Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

टीएल बैठक आयोजित: कलेक्टर ने की गहन समीक्षा, लापरवाही पर नोटिस जारी

मंडला, 23 मार्च 2026

जिला योजना भवन में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों के निराकरण पर जोर दिया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक और समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

फ़रवरी माह की जारी सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में डी-केटेगरी में आने पर अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग सहायक आयुक्त श्रीमती वंदना गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाईन के शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण प्रतिशत में गिरावट आने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. डीजे मोहंती को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि मार्च माह में जिले की रैंकिंग अभी 21वें स्थान पर है, जिसे सुधारने के लिए सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी कार्यालयों को समय पर खोलने और स्टाफ को नियमित रूप से कार्य संचालन सुनिश्चित करने को कहा। कृषि संबंधी कार्यों की समीक्षा में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संत कुमार भलावी ने बताया कि जिले में गेहूं खरीदी का कार्य 7 अप्रैल से प्रारंभ होगा। इसके अलावा सरसों खरीदी 1 अप्रैल से तथा चना एवं मसूर खरीदी 30 मार्च से प्रारंभ होगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इसके लिए गोदाम स्तर पर बनाए जा रहे खरीदी केंद्रों की साफ-सफाई एवं किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम को नियमित निरीक्षण करने के लिए कहा गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एचपीवी वैक्सीनेशन में जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर ने इसे प्रथम स्थान पर लाने के लिए और अधिक प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि इस माह के अंत तक विजन डॉक्यूमेंट का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान एवं संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत वृहद जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और सभी अधिकारी एवं मैदानी अमला फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, समस्त एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

तहसीलदार मण्डला ने लिया गणना पत्रक संकलन के कार्यो का जायजा

Reva India News

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं आमजनों की समस्याएं

Reva India News

30 जनवरी को शहीदों की स्मृति में 2 मिनिट का मौन रखा जाएगा

Reva India News

Leave a Comment