मंडला, 11 नवंबर 2025
जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन शुक्रवार 14 नवंबर को स्थानीय इनडोर स्टेडियम में किया जायेगा। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस युवा उत्सव में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके और सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। युवा उत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। उत्सव में 7 विधाओं में जिले के युवा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। जिसमें भाषण, कहानी लेखन, कविता लेखन, पेंटिंग, विज्ञान मेला प्रदर्शनी और समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य शामिल है।
इस युवा उत्सव का उद्घाटन दोपहर 12 बजे किया जाएगा। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की है, जिसमें खेल और युवा कल्याण विभाग को नोडल विभाग के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र, सांस्कृतिक विभाग, जनजातीय कार्य विभाग जिला स्तरीय समिति में शामिल है। इस आयोजन से चयनित मण्डला के सर्वश्रेष्ठ युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर जाने का मौका मिलेगा।
जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी मण्डला श्री विकास खराड़कर ने अवगत कराया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव से चयनित युवा संभाग स्तरीय युवा उत्सव में 15 नवम्बर 2025 को जबलपुर में प्रतिभागिता करेंगे। राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 16 नवम्बर 2025 को भोपाल में और 12 जनवरी 2025 को राष्ट्रीय युवा उत्सव नई दिल्ली में होना है। इस बार युवा उत्सव का आयोजन सांस्कृतिक और नवाचार थीम पर किया जा रहा है। यह युवा उत्सव युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है अपनी प्रतिभा दिखाने का, चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है। सर्वश्रेष्ठ युवाओं को चयनित करने के लिए अनुभवी निर्णायकों की भी व्यवस्था की गई है।
युवा उत्सव में भाग लेने वाले युवाओं की आयु सीमा 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। युवा उत्सव में आयोजित की जाने वाली विधाओं में भाषण- भारत में आपातकालीन अवधि और संविधान का उल्लंघन और लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा, भाषण प्रतियोगिता हेतु समय 7 मिनट निर्धारित है। प्रत्येक प्रतिभागी को हिंदी और अंग्रेजी में भाषण देने की स्वतंत्रता है। इस हेतु अनुभवी निर्णायक कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे। कहानी लेखन- कहानी लेखन के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 60 मिनट का समय दिया जावेगा, उन्हे कुल 1000 शब्दों में कहानी लेखन करना है। इस हेतु अनुभवी निर्णायक कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे। कविता लेखन- कविता लेखन के लिए 90 मिनट का समय दिया जावेगा। प्रतिभागी को हिंदी और अंग्रेजी में कविता लेखन की स्वतंत्रता है। इस हेतु अनुभवी निर्णायक कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे। पेंटिंग- पेंटिंग प्रतियोगिता का शीर्षक नशा मुक्त युवा और स्वस्थ्य जीवनशैली के लिए युवा निर्धारित किया है। प्रत्येक प्रतिभागी को 90 मिनट का समय मिलेगा, उन्हें ए3 साइज पेपर पर पेंसिल, एक्रेलिक, वाटर और क्रेयॉन कलर उपयोग करने की स्वतंत्रता है। इस हेतु अनुभवी निर्णायकगण कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे। विज्ञान मेला प्रदर्शनी – विज्ञान मेले के लिए इनोवेशन ट्रेक थीम पर आयोजित किया जावेगा। युवाओं को इस हेतु निर्णायकगण कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे। समूह लोकगीत- समूह लोकगीत में कुल प्रतिभागियों की संख्या 10 निर्धारित की गई है। जिसमें संगीतकार भी शामिल है। मौलिक लोकगीत के मंचन हेतु रिकॉर्डेड टैप और म्यूजिक निषेध है। कलाकारों को लाईव गीत और संगीत का प्रदर्शन करना होगा। इस हेतु निर्णायकगण कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे। समूह लोकनृत्य – समूह लोकनृत्य में कुल प्रतिभागियों की संख्या 10 निर्धारित की गई है। जिसमें संगीतकार भी शामिल है। मौलिक लोकगीत के मंचन हेतु रिकॉर्डेड टैप और म्यूजिक निषेध है। कलाकारों को लाईव गीत और संगीत की थाप पर नृत्य का प्रदर्शन करना होगा। इस हेतु निर्णायकगण कुल 100 अंक में से प्रदर्शन के आधार पर मार्किंग करेंगे।
