मंडला, 14 अप्रैल 2026
रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बाबा साहब के जीवन, विचारों और उनके योगदान पर प्रेरक उद्बोधन दिया।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि संविधान का शब्दशः पालन ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाबा साहब के प्रसिद्ध कथन “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पियेगा वह दहाड़ेगा” को दोहराया और कहा कि आज आवश्यकता है कि हम इन विचारों को केवल पढ़ें ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में आत्मसात करें।

संघर्ष और संकल्प से मिलती है सफलता
कलेक्टर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों से घबराने के बजाय उन्हें स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कभी हार नहीं मानी और अपने संकल्प के बल पर इतिहास रचा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विदेश में बेहतर अवसर होने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखा।

लोकतंत्र और महिलाओं के सम्मान पर जोर
अपने संबोधन में कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि बाबा साहब द्वारा प्रदत्त संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने उनके विचार को उद्धृत करते हुए कहा कि “किसी भी समाज की प्रगति का आकलन उसकी महिलाओं की स्थिति से किया जा सकता है।” उन्होंने समाज में समानता और अधिकारों के संरक्षण पर बल दिया।

अधिकारियों को दिया संदेश
कलेक्टर श्री धोटे ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंच सके।
स्थानीय रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, प्रबुद्धजन एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का जीवंत आधार है, जो राष्ट्र की एकता और मजबूती को सुनिश्चित करता है।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सोनू भलावी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

संविधान की प्रस्तावना की शपथ
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना ने स्वागत उद्बोधन दिया और उपस्थित सभी लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान पूरे परिसर में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण जोड़ा। मोहगांव के प्रसिद्ध लोक नृतक दल द्वारा प्रस्तुत सैला नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और सजीव प्रस्तुति ने जनजातीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणा के वातावरण में हुआ, जिसमें सभी ने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम ने भी संविधान की प्रस्तावना के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में मंच से विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अखिलेश कछवाहा, श्री जयदत्त झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य जिला अधिकारी कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम के पहले कलेक्टर श्री धोटे ने रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

