Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 24 जून 2026

बेसहारा एवं बाल भिक्षावृत्ति से जुड़े बच्चों के परिवारों की प्रोफाइल तैयार करें: कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे

बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में बच्चों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर

मंडला, 24 जून 2026

            कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

      कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निर्देशित किया कि समिति के समक्ष आने वाले सभी बेसहारा, निराश्रित एवं बाल भिक्षावृत्ति से जुड़े बच्चों के परिवारों की विस्तृत प्रोफाइल तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

      कलेक्टर श्री धोटे ने नगर में संचालित बाल गृहों के नियमित निरीक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि वहाँ निवासरत बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समग्र विकास से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बच्चों के लिए सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

      बैठक में उप संचालक सामाजिक न्याय श्री रोहित बड़कुल ने मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

      कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बाल संरक्षण और टीनएज प्रेग्नेंसी जैसी समस्याएं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील विषय हैं। इनकी रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित एवं गंभीर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

      बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानन नाफड़े, जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र गुप्ता, जिला किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य डॉ. रेखा चौरसिया एवं डॉ. सरिता अग्निहोत्री सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

माँ की जागरूकता और एनआरसी की देखभाल से स्वस्थ हुई नन्हीं कीर्ति

मंडला, 24 जून 2026

            ग्राम छपारा, विकासखंड नारायणगंज की रहने वाली 6 माह की नन्हीं कीर्ति उरेती के परिवार के लिए पिछले कुछ महीनों से चिंता का विषय उसका कमजोर स्वास्थ्य था। पर्याप्त पोषण नहीं मिलने के कारण कीर्ति का वजन उसकी उम्र के अनुसार काफी कम था और वह अति कुपोषण की श्रेणी में पहुंच गई थी।

            23 मई को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सलाह पर कीर्ति को जिला चिकित्सालय मंडला स्थित पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) में भर्ती कराया गया। भर्ती के समय उसका वजन मात्र 3.615 किलोग्राम था। चिकित्सकों द्वारा जाँच के दौरान पता चला कि बच्ची को पर्याप्त स्तनपान नहीं मिल पा रहा था, जिसके कारण उसका शारीरिक विकास प्रभावित हो रहा था।

            एनआरसी में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने बच्ची की नियमित निगरानी की। साथ ही उसकी मां श्रीमती सुकमती उरेती को सही तरीके से स्तनपान कराने, शिशु की देखभाल और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कंगारू मदर केयर के माध्यम से बच्ची को आवश्यक गर्माहट और सुरक्षा भी प्रदान की गई।

            एनआरसी प्रभारी डॉ. कमलेश एवं उनकी टीम के मार्गदर्शन में कीर्ति का उपचार जारी रहा। फीडिंग डेमॉन्स्ट्रेटर श्रीमती रश्मि वर्मा ने मां को शिशु पोषण और पूरक आहार के बारे में विस्तार से समझाया। धीरे-धीरे बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार दिखाई देने लगा और उसका वजन बढ़ने लगा।

            लगातार 14 दिनों की देखभाल, उपचार और उचित पोषण के बाद कीर्ति का वजन बढ़कर 3.990 किलोग्राम हो गया। अब वह स्वस्थ है और उसकी मां उसे सही तरीके से स्तनपान करा रही हैं। स्वस्थ होने के बाद कीर्ति को घर भेज दिया गया।

            कीर्ति की मां सुकमती उरेती ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि एनआरसी के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उनकी बच्ची की बहुत अच्छी देखभाल की। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन और अस्पताल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

            कीर्ति की यह कहानी बताती है कि समय पर पहचान, उचित उपचार, माताओं की काउंसलिंग और पोषण संबंधी सही जानकारी से कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है तथा बच्चों को स्वस्थ जीवन की नई शुरुआत दी जा सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कृषि विभाग ने किसानों को जारी की मौसम आधारित फसल प्रबंधन सलाह

मंडला, 24 जून 2026

            कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए मौसम आधारित फसल प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण सलाह जारी की गई है। विभाग ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आगामी दिनों में वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसे में खरीफ फसलों की बुवाई एवं फसल प्रबंधन कार्य वैज्ञानिक तरीके से करने की आवश्यकता है।

            कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि धान, मक्का, सोयाबीन, तिल, मूंग, उड़द तथा अन्य खरीफ फसलों की बुवाई अनुशंसित किस्मों एवं निर्धारित तकनीकों के अनुसार करें। पर्याप्त नमी उपलब्ध होने पर ही बुवाई कार्य प्रारंभ करें तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखें।

            विभाग ने किसानों से कहा है कि खेतों में खरपतवार नियंत्रण, बीज उपचार तथा संतुलित उर्वरक उपयोग पर विशेष ध्यान दें। फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार के प्रकोप की स्थिति में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क कर आवश्यक सलाह प्राप्त करें।

            कृषि विभाग ने किसानों को मौसम पूर्वानुमान के आधार पर कृषि कार्यों की योजना बनाने तथा नवीन कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का आग्रह किया है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे कृषि विभाग द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली सलाह एवं निर्देशों का पालन करें, जिससे खरीफ फसलों का बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

 

 

 

 

 

28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान

0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी कीखुराक

मंडला, 24 जून 2026

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बताया कि भारत वर्ष पिछले 15 वर्षों से पोलियो मुक्त है, जो स्वास्थ्य विभाग और आमजन के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। हालांकि विश्व के कुछ देशों में अभी भी वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण मौजूद है, जिसके कारण पोलियो की पुनः वापसी की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा ’’राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान’’ का आयोजन 28 से 30 जून तक किया जा रहा है।

            अभियान के प्रथम दिवस 28 जून पोलियो रविवार को जिलेभर में स्थापित पोलियो बूथों पर प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके।

            जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वाय.के. झारिया ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में कुल 1,10,615 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,289 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 295 बी-टाइप एवं 994 सी-टाइप टीमें शामिल हैं। साथ ही 67 ट्रांजिट बूथ और 36 मोबाइल टीमों की भी व्यवस्था की गई है।

            स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

30 बीसी सखियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों तक पहुंचेंगी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं

मंडला, 24 जून 2026

            मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के मध्य हुए एमओयू के तहत चयनित बीसी सखियों के लिए जिला पंचायत मंडला स्थित आजीविका मिशन के जिला कार्यालय में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

            कार्यक्रम में 30 बीसी सखियों को आईपीपीबी की कार्यप्रणाली, सेवाओं एवं डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बीसी सखियाँ ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुँचकर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराएंगी तथा ग्रामीणों को डिजिटल लेनदेन के प्रति जागरूक करेंगी। इससे ग्रामीणों को बैंक शाखाओं तक पहुंचने में लगने वाले समय और खर्च से राहत मिलेगी।

            बीसी सखियाँ ऑनलाइन खाता खोलने, बीमा सेवाएं उपलब्ध कराने, आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (एईपीएस) के माध्यम से नकद निकासी, बिजली बिल भुगतान, मोबाइल एवं डीटीएच रिचार्ज सहित विभिन्न डिजिटल सेवाएं ग्रामीणों तक पहुंचाएंगी। इन सेवाओं के संचालन के लिए बीसी सखियों की आईडी तैयार की जाएगी।

            उन्मुखीकरण कार्यक्रम के दौरान मिशन द्वारा आईपीपीबी के साथ इंडिविजुअल बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (आईबीसी) के रूप में कार्य करने हेतु 30 में से 26 बीसी सखियों का ऑनबोर्डिंग किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधन इकाई मंडला के जिला परियोजना प्रबंधक श्री भगवानदास भैंसारे, जिला प्रबंधक सूक्ष्म वित्त श्रीमती सीमा झारिया तथा आईपीपीबी से सुश्री श्रुति चौरसिया (एक्जीक्यूटिव) एवं श्री रितेश जंघेला (उड़ान एक्जीक्यूटिव) उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 55 लीटर कच्ची मदिरा एवं 1300 किलो महुआ लाहन नष्ट

मंडला, 24 जून 2026

            कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में जिला आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए अंजनिया क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी मंडला एवं प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली सैयाम के मार्गदर्शन में 22 जून को मंडला वृत्त की टीम ने मांद तालाब के किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर दबिश दी।

            कार्रवाई के दौरान पांच अवैध अड्डों से लगभग ’’55 लीटर हाथ भट्टी कच्ची मदिरा’’ बरामद की गई। साथ ही शराब निर्माण के लिए उपयोग किए जा रहे ’’130 प्लास्टिक डिब्बों में भरा लगभग 1300 किलोग्राम महुआ लाहन’’ भी पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर नष्ट कर दिया गया। आबकारी अमले को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

            विभाग द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध ’’मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम’’ के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। जब्त मदिरा एवं नष्ट किए गए महुआ लाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।

            इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री सर्वेश नागवंशी, प्रधान आरक्षक श्री दुर्जन कुलेश तथा आरक्षक श्री विजय कमलेश, श्री सत्यपाल मरावी, श्री नेतराम ककोटिया, श्री रघुनाथ उइके, श्री महेश पटेल एवं श्रीमती शकुंतला सैयाम सहित आबकारी विभाग का अमला उपस्थित रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मंडला के गाँवों और हाट-बाजारों में वित्तीय साक्षरता अभियान शुरू

मंडला, 24 जून 2026

            भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के निर्देशानुसार एवं सेंट्रल बैंक मंडला के सहयोग से समर्पित संस्था द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक वित्तीय साक्षरता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संस्था के प्रतिनिधि गाँव-गाँव और हाट-बाजारों में पहुँचकर लोगों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन तथा वित्तीय सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दे रहे हैं।

            यह अभियान डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर श्रीमती लक्ष्मी पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में ब्लॉक काउंसलर श्रीमती स्वाति सोनी, नाजिम शाही, श्री शिवप्रसाद नंदा एवं श्री मनीष सिंगौर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

            अभियान के दौरान ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग, साइबर एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, बैंक खातों के महत्व तथा विभिन्न बचत एवं निवेश योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही लोगों को ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल बैंक अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

            संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि वित्तीय साक्षरता से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। अभियान के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचकर उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय मंडला में पहली बार हुई जटिल कूल्हे की सफल सर्जरी

सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को मिला जिले में ही उन्नत उपचार, सामान्य जीवन की ओर लौटा करण

मंडला, 24 जून 2026

            मंडला जिला चिकित्सालय ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार अत्यंत जटिल एसीटाबुलम (कूल्हे के जोड़) फ्रैक्चर एवं हिप डिसलोकेशन की सफल सर्जरी कर एक युवा मरीज को नया जीवन देने का कार्य किया है।

            मंडला जिले के 21 वर्षीय करण बंजारा 16 जून को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्रारंभिक उपचार के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल जिला चिकित्सालय मंडला रेफर किया गया।

            जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई जांच में पाया गया कि करण के कूल्हे के जोड़ (एसीटाबुलम) की पोस्टेरियर वॉल में गंभीर फ्रैक्चर था तथा हिप जॉइंट का पोस्टेरियर डिसलोकेशन भी हो गया था। यह अत्यंत जटिल और चुनौतीपूर्ण चोट मानी जाती है, जिसके उपचार के लिए सामान्यतः मरीजों को बड़े शहरों के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में भेजना पड़ता है।

            दुर्घटना के बाद करण और उनके परिजन उपचार को लेकर चिंतित थे। उन्हें आशंका थी कि बेहतर इलाज के लिए जिले से बाहर जाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक और मानसिक परेशानियाँ बढ़ सकती थीं। ऐसे समय में जिला चिकित्सालय मंडला के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्थानीय स्तर पर ही जटिल सर्जरी करने का निर्णय लिया।

            अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. हेमेन्द्र चौहान, डॉ. अनिल करपेटी एवं डॉ. अविनाश खरे की टीम ने निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण उइके एवं डॉ. सोनम चौरसिया के सहयोग से सफलतापूर्वक ऑपरेशन संपन्न किया। तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण इस सर्जरी में टूटे हुए हड्डी के हिस्सों को उनकी मूल स्थिति में स्थापित कर कूल्हे के जोड़ की स्थिरता बहाल की गई।

            सफल ऑपरेशन के बाद करण का स्वास्थ्य लगातार बेहतर हो रहा है और वह तेजी से सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। करण एवं उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय मंडला की पूरी चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने ही जिले में उच्च स्तरीय उपचार मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

            यह सफलता केवल एक मरीज के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मंडला जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ती विशेषज्ञता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकों की दक्षता का भी प्रतीक है। जिला चिकित्सालय मंडला में पहली बार इस प्रकार की जटिल एसीटाबुलम सर्जरी का सफल संचालन यह साबित करता है कि अब जिले के गंभीर ट्रॉमा एवं अस्थि रोगियों को भी स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण और उन्नत उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आईटीआई में प्रवेश के लिए पंजीयन/संशोधन की अंतिम तिथि 30 जून, युवाओं से अवसर का लाभ लेने की अपील

मंडला, 24 जून 2026

            शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) मंडला द्वारा युवाओं के लिए प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। संस्था ने बताया है कि समस्त शासकीय आईटीआई में संचालित ’’एनसीवीटी/एससीवीटी पाठ्यक्रमों’’ में प्रवेश के लिए पंजीयन एवं पंजीयन में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थियों के पास आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं।

            संस्था ने युवाओं से अपील की है कि जो विद्यार्थी आईटीआई में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे विभागीय डीएसडी पोर्टल www.dsd.mp.gov.in अथवा अपने निकटतम आईटीआई से संपर्क कर समय रहते पंजीयन कराएं।

            आईटीआई प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष महिलाओं के लिए सभी व्यवसायों में 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। साथ ही आईटीआई में स्थापित ’’हेल्प डेस्क’’ के माध्यम से पंजीयन एवं प्रवेश संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

            प्राचार्य सुश्री मनीषा भूरिया ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी निकटतम शासकीय आईटीआई में स्थापित हेल्प डेस्क पर स्वयं उपस्थित होकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा पंजीयन फॉर्म भर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर ’’8718878097, 9407068737 एवं 7697653651’’ पर संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, डंपर जब्त

मंडला, 24 जून 2026

            खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए कलेक्टर मंडला के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायतों के आधार पर 23 जून को नैनपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त एक डंपर वाहन क्रमांक एमपी 22 एच 3978 को खनिज विभाग की टीम द्वारा जब्त किया गया।

            प्रभारी अधिकारी (खनिज) ने बताया कि जब्त वाहन को शासकीय अभिरक्षा में रखते हुए संबंधित थाना/चौकी नैनपुर की सुपुर्दगी में दिया गया है। मामले में ’’मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022’’ के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

            खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खनिज निरीक्षक एवं खनिज अमले द्वारा की गई।

Related posts

एक बगिया माँ के नाम योजना अंतर्गत कृषि सखियों को दिया गया प्रशिक्षण

Reva India News

बच्चों के साथ मनाई गई नए सपनों की शुभ दीपावली

Reva India News

मण्डला गॉट टेलेंट: जिले की उभरती प्रतिभाओं का रंगारंग प्रदर्शन सिंगिंग में जोशनी और डांसिंग में सौम्या बनी चैंपियन ज्ञानदीप स्कूल परिसर में हुआ मण्डला गॉट टैलेंट का ग्रैंड फिनाले जिले की प्रतिभाओं को मिला मंच, 10-10 फाइनलिस्ट प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

Reva India News

Leave a Comment