Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता और सादगी का महोत्सव – सांसद श्री कुलस्ते निवास में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भव्य आयोजन 200 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

मंडला, 22 अप्रैल 2026

जिले के विकासखंड निवास स्थित राजा शंकर शाह, कुँवर रघुनाथ शाह स्टेडियम में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत एक विशाल एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 200 जोड़ों ने विधिवत वैदिक रीति-रिवाज, मंत्रोच्चारण और पारंपरिक विधानों के साथ सात फेरे लेकर अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत की। पूरे परिसर में उल्लास, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्वितीय वातावरण देखने को मिला। यह आयोजन न केवल विवाह संस्कार का उत्सव था, बल्कि सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने विस्तृत और प्रेरक उद्बोधन में कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन भारतीय समाज की आत्मा को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब विवाह समारोहों में अत्यधिक खर्च और दिखावे की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, ऐसे में सामूहिक विवाह सादगी, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को समान अवसर देने का सशक्त प्रयास है। यह आयोजन समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर, सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता को मजबूत करता है।

सांसद श्री कुलस्ते ने नवदंपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से अपील की कि वे आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग के साथ अपने जीवन को आगे बढ़ाएं और समाज के लिए आदर्श स्थापित करें। सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र बेटी इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने समाज से भी आह्वान किया कि वे ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करें और सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को अपनाएं।

समारोह में योजना के अंतर्गत सभी नवविवाहित जोड़ों को उनके नए जीवन की सुखद शुरुआत के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के प्रतीक स्वरूप चेक प्रदान किए गए। निवास विधायक श्री चैन सिंह वरकड़े ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना समाज के कमजोर वर्ग के लिए वरदान साबित हो रही है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा मरकाम एवं पुष्पेंद्र वरकड़े, जनपद पंचायत निवास अध्यक्ष मंजुरानी कुलस्ते, जनपद पंचायत नारायगंज अध्यक्ष श्री आशाराम भारतीय, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता परते, एसडीएम श्री सीएल वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत निवास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related posts

नर्मदा जयंती पर स्थानीय अवकाश रहेगा

Reva India News

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण को सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 90.80 वेटेज स्कोर के लिए मिला प्रशस्ति पत्र  

Reva India News

जलाभिषेक अभियान के तहत गांव-गांव में हुए जल संरक्षण एवं जागरूकता के कार्यक्रम

Reva India News

Leave a Comment