शासन की योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनें – दीप्ति गोंड
भारत सरकार के अपर सचिव ने किया मवई के बैगा बाहुल्य क्षेत्रों का भ्रमण
मंडला 21 दिसम्बर 2023
मवई विकासखंड के सैदा वनग्राम तथा सुरजपुरा के बैगाटोला में स्थानीय लोगों से चर्चा करते हुए भारत सरकार की अपर सचिव दीप्ति गोंड ने कहा कि सरकार हर वर्ग को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है। शासन की प्रत्येक योजनाओं में जनकल्याण की भावना निहित होती है, आवश्यकता है इन योजनाओं को समझकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने की। इस दौरान प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, सीईओ जनपद मवई कपिल तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

दीप्ति गोंड ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वावलम्बन, कृषि जैसे विषयों पर गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक परिवार को पक्का आवास, आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रूपए तक का निःशुल्क उपचार तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। मिट्टी की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। जल जीवन मिशन से हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाना है। अपर सचिव ने चर्चा के दौरान भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित ग्रामीणजनों से शासन की योजना का लाभ उठाने का आव्हान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।

विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने सभी का सहयोग आवश्यक – दीप्ति गोंड
भारत सरकार के अपर सचिव ने की विकसित भारत संकल्प यात्रा में सहभागिता
मंडला 21 दिसम्बर 2023
प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। भारत सरकार की अपर सचिव दीप्ति गोंड ने आज मवई विकासखंड के बैगा बाहुल्य ग्राम सुरजपुरा में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोग आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा। पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर विकास की मुख्य धारा से जुड़ें, सरकार और प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है। इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट ने मंडला जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व सुरजपुरा पहुंचने पर अपर सचिव सहित अन्य अतिथियों का बैगा नर्तक दल द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन तथा सीईओ जनपद मवई कपिल तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा 21 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम जोगीसोढ़ा एवं खलौड़ी, बीजाडांडी में विजयपुर एवं धनवाही, मवई के मझगांव, मोहगांव मंे पीपरदर्रा एवं मुनु, नैनपुर में पांडीवारा एवं मानेगांव, नारायणगंज विकासखंड के सिकोसी एवं पड़रिया, मंडला विकासखंड के जारगी एवं खुर्सीपार पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

यात्रा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नमंच तथा खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा शासन के विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। शासन की विविध योजनाओं के तहत वंचित हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें लाभ दिलाने की कार्यवाही की गई। कार्यक्रम में उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयों का वितरण किया गया।

आज 14 पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा 22 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम पड़रिया एवं नेवसाबहेरा, बीजाडांडी में मानिकसरा एवं बरगांव, मवई में जमगांव एवं मेढ़ा, मोहगांव में मचला एवं पिपरिया रैयत, नैनपुर में भालीवाड़ा एवं चिरईडोंगरी, नारायणगंज विकासखंड के अमदरा एवं मझगांव, मंडला विकासखंड के बढ़ार एवं मालीमोहगांव पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं स्वरोजगार स्थापित करने दिया गया महिला सिलाई का प्रशिक्षण
मंडला 21 दिसम्बर 2023
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट आरसेटी) मंडला द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं स्वरोजगार स्थापित करने हेतु अग्रणी जिला प्रबंधक सुजय कुमार के मार्गदर्शन में सेंट आरसेटी मंडला में स्व-सहायता समूह एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाली महिलाओं को महिला सिलाई का 30 दिवसीय प्रशिक्षण 20 नवम्बर से 19 दिसम्बर तक प्रदान किया गया जिसमें कुल 60 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान सलवार सूट, लेगी, स्कूल ड्रेस इत्यादि डिजाइनदार आकर्षित वस्त्र बनाने और उद्यमी विकास के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों की लिखित एवं मौखिक मूल्यांकन लिया गया। कार्यक्रम में आर सेटी निर्देशक राजेश रॉय द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए बैंक लोन एवं बीमा की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। कार्यक्रम में एफएलसीसी केके अवस्थी, यश मोहन उसराठे एवं अमित यादव आरसेटी स्टाफ उपस्थित हुए।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन 25 दिसंबर तक
मंडला 21 दिसम्बर 2023
जिले में प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता एवं कवरेज को बढ़ावा देने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच, निदान एवं परामर्श सेवाओं के कवरेज में सुधार की दृष्टि से प्रत्येक माह की 9 एवं 25 तारीख को ’प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (ईएमपीएसएमए) दिवस का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जाएगा। अवकाश होने की स्थिति में यह आयोजन आगामी कार्य दिवस पर होगा।

प्रत्येक माह उक्त शिविरों में उपस्थित होकर समस्त गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच एवं उपचार करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा महिला चिकित्सकों को स्वास्थ्य केन्द्र आवंटित किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार सीएचसी बम्हनी बंजर के लिए डॉ. रौनक यादव, सीएचसी नारायणगंज के लिए डॉ. श्वेता पटेल, सीएचसी बिछिया के लिए डॉ. राबिया बेगम, सीएचसी नैनपुर के लिए डॉ. कामना चावला, सीएचसी मवई के लिए डॉ. मेघा पटेल, सीएचसी घुघरी के लिए डॉ. कांछी सिंह, सीएचसी मोहगांव के लिए डॉ. बी. कडोपा, सीएचसी निवास के लिए डॉ. विकसिता श्याम, सीएचसी बीजाडांडी के लिए डॉ. मीनल दुआ तथा जिला चिकित्सालय के लिए डॉ. डॉली चौधरी को आदेशित किया गया है।

नगरीय निकाय एवं पंचायत उपनिर्वाचन 2023:
एफएलसी, रेंडमाईजेशन एवं कमिशनिंग की तिथियाँ निर्धारित
मण्डला 21 दिसंबर 2023
नगरीय निकाय एवं पंचायत उप निर्वाचन 2023 हेतु ईव्हीएम मशीनों के एफएलसी एवं ईव्हीएम मशीनों के रेंडमाईजेशन की तिथि निर्धारित कर दी गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार एफएलसी रेंडमाईशेजन 26 दिसंबर 2023 को प्रातः 11 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में होगा। डीईओ रेंडमाईजेशन 29 दिसंबर को प्रातः 11 बजे कार्यालय कलेक्टर गोलमेज सभाकक्ष में होगा। इसी प्रकार आरओ रेंडमाईजेशन 30 दिसंबर को प्रातः 11 बजे कार्यालय कलेक्टर गोलमेज सभाकक्ष में होगा। कमिशनिंग की कार्यवाही 31 दिसंबर 2023 को प्रातः 11 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को उपरोक्त तिथियों को निर्धारित समय एवं स्थान पर ईव्हीएम मशीनों एफएलसी एवं रेंडमाईजेशन के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

सुशासन की शपथ आज
मंडला 21 दिसम्बर 2023
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्थापित सुशासन के उच्चतम मापदण्डों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए उनके जन्म दिवस 25 दिसम्बर के एक दिन पूर्व 24 दिसम्बर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। 24 दिसम्बर 2023 को रविवार एवं 23 दिसम्बर 2023 को शनिवार का शासकीय अवकाश होने के कारण समस्त शासकीय अधिकारी, कर्मचारी अपने अपने कार्यालयों में 22 दिसंबर 2023 को प्रातः 11 बजे सुशासन की शपथ लेंगे।

पेंशन के लंबित प्रकरण 22 तक जमा करें
मंडला 21 दिसम्बर 2023
संभाग आयुक्त जबलपुर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार नवंबर 2023 तक मृत्यु अथवा अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्त हो चुके कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को त्वरित निराकरण किया जाना है। इस हेतु संबंधित विभाग प्रमुख आगामी 22 दिसंबर 2023 तक पेंशन कार्यालय मंडला में लंबित प्रकरणों को प्रस्तुत कर निराकरण करा सकते हैं। विलंब की स्थिति में जवाबदारी कार्यालय प्रमुख की मानी जायेगी एवं कार्यालय प्रमुख का माह दिसम्बर 2023 का वेतन रोका जायेगा।

कथा स्थल में कल्पतरू माता जी कराई 1100 महिलाओं की सुहागली
मण्डला। गुरूवार को देवदरा स्थित मेहर बाबा कुटी प्रागंण में चल रहे श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत महापुराण के संगीतमय आयोजन पर साध्वी कल्पना माता के सनिध्य में 1100 महिलाओं की सुहागली की गई। दोपहर 12 बजे माता जी ने विधि विधान से सुहागली मां की पूजन अर्चन करते हुए उपस्थित महिलाओं को सिंदूर चूड़ी भेंट करते हुए पूजन कराया। यहां पर महिलाओं ने सुहागली मां की कथा सुनी पान के पत्ते में सुहागली माता बनाई गई। उपस्थित महिलाओं से कल्पतरू माता जी ने कहा कि सुहागले व्रत बहुत ही प्रचलित व्रत कथा है यह पूजा विवाह के बाद नयी दुलहन के आने पर किया जाता है कई सुहागिन खुशी से भी यह पूजा करते है। अपनी कोई मन्नत पुरी होने पर भी लोग यह पूजा करते है। पूजा करने से पहले हमेशा आसन बिछाएं और आसन में बैठकर ही पूजा करें। इसके साथ ही बिना सिर ढके भी पूजा नहीं करनी चाहिए।





