Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पहली प्राथमिकता कलेक्टर सिविल हॉस्पिटल नैनपुर का गहन निरीक्षण मरीजों और परिजनों से सीधे रूबरू हुए कलेक्टर; रोगी कल्याण समिति को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

मंडला, 15 अप्रैल 2026

जिले के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने मंगलवार को सिविल हॉस्पिटल नैनपुर का औचक और गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा और स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

हर वार्ड का सूक्ष्म अवलोकन

 

कलेक्टर श्री धोटे ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी और पैथोलॉजी लैब में मरीजों के पंजीयन और जाँच की गति को देखा। एक्स-रे और फिजियोथेरेपी विभाग में मशीनों की कार्यक्षमता और मरीजों को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली। इस वार्ड के प्रभारी को निर्देश दिए कि वार्ड में आयुष विभाग की चिकित्सा पद्धति को भी फ्लेक्स, पोस्टर के माध्यम से प्रचारित करें। इसके साथ ही पुरुष वार्ड में भर्ती मरीजों और एनआरसी में भर्ती बच्चों के उपचार और पोषण आहार की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने यहाँ मौजूद महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि काम के चलते उन्हें दिन भर घर से बाहर रहना पड़ता है। बच्चे परिवार के सदस्यों के साथ रहते है। कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देशित किया कि बच्चों के डिस्चार्ज करने के बाद अभिभावकों को  एक चार्ट तैयार करके दें ताकि घर पर माँ के ना होने पर भी परिवारजन चार्ट के हिसाब से आहार दे सकें। उन्होंने बीएमओ और एसडीएम को रोगी कल्याण समिति को सशक्त बनाने के निर्देश दिए। अस्पताल में आयुष्मान मित्र के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलायें।

मरीजों से जाना हालचाल

 

निरीक्षण की सबसे खास बात कलेक्टर श्री धोटे का मानवीय दृष्टिकोण रहा। उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों और उनके परिजनों से व्यक्तिगत चर्चा की। उन्होंने पूछा कि उन्हें समय पर दवाइयां और भोजन मिल रहा है या नहीं, साथ ही डॉक्टरों के व्यवहार के बारे में भी फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर अस्पताल की छोटी-मोटी समस्याओं को तत्काल हल किया जाए ताकि मरीजों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।

सफाई और अनुशासन पर जोर

 

निरीक्षण के अंत में उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और स्टाफ की समय पर उपस्थिति और अनुशासन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्री आशुतोष ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ श्री विनोद मरावी, बीएमओ डॉ. राजीव चावला सहित अन्य संबंधित चिकित्सक और स्टाफ मौजूद था।

Related posts

स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत 18 से 20 जून तक आयोजित किया जाएगा प्रवेशोत्सव

Reva India News

आमजन को आकाशीय बिजली/बज्रपात से बचाव हेतु सुझाव

Reva India News

सभी जिला अधिकारी दिए गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक पालन करें – सीईओ

Reva India News

Leave a Comment