मंडला, 18 नवंबर 2025
पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट ज़ोन श्री संजय कुमार द्वारा 16 से 18 नवंबर 2025 तक जिला मण्डला पुलिस का तीन दिवसीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था, अनुशासन, कार्यप्रणाली एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन करना रहा।
आईजी श्री कुमार ने थाना बीजाडांडी का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेख, मालखाना, सुरक्षा व्यवस्था आदि का अवलोकन किया गया तथा बलवा ड्रिल प्रैक्टिस कराते हुए स्टाफ को अनुशासन और तत्परता के निर्देश दिए।
द्वितीय दिवस पर आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मण्डला की सभी शाखाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना कोतवाली मण्डला एवं एसडीओपी मंडला कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किया गया।
निरीक्षण के अंतिम दिवस प्रातः रक्षित केन्द्र मण्डला में परेड का आयोजन किया गया, जिसमें परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा आईजी श्री संजय कुमार को सलामी दी गई। उत्कृष्ट वर्दी, अनुशासन एवं श्रेष्ठ प्रदर्शन पर चयनित अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। इसके पश्चात भव्य परेड आयोजित हुई।
परेड उपरांत सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक मण्डला श्री रजत सकलेचा द्वारा आईजी श्री संजय कुमार का स्वागत किया गया। पुलिस कर्मचारियों एवं परिजनों द्वारा विभिन्न समस्याएँ रखी गईं, जिनका आईजी द्वारा नियमानुसार निराकरण किया गया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नक्सल उन्मूलन 2026 के लक्ष्य की दिशा में सतत प्रयास करने, दैनिक व्यायाम, स्वास्थ्य जागरूकता और हेल्दी डाइट अपनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा आईजी को स्मृतिचिह्न प्रदान किया गया। समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मण्डला श्री शिव कुमार वर्मा द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव दिया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी मंडला श्री पीयूष मिश्रा, श्री प्रीतम वालरे, श्री मनीष राज, श्री सौरभ तिवारी, डीएसपी अजाक श्रीमती अर्चना अहीर, डीएसपी महिला सुरक्षा श्री सतीश चतुर्वेदी, सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
