासचिव चंद्रशेखर शर्मा ने संभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत कर  पत्रकार कल्याण हेतु अनेक प्रस्ताव रखे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अशोक मर्सकोले एवं मंडला नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की विशेष भूमिका है पत्रकार आलोचना के माध्यम से गलतियां सुधारने का अवसर प्रदान करते है। पत्रकार एक तरह से समाज को जागरूक करता है। समाज के लोगों को एक पत्रकार विभिन्न क्षेत्रों की जानकारियां देता है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी एवं राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत वाजपेयी ने अपने उद्वोधन में कहा की पत्रकारिता का उद्देश्य समाज में व्याप्त बुराईयों को दूर करने और लोगों में जागरूकता लाना है। अगर लोग जागरूक होंगे तो सरकार जागृत होगी और सरकार जब जागरूक होगी तो लोगों के लिए भी बहुत कुछ अच्छा करेगी। उन्होने कहा कि शासन-प्रशासन के संज्ञान में समय-समय पर कमियों को उजागर करने संगठन परिषद हमेशा तत्पर रहता है। कमियों के साथ साथ अच्छाईयों की प्रशंसा भी जरूर करें। प्रदेश अध्यक्ष देवशंकर अवस्थी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्जवल भविष्य कामना की। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने पत्रकारो की सुरक्षा की मांग पर आवश्यक कार्यवाही करने शासन से मांग की। कार्यक्रम में मैहर जिला अध्यक्ष सावन जैसवाल, बालाघाट जिला अध्यक्ष राकेश सिंघारे, कटनी जिला अध्यक्ष गोपाल सिंघानिया ने भी अपने विचार व्यक्त करें।  कार्यक्रम के अंत में  जिला इकाई द्वारा मुख्य अतिथियों का सम्मान किया गया। इसी के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में काम करने वाले एवं पत्रकारों का स्मृति चिन्ह से सम्मान किया। इस दौरान डिंडोरी जिलाध्यक्ष अनिल पटेल, शिवकुमार तिवारी, शिव चौरसिया, रविंद्र सुहाने, कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा, शैलेंद्र पटेल, प्रदीप तिवारी, पूनम दूबे, रूपम बाजपेयी, कचनार क्लब से जुड़े समाज कल्याण प्रकोष्ठ के सदस्य मुकेश मिश्रा, संदीप दुबे,  विनय पटेल, सोहन गुप्ता, इंजी. तरुण कुमार सुनाने। प्रदेश के साथ साथ देश के 18 राज्यो तक अपनी इकाइयों को गठित कर पत्रकारो के हितों के लिए सदैव  तत्पर रहने वाले संगठन राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर नायक की अनुशंसा पर वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष परमानंद तिवारी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी ने घोषित किया। जिसका करतल ध्वनि से सभी समर्थन किया और उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मण्डला जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल द्वारा जिला एवं तहसील स्तर पर नियुक्ति की गई। जिसमें नैनपुर तहसील अध्यक्ष के पद में राजेन्द्र ठाकुर, उपाध्यक्ष जीनेन्द्र साहू, घुघरी तहसील अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर, उपाध्यक्ष नंदकिशोर पांडे, मोहगांव ब्लॉक अध्यक्ष अबधेश दुबे, जिला सचिव हसीब खान, अंजनिया  मंडल अध्यक्ष आकाश पटैल, नारायणगंज ब्लॉक अध्यक्ष धन्नीलाल परस्ते, युवा प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष रोहित चौकसे बनाए गए। वहीं समाज कल्याण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष के पद पर कैलाश डेहरिया एवं महासचिव के पद पर राजा शुक्ला को नियुक्त किया गया है। सभी नवनियुुक्त पदाधिकारियों को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नियुक्ति पत्र देते हुए पुष्पमाला से स्वागत किया। कार्यक्रम के अवसर पर जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल को प्रदेश महासचिव राजेश दुबे द्वारा पुष्पमाला से स्वागत करते हुए मण्डला ईकाई की प्रशंसा की। वही कार्यक्रम का आभार समाजसेवी आशीष ज्योतिषी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के पत्रकार गणमान्य नागरिक सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Related posts

मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना’ के तहत आवेदक उपस्थित रहे

Reva India News

स्वरोजगार प्रशिक्षण हेतु ऑनलाईन आवेदन करें

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 25 फरवरी 2023

Reva India News

Leave a Comment