Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

आदि उत्सव में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में पहुंचे राज्यपाल श्री रमेन डेका स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

मंडला, 16 मई 2026

रामनगर में आयोजित भव्य आदि उत्सव के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए मेगा हेल्थ कैंप में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

मेगा हेल्थ कैंप में आम नागरिकों एवं जनजातीय समाज के लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। शिविर में टीबी, शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की जाँच के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लोगों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न जांच केंद्रों का निरीक्षण किया तथा डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से शिविर की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाना अत्यंत आवश्यक है और ऐसे शिविर लोगों को समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज समय की आवश्यकता है। टीबी, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर जनहित और जनस्वास्थ्य की दिशा में सराहनीय प्रयास है।

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने बताया कि आदि उत्सव के माध्यम से केवल संस्कृति और विरासत को ही नहीं, बल्कि जनकल्याण से जुड़े विषयों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। जनजातीय समाज एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ लोगों को टीबी उन्मूलन, मधुमेह नियंत्रण, रक्तचाप संतुलन, पोषण के प्रति जागरूक किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

Related posts

आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

कैबिनेट मंत्री श्रीमती उईके ने की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा समय-सीमा में परियोजनाओं को पूरा करने के दिए निर्देश

Reva India News

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका – राज्यसभा सांसद श्रीमती उईके ’फिट इंडिया फ्रीडम रन’ आयोजित, दिलाई गई शपथ

Reva India News

Leave a Comment