Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता – मंत्री श्रीमती उईके पांच दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारंभ हुआ

मंडला 11 अगस्त 2025

पांच दिन तक चलने वाले आकांक्षा हाट की सोमवार को जल संसाधन विभाग के विश्राम गृह प्रांगण में शुरुआत हुई। मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। आकांक्षा हाट 15 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।

मंत्री श्रीमती उईके ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार आमजन के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। स्थानीय स्तर पर हमारे कारीगर हो या स्व-सहायता समूह की बहनें, इनके द्वारा बहुत ही अच्छे उत्पाद तैयार किये जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। मण्डला की बहनों द्वारा तैयार की जा रही गोण्डी पेंटिंग को जीआई टैग भी मिल चुका है। अंतिम पंक्ति के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार प्रयास करते है। प्रशासन लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है, चाहे मिलेट्स फेस्टिवल का आयोजन हो, चाहे शिल्पी मेला हो या फूड फेस्टिवल का आयोजन हो। सभी के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। आज आकांक्षा हाट में यहाँ पर 22 स्टाल लगाये गये हैं। अगले पाँच दिनों तक निश्चित रूप से लोग यहाँ आयेंगे और इससे स्व-सहायता समूह तथा अन्य कारीगरों को इसका लाभ मिलेगा।

उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि जिले के मवई और नारायणगंज का चयन आकांक्षी विकासखण्ड के रूप में किया गया था। आज का यह हाट प्रधानमंत्री श्री मोदी की ’वोकल फॉर लोकल’ कल्पना को साकार करने का कदम है। हमारे लोकल उत्पादों को उचित बाजार मिले इसकी चिंता हमें करनी होगी। हमारे क्षेत्र की कोदो-कुटकी-रागी जैसी फसलों की अच्छी मांग है। मण्डला का शहद भी प्रसिद्ध है। उन्होंने मौजूद लोगों से इस हाट का प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

इससे पहले मंत्री श्रीमती उईके एवं सांसद श्री कुलस्ते ने हाट के सभी स्टाल का अवलोकन किया। इस दौरान आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह की ओर से लगाए गए फूड स्टाल के व्यंजन भी चखे। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, अन्य जनप्रतिनिधि सहित संबंधित उपस्थित रहे।

Related posts

पढ़ाई को तपस्या के रूप में स्वीकार करें – डॉ. सिडाना कलेक्टर ने किया प्रोजेक्ट ज्ञानार्जन की कक्षाओं के लिये चयनित विद्यार्थी तथा पालकों से संवाद  

Reva India News

पौंड़ीमाल के उच्च श्रेणी शिक्षक निलंबित एवं अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त  

Reva India News

तहसीलदार बिछिया ने भू-राजस्व/डायवर्सन वसूली हेतु 21 बकायादारों को नोटिस जारी

Reva India News

Leave a Comment