Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा से टाटरी को मिली नई उड़ान प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल एवं मंत्री श्रीमती उइके ने किया उद्घाटन

मंडला, 29 दिसंबर 2025

प्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और एयर कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा का ग्राम पंचायत टाटरी में फीता काटकर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल तथा कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके विशेष रूप से उपस्थित रहे और संयुक्त रूप से सेवा का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा इसी क्रम की एक दूरदर्शी पहल है, जिससे पर्यटकों को त्वरित, सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह नागरिकों के लिए गर्व का विषय है कि प्रदेश में आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उसी प्रेरणा के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को प्रगति की राह पर आगे बढ़ा रहे हैं। जिले में विकास कार्य निरंतर गति से चल रहे हैं। उन्होंने पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदेश सरकार द्वारा एयर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की गई है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील और जनहितकारी सोच का प्रतीक है, जो स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल या बीमार मरीजों को कम समय में बड़े और उच्चस्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाना अब संभव होगा। यह सेवा दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी, जहां से समय पर अस्पताल पहुंचना कठिन होता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा प्रदेश के पर्यटन मानचित्र को और अधिक सशक्त बनाएगी। यह सेवा न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर समुदाय और हर वर्ग के विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाएं प्रारंभ की हैं, जिनका लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा से दुर्गम और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि बचपन में जब आकाश में वायुयान दिखाई देता था, तो उसे देखकर मन में अपार खुशी होती थी। आज वही सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षण केवल एक नई सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास और सपनों के साकार होने का प्रतीक है।

मंत्री श्रीमती उइके ने बताया कि जबलपुर-कान्हा-बांधवगढ़-जबलपुर के लिए पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा प्रारंभ की गई है, जिससे पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हेलीपैड के समीप एक विशेष भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां गोंडी पेंटिंग के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, परंपरा और कला को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने विधायक निधि से 4 लाख रुपये देने की घोषणा की। मंत्री श्रीमती उइके ने गांव की महिलाओं से आह्वान किया कि वे स्थानीय उत्पाद, पारंपरिक भोजन एवं हस्तशिल्प को तैयार कर पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराएं। इससे न केवल क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए आय के नए साधन भी प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा, श्री शैलेष मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शालिनी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा सहित अन्य अनुविभागीय अधिकारी मौजूद थे। अतिथियों द्वारा हेलीपेड का निरीक्षण भी किया गया।

Related posts

प्रधानमंत्री मत्स्य किसान सह समृद्धि योजना के तहत जलीय कृषि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित  

Reva India News

प्लास्टिक कचरे के निपटान के लिए उचित व्यवस्था करें – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने मोहनटोला ट्रेन्चिंग ग्राऊँड का किया दौरा

Reva India News

अर्द्धवार्षिक परीक्षा संख्या तत्काल प्रविष्ट करने के निर्देश

Reva India News

Leave a Comment