Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

दो दिवसीय आदि उत्सव की तैयारियाँ तेज सांसद श्री कुलस्ते ने किया आयोजन स्थल का निरीक्षण

मंडला, 14 मई 2026

मंडला जिले के रामनगर में आयोजित होने जा रहे 15 मई एवं 16 मई को आदि उत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं। जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गोंडवाना की गौरवशाली विरासत को समर्पित इस महत्वपूर्ण आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान समाजसेवी श्री जयदत्त झा, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एडिशनल एसपी श्री शिव कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान सांसद श्री कुलस्ते और कलेक्टर श्री धोटे ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए बनाए जा रहे परिसर, आगंतुकों की बैठक व्यवस्था, संगोष्ठी स्थल, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि आदि उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध परंपराओं, लोक संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि रामनगर की ऐतिहासिक धरोहरों और गोंडकालीन विरासत से जुड़ा यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आमजन को बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए सभी विभाग समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों एवं दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दो दिवसीय आदि उत्सव में जनजातीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े अनेक आकर्षक आयोजन होंगे। कार्यक्रम में पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत, जनजातीय कला प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं गोंडवाना इतिहास से जुड़ी गतिविधियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही रामनगर स्थित ऐतिहासिक महलों और चौगान मढ़िया की विरासत को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

आदि उत्सव को लेकर स्थानीय लोगों और जनजातीय समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि यह आयोजन सांस्कृतिक गौरव, ऐतिहासिक विरासत और जनजातीय अस्मिता का भव्य प्रतीक बनकर सामने आए।

Related posts

मण्डला विधानसभा के मतदान दलों का तृतीय प्रशिक्षण सम्पन्न

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 11 दिसम्बर 2022

Reva India News

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान 25 मई को, जिलेभर में होंगी गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच

Reva India News

Leave a Comment