मंडला, 8 मई 2026
मुख्यमंत्री की मंशानुसार वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 मई को विकासखंड नारायणगंज के ग्राम पंचायत बबलिया में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए समृद्ध किसान एवं समृद्ध प्रदेश की अवधारणा पर चर्चा की गई।
कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती रेखा परस्ते ने किसानों को एम.पी. किसान ऐप के माध्यम से ई-टोकन बुकिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही बताया कि ई-टोकन बुक करने के लिए फार्मर आईडी होना अनिवार्य है। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें पटवारी एवं सर्वेयर से संपर्क कर आईडी बनवाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में नरवाई प्रबंधन को लेकर भी किसानों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नरवाई जलाने पर शासन द्वारा जुर्माने का प्रावधान किया गया है। 2 एकड़ तक 2500 रुपये, 2 से 5 एकड़ तक 5000 रुपये तथा 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 15000 रुपये तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।
विकासखंड निवास के ग्राम पंचायत सिंगारपुर में भी कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई। कृषि विस्तार अधिकारी श्री रविन्द्र मरावी ने किसानों से खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर चर्चा की। इस दौरान बीज भंडारण, खेतों की साफ-सफाई, उर्वरक भंडारण, मृदा नमूना परीक्षण एवं प्राकृतिक खेती के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
