विकसित भारत संकल्प यात्रा: वंचित हितग्राहियों को लाभान्वित करने हो रही कार्यवाही
मंडला 20 दिसम्बर 2023
प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। 20 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम किसली भिलवानी एवं मनोहरपुर, बीजाडांडी में चरगांवमाल एवं लावरमुड़िया, मवई में नरहरगंज एवं परसेल, मोहगांव में कुड़ोपानी एवं निधानी, नैनपुर में अमझरमाल एवं धनपुरी रैयत, नारायणगंज विकासखंड के साहा एवं सलैया, मंडला विकासखंड के भंवरदा एवं बोरिया पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नमंच तथा खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा शासन के विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव साझा किए गए। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरूस्कृत किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। शासन की विविध योजनाओं के तहत वंचित हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें लाभ दिलाने की कार्यवाही की गई। कार्यक्रम में उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयों का वितरण किया गया।

आज 14 पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा 21 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम जोगीसोढ़ा एवं खलौड़ी, बीजाडांडी में विजयपुर एवं धनवाही, मवई में सुरजपुरा एवं मझगांव, मोहगांव में पीपरदर्रा एवं मुनु, नैनपुर में पांडीवारा एवं मानेगांव, नारायणगंज विकासखंड के सिकोसी एवं पड़रिया, मंडला विकासखंड के जारगी एवं खुर्सीपार पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

महिला हिंसा के खिलाफ समूह की महिलाओं द्वारा चलाया जा रहा जागरुकता अभियान
मंडला 20 दिसम्बर 2023
लिंग आधारित हिंसा के विरोध में महिलाओं को जागरूक करने के लिए आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह की सक्रिय बहनों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बीजाडांडी विकासखंड की ग्राम पंचायतों में पिछले एक पखवाड़े से आजीविका मिशन एवं टीआरआई संस्था के सहयोग से पूर्व नियोजित कार्यक्रम किये जा रहे हैं। इस कार्यक्रम की टैग लाइन है सहेंगे नहीं, कहेंगे; चुप्पी तोडे़ंगे जिससे स्पष्ट होता है कि समाज के सभी वर्गों चाहे पुरुष हो या स्त्री, हिंसा के खिलाफ जागरूक करना और हिंसा के प्रकार एवं स्वरूप के बारे में अवगत कराया जाना जरूरी है। हिंसा का असर सिर्फ जिसके ऊपर हिंसा की जा रही है उस पर ही नही होता है बल्कि हिंसा करने वाले के साथ ही उसका असर पूरे समाज पर दिखता है इसलिये हिंसा करना तथा हिंसा सहना और हिंसा होते हुये देखना भी सही नही है इस के खिलाफ सभी को आवाज उठानी चाहिये। जागरुकता कार्यक्रमों में महिलाओं को घरेलू हिंसा, शारीरिक हिंसा, अर्थिक हिंसा, यौनिक हिंसा तथा मानसिक हिंसा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रतिदिन हो रहे कार्यक्रमों में महिला हिंसा के विरोध में जागरूकता रैली, शपत ग्रहण, रंगोली, दिवाल लेखन, बैठके, मेहंदी, स्लोगल, कार्य स्थलों में होने वाली हिंसा के लिये बने कानून पौष आदि के माध्यम से समाज में जागास्कता लाने का काम किया जा रहा है जिसमें आजिविका मिशन की दीदियों की अहम भूमिका है। साथ ही नारी अधिकार केन्द्र की सीआरपी लोक अधिकार केन्द्र की सीआरपी के द्वारा सफलतापूर्वक पूरे एक माह से ज्यादा चलने वाले इस कार्यक्रम को संचालित किया जा रहा है। इस उम्मीद के साथ की हम एक लैंगिक हिंसा मुक्त समाज बना सके।

सम्पन्न एवं सुदृढ़ अर्थव्यवस्था पर व्याख्यान संपन्न
मंडला 20 दिसम्बर 2023
रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय मण्डला में विकसित भारत 2047 आईडिया पोर्टल का कार्यक्रम जिसका विषय सम्पन्न एवं सुदृढ़ अर्थव्यवस्था पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। विषय विषेषज्ञ डॉ. संजय वर्मा ने प्रति व्यक्ति आय एवं राष्ट्रीय आय को बढ़ाने के सुझाव बताये जिससे कि देष की आर्थिक स्थिति सम्पन्न एवं सुदृढ़ हो सके, साथ ही विषय विषेषज्ञ के रूप में डॉ. अनिल कुमार चौरे ने भारतीय अर्थ व्यवस्था को गति प्रदान करने के लिये समाजिक एवं आर्थिक स्थिति में सुधार लाने हेतु छात्रों को जानकारी प्रदान की। उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. व्ही.के. चौरसिया के मुख्य आतिथ्य प्राध्यापक डॉ. टी.पी. मिश्रा, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. एस.एस. ज्योतिषी, अरविंद ठाकुर एवं महाविद्यालय के समस्त संकाय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

8035 किसानों से 451748.57 क्विंटल धान उपार्जित
मंडला 20 दिसम्बर 2023
खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान का समर्थन मूल्य 2183 रूपये शासन द्वारा निर्धारित है। जिले के 67 उपार्जन केन्द्रों के लिए धान खरीदी की अवधि 1 दिसंबर 2023 से 19 जनवरी 2024 तक शासन से निर्धारित की गई है। पंजीकृत 41811 किसानों में से 20589 किसानों ने धान विक्रय हेतु स्लॉट बुक कराया है। उपार्जन अवधि से 19 दिसंबर 2023 तक 8035 विक्रेता किसान से मात्र 451748.57 क्विंटल धान उपार्जित की गई है। उक्त अवधि में धान विक्रय करने वाले सभी किसानों से आग्रह है कि वे अपने नजदीकी उपार्जन केन्द्र में एफएक्यू धान की गुणवत्ता ले जाकर धान विक्रय करें। धान विक्रय करने के लिए पहले स्लॉट बुकिंग किया जाना अनिवार्य है। अपने नजदीकी उपार्जन केन्द्र से स्थल कोड की जानकारी के माध्यम से स्लॉट बुक किया जा सकता है। स्लॉट बुक करने के लिए वेबसाईट mpeuparjan.nic.in में जाकर खरीफ 2023-24 में निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। स्लॉट बुक न होने पर एनपीसीआई पोर्टल पर बैंक खाता से आधार लिंक की जानकारी देख लें। आधार लिंक न होने पर संबंधित बैंक पर जाकर अपना आधार लिंक एक्टिव कराएं।

नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
मंडला 20 दिसम्बर 2023
जिले के नगरपालिका परिषद बम्हनी बंजर के नगरीय निकायों के उप निर्वाचन वर्ष 2023 के अंतर्गत पार्षद पद का निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत निर्वाचन व्यय लेखा संधारित कराने, निर्धारित तिथिवार उसका निरीक्षण करने एवं विहित समय सीमा में उसकी सही प्रति प्राप्त कर संवीक्षा के लिए प्रस्तुत करने के कार्य हेतु तफीम खान सहायक लेखा अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी तथा नेमीचंद चौधरी लेखापाल एवं अशोक कोष्ठी सहायक ग्रेड-2 को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शहरी आशाओं का आयुष्मान भवः प्रशिक्षण संपन्न
मंडला 20 दिसम्बर 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि समस्त विकासखण्डों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण आशाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी तारतम्य में 20 दिसम्बर को शहरी आशाओं को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय मण्डला में प्रशिक्षण दिया गया। आशाओं के कार्यक्षेत्र में जिस पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है। उन्हें आयुष्मान ऐप मोबाइल के माध्यम से बनाये जाने के लिए आशाओं का प्रशिक्षित किया गया। आयुष्मान भवः का कार्ड क्षेत्र में रोजगार सहायक एवं लोक सेवा केन्द्र में कार्ड बनाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डीके मरकाम, आयुष्मान जिला प्रभारी अमन पटैल तथा मुकेश कार्तिकेय द्वारा बिन्दुवार जानकारी प्रदान की गई।

सर्दी को देखते हुए सतर्कता बरतने स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाईजरी
मंडला 20 दिसम्बर 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दिसंबर से फरवरी के महीने में शीत लहर का अधिक प्रभाव रहता है। शीत लहर, बारिश, कोहरा आदि द्वारा प्रभावित करने वाले मौसम संबंधी खतरों के रूप में उभर रहे हैं। विश्व मौसम विज्ञान संगठन के अनुसार वैश्विक तापमान में विभिन्न मौसमों के दौरान काफी भिन्नताएं सामने आ रही हैं और उसका प्रभाव पर्यावरण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुधन, आजीविका, सामाजिक अर्थव्यवस्था और अन्य संबध्द क्षेत्रों पर विपरीत पड़ता है। शीत ऋतु में वातावरण का तापमान कम होने (शीत लहर) के कारण मानव स्वास्थ्य पर अनेक विपरीत प्रभाव जैसे सर्दी जुखाम, बुखार, निमोनिया, त्वचा रोग, फेफड़ों में संक्रमण, हाइपोथर्मिया अस्थमा, एलर्जी होने की आशंका बन जाती है। यदि समय पर नियंत्रण न किया जाए तो, उस स्थिति में मृत्यु भी हो सकती है। इन प्रभावों से बचाव हेतु शरीर को सूखा रखें। शरीर की गर्माहट बनाए रखने के लिए अपने सिर, गर्दन, नाक, कान, हाथ और पैर की उंगलियों को पर्याप्त रूप से ढकें। टोपी, हैट, मफलर तथा आवरण युक्त एवं जल रोधी जूतों का प्रयोग करें। सिर को ढकें क्योंकि सिर के ऊपरी सतह से शरीर की गर्मी की हानि होती है। यथासंभव घर के अंदर रहें और ठंडी हवा बारिश से संपर्क को रोकने के लिए अनिवार्य होने पर ही यात्रा करें। रोग प्रतिरोध क्षमता में वृद्धि के लिए विटामिन सी से भरपूर ताजे फल और सब्जियां खाएं। गर्म तरल पदार्थ नियमित रूप से पिएं, जिसमें शरीर में गर्मी बनी रहेगी। बुजुर्ग नवजात शिशु गर्भवती माताऐं बीमार व्यक्ति तथा बच्चों का अधिक ध्यान रखें क्योंकि उन्हें शीत ऋतु के प्रभाव होने की आशंका अधिक रहती है।

सुशासन की शपथ 22 दिसम्बर को
मंडला 20 दिसम्बर 2023
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्थापित सुशासन के उच्चतम मापदण्डों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए उनके जन्म दिवस 25 दिसम्बर के एक दिन पूर्व 24 दिसम्बर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। 24 दिसम्बर 2023 को रविवार एवं 23 दिसम्बर 2023 को शनिवार का शासकीय अवकाश होने के कारण समस्त शासकीय अधिकारी, कर्मचारी अपने अपने कार्यालयों में 22 दिसंबर 2023 को प्रातः 11 बजे सुशासन की शपथ लेंगे।

पेंशन के लंबित प्रकरण 22 तक जमा करें
मंडला 20 दिसम्बर 2023
संभाग आयुक्त जबलपुर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार नवंबर 2023 तक मृत्यु अथवा अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्त हो चुके कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को त्वरित निराकरण किया जाना है। इस हेतु संबंधित विभाग प्रमुख आगामी 22 दिसंबर 2023 तक पेंशन कार्यालय मंडला में लंबित प्रकरणों को प्रस्तुत कर निराकरण करा सकते हैं। विलंब की स्थिति में जवाबदारी कार्यालय प्रमुख की मानी जायेगी एवं कार्यालय प्रमुख का माह दिसम्बर 2023 का वेतन रोका जायेगा।

रेत का अवैध परिवहन करते ट्रेक्टर जब्त
मंडला 20 दिसम्बर 2023
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर मण्डला के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में 20 दिसंबर को खनिज रेत के अवैध परिवहन, भण्डारण में संलिप्त एक वाहन ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 51 जी 0769 को ग्राम भपसा से हिरदेनगर मार्ग पर खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। उक्त संलिप्त वाहन को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित चौकी हिरदेनगर की सुपुर्दगी में दिया गया। उक्त वाहन के विरूध म0प्र0 खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

